हरदोई

VIDEO : दबंगों ने मां-बेटे को छत से फेंका, एसपी बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई

हरदोई जिले की शहर कोतवाली क्षेत्र का मामला, जिला अस्पताल में मां-बेटों का चल रहा इलाज
2 min read
Dec 13, 2017
sp vipin mishra

हरदोई. योगी सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर कर रही है कि महिलाओं के प्रति बढ़ रहे अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके, लेकिन फिर भी दबंगों के बुलन्द हौसलों के सामने सरकार के नियम-कायदे कानून बौने साबित हो रहे हैं।

ताजा मामला जनपद हरदोई की कोतवाली शहर के सिनेमा रोड का है। जहां रहने वाली रेखा निगम 40 वर्ष व पुत्र शैलेन्द्र निगम 15 वर्ष को जमीनी विवाद को लेकर पड़ोस में रहने वाले राजा, अनुराग, राजेन्द्र, भोलू और अनुपम ने दबंगई की सारी हदें पार कर दीं। विवाद के दौरान दबंगों ने रेखा व उसके पुत्र को पिटाई के बाद छत से नीचे फेंक दिया।

पीड़ित महिला ने कई बार पुलिस को फोन किया, मगर कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद महिला के परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर मामला दर्ज कराया। पुलिस ने दोनों को इलाज के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के मुताबिक, मामला तब का है जब रेखा के पति ने अपनी दुकान विपक्ष के अनुराग रस्तोगी को बेची थी। उसी दुकान के ऊपर रेखा पिछले 14 वर्षों से निवास करती है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि दबंगो ने ये दूकान के ऊपर की जगह पर अपना हक़ जताया और कब्ज़ा करने के इरादे से हमला बोल दिया। पीड़ित रेखा ने बताया की बैनामे में इस बात का कहीं भी जिक्र नहीं है कि दुकान के ऊपर की जगह उनकी है। मेरे पति ने इन्हें सिर्फ दुकान बेची थी। मगर सत्ता की हनक में चूर इन आरोपियों ने निर्दयता की सारी हदें पार कर दी। आरोप है कि आरोपियों ने पहले महिला के घर में घुस कर उसकी व उसके बेटे की जम कर पिटाई की और फिर उनको छत से नीचे फेंक दिया।

चंद कदमों की दूरी, फिर भी नहीं पहुंच पाई पुलिस
महिला ने ऐसे ही आरोप लगाकर उपरोक्त आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला ने बताया की घर से चंद कदमों की दूरी पर ही चौकी और कोतवाली होने के बाद भी पुलिस समय से नहीं पहुंची, जबकि लोगों ने तुरंत ही पुलिस को फोन किया था।

पुलिस अधीक्षक बोले- मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक बिपिन कुमार मिश्रा हरदोई ने कहा कि महिला पक्ष दी गई तहरीर के आधार पर जांच के बाद व मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही।

देखें वीडियो-

Published on:
13 Dec 2017 10:00 am