हरदोई

CMO और MLA विवाद ने पकड़ा तूल, स्वास्थ्यकर्मी बोले- माफी मांगें भाजपा विधायक, गुस्से में भाजपाई

सीएमओ के समर्थन में स्वास्थ्यकर्मियों की हड़ताल के चलते हरदोई जिले की स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं, देखें वीडियो

2 min read
Dec 19, 2017
CMO Hardoi and BJP MLA Ashish Singh vivad

हरदोई. भाजपा विधायक पर सीएमओ को बंधक बनाने का आरोप लगाकर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी है। स्वास्थ्यकर्मियों की हड़ताल का खामियाजा दूर दराज से इलाज के लिए जिला अस्पताल आये मरीजों को झेलना पड़ रहा है। सभी कर्मियों ने पूरी तरह से ओपीडी को बंद कर रखा है, जिस कारण मरीज और तीमारदार अस्पताल में इधर-उधर भटकते दिखे। वहीं, अपनी ही सरकार में खुद को CMO द्वारा बंधक बनाने का आरोप लगा चुके BJP MLA आशीष सिंह के समर्थक और BJP कार्यकर्ताओं में मामले को लेकर रोष है।

बिलग्राम-मल्लावां विधायक आशीष सिंह के समर्थकों का कहना है कि सीएमओ पर कार्यवाही होनी चाहिए। यह हड़ताल पब्लिक के साथ धोखा और पब्लिक को परेशान कर सरकार पर दवाब बनाने की कोशिश है।

यह था पूरा मामला
बिलग्राम-मल्लावां क्षेत्र से विधायक आशीष सिंह 'आशु' एक एएनएम के ट्रांसफर और पोस्टिंग को लेकर CMO के पास गए थे। आरोप है कि CMO ने जब सिफारिश नहीं मानी तो BJP MLA ने गाली-गलौच करते हुए सीएमओ पीएन चतुर्वेदी को उन्हीं के ऑफिस में बंधक बना लिया, जबकि BJP MLA खुद को बंधक बनाने और अपनी ही सरकार में विवश हो जाने की बात कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीएमओ के कहने पर कर्मचारियों ने ऑफिस के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया था।

स्वास्थ्यकर्मियों का अल्टीमेटम, माफी मांगें भाजपा विधायक
स्वास्थ्य विभाग के संगठनों ने विधायक के द्वारा सीएमओ से माफी मांगने को लेकर हड़ताल करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्वास्थ्य कर्मियों ने विधायक आशु को अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि विधायक अपनी गलती को स्वीकार कर सीएमओ पीएन चतुर्वेदी से माफी मांगें, नहीं तो इमरजेंसी और पोस्मार्टम हाउस की सेवाओं को भी बन्द कर दिया जाएगा।

जिले की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित, मरीज परेशान
अब यह विवाद पब्लिक के लिए भारी पड़ रहा है, क्योंकि हड़ताल से स्वास्थ सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। अस्पताल की ओपीडी बन्द होने के कारण मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

वीडियो में देखें- स्वास्थ्यकर्मियों ने ऐसे किया प्रदर्शन, ठप रखीं स्वास्थ्य सेवाएं...

Published on:
19 Dec 2017 10:21 am