
हरदोई. निकाय चुनाव की मतगणना शुरू हो गई है। मत पेटिकाएं खुलनी शुरू हो गई हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना चल रही है। आज जिले में 7 नगर पालिका एवं 6 नगर पंचायतों के 13 अध्यक्ष पदों के लिए व 243 सभासदों के पदों के लिए 1376 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला खुलेगा। हरदोई में प्रथम चरण की मतगणना के बाद हरदोई सदर सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सुखसागर मिश्र करीब 500 से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं। संडीला से सपा प्रत्याशी रईस अंसारी आगे चल रहे हैं। माधौगंज और शाहबाद से बसपा प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। शुरुआती रुझान में जिले के भाजपा प्रत्याशी काफी पीछे चल रहे हैं। भाजपा कैंडिडेट्स को जिताने के लिए खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनावी जनसभा को संबोधित कर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में वोट मांगे थे।
निकाय चुनाव में सत्तारूढ़ दल भाजपा ने जिले में मिशन 13 यानी 7 नगर पालिकाओं एवं 6 नगर पंचायतों में भगवा रंग फहराने के लिए पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ा और हर स्तर पर अपनी चुनावी रणनीति को लगातार मजबूत किया। इस क्रम में भाजपा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की हरदोई में चुनावी सभा भी आयोजित कराई थी। निकाय चुनाव में मिशन 13 फतेह होने को लेकर भाजपा के भाग्य का पिटारा भी मतगणना पूरी होने के बाद सभी के सामने खुल जाएगा। वहीं, भाजपा के मिशन 13 को फेल करने में जुटी मुख्य विपक्षी पार्टी सपा ने भी कई स्थानों पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद राज्यसभा नरेश अग्रवाल के सहारे पूरे चुनाव को मजबूती के साथ लड़ा।
पोस्टल बैलट की गिनती में भाजपा अव्वल
प्रदेश के सोलह नगर निगमों में पोस्टल बैलट की गिनती में सभी 16 नगर निगम में भाजपा ही आगे रही। इलाहाबाद में अभिलाषा गुप्ता, कानपुर में प्रमिला पाण्डेय, लखनऊ में संयुक्ता भाटिया , अलीगढ़ में राजीव अग्रवाल, मुरादाबाद में विनोद अग्रवाल, वाराणसी में मृदुला जायसवाल और गोरखपुर में सीताराम जायसवाल को पोस्टर बैलट के मतों में 70 फीसदी से ज्यादा मत हासिल हुए। पोस्टल बैलट की लड़ाई में भाजपा की जीत को सरकारी कर्मचारियों के बीच भाजपा की स्वीकार्यता के रूप में देखा गया है।
79113 नेताओं का भाग्य तय करेगा यूपी की सियासत
निकाय चुनावों में 16 नगर निगम समेत 198 नगर पालिका परिषद और 438 नगर पंचायतों के प्रमुखों के साथ-साथ पार्षदों/सभासदों के पदों के नतीजे यूपी की सियासत की दिशा तय करेंगे। निकाय चुनावों ने लोकसभा और विधानसभा चुनावों में चारो खाने चित हुई बसपा और पार्टी सुप्रीमो मायावती को नई ऊर्जा से लबरेज किया है। तीन चरणों में हुए निकाय चुनावों में कुल 79,113 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे। मतगणना सभी 75 जिलों के 334 केंद्रों पर जारी है। गौरतलब है कि तीन चरणों की वोटिंग में कुल मिलाकर 52.50 फीसदी मतदान हुआ था।
11200 टेबल पर 56 हजार कर्मचारी
राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनावी नतीजों को जल्द सामने लाने के लिए पुख्ता इंतजार किए हैं। प्रदेश के 334 मतगणना स्थानों पर 11,200 टेबल पर 56 हजार कर्मचारी मुस्तैद किए गए हैं। मेयर और अध्यक्ष पद के लिए 6 हजार मतगणना टेबल, जबकि पार्षद और सभासदों के पदों के लिए 5,200 टेबल पर गिनती जारी है। चुनाव के नतीजे मतगणनास्थल से ही आयोग की वेबसाइट (http://sec.up.nic.in) पर अपलोड करने की व्यवस्था है। इसके बाद आयोग की वेबसाइड से प्रमाणपत्र की कॉपी निकालकर आरओ की हस्ताक्षर के बाद वापस वेबसाइट पर स्कैन करके अपलोड करने का इंतजाम पहली मर्तबा हुआ है। मतगणना पर नजर रखने के लिए सभी मतगणना केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही वेबकास्टिंग कराई जा रही है।
वेबसाइट व मोबाइल एप से मिलेंगे सभी नतीजे
राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट (http://sec.up.nic.in) पर रिजल्ट लाइव देखने की सुविधा भी मिली। इसके अलावा स्टेट इलेक्शन कमीशन यूपी नाम से मोबाइल एप के जरिये भी परिणाम उपल्बध रहे। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर पार्टी आधारित रिजल्ट के साथ-साथ डैशबोर्ड पर 75 जिलों के पदों का विवरण भी मुहैया मिला। गौरतलब है कि पहले चरण में 52.59 फीसदी, दूसरे चरण में 49.30प्रतिशत और तीसरे चरण में 58.72 मतदान हुआ था।