
Harda Woman Body Found: मध्यप्रदेश के हरदा में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मिर्जापुर में एक 22 वर्षीय महिला का शव जंगल में मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने शव को देखा और पुलिस को सूचना दी, इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। महिला की शिनाख्त शिवानी चौहान के तौर पर हुई है जो कि रहटगांव थाना क्षेत्र के फुलड़ी गांव की रहने वाली थी और 13 नवंबर से लापता थी।
पुलिस ने बताया कि गुरुवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि मिर्जापुर के पास जंगल में एक महिला का शव है। पुलिस सूचना पर मौके पर पहुंची और पेड़ से महिला के शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जांच में महिला की पहचान शिवानी चौहान के तौर पर हुई है। शिवानी 13 नवंबर को घर से लापता थी और उसकी गुमशुदगी परिजनों ने पुलिस में दर्ज कराई थी। अंदेशा जताया जा रहा है कि शव तीन से चार दिन पुराना है।
जानकारी के मुताबिक शिवानी की शादी साल 2019 में फुलड़ी गांव में रहने वाले राकेश सिंह चौहान के साथ हुई थी। पति राकेश सिंह ने पुलिस को बताया है कि 13 नवंबर को शिवानी घर से मायके जाने का कहकर निकली थी। वो अपना मोबाइल भी ससुराल में ही छोड़कर गई थी, जब वो काफी वक्त बाद तक मायके नहीं पहुंची तो उसकी हर जगह तलाश की। कहीं पता न चलने पर पुलिस में शिवानी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने गुरुवार को ही शिवानी का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव मायके व ससुराल पक्ष के लोगों को सौंप दिया। शिवानी की मौत के बाद उसके ससुराल और मायके पक्ष में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच करने की बात कह रही है।