हाथरस

हाथरस में मासूम की मौत के बाद सड़कों पर उतरा जनसैलाब, थाने पर पथराव; पुलिस को भागकर बचानी पड़ी जान

Hathras News: हाथरस के मुरसान कस्बे में सड़क हादसे में 2 साल के मासूम की मौत के बाद हालात बेकाबू हो गए। गुस्साई भीड़ ने हाईवे जाम किया और थाने पर पथराव किया, जिससे कई लोग घायल हुए।

2 min read
Feb 08, 2026
हाथरस में मासूम की मौत के बाद सड़कों पर उतरा जनसैलाब | Image Video Grab

Child death police station stone pelting Hathras: हाथरस जिले के मुरसान कस्बे में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 2 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने घर के बाहर खेल रहे बच्चे को कुचल दिया। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में मामला कानून-व्यवस्था की बड़ी चुनौती बन गया।

ये भी पढ़ें

ब्रजेश पाठक बोले- यूपी अब बीमारू नहीं, विकास और सुरक्षा का मॉडल बना प्रदेश; 2027 में फिर बनेगी भाजपा सरकार

इलाज के लिए भटके परिजन

हादसे के तुरंत बाद परिजन गंभीर रूप से घायल बच्चे को हाथरस के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे बागला जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेजा, लेकिन अलीगढ़ पहुंचने से पहले ही बच्चे ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

कोतवाली पर उमड़ी भीड़

बच्चे की मौत से आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मुरसान कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने कार चालक और उसमें सवार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। देखते-ही-देखते भीड़ ने मथुरा-बरेली हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

आरोपियों को हमारे हवाले करो

प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग थी कि हादसे के जिम्मेदार आरोपियों को पुलिस उनके हवाले करे। इसी मांग को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को समझाने की कोशिश की, लेकिन आक्रोश कम होने के बजाय और भड़क गया।

धक्का-मुक्की से पथराव तक पहुंचा मामला

नोकझोंक के बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई और फिर हालात बेकाबू हो गए। आक्रोशित लोग थाने के सामने मौजूद रेलवे ट्रैक पर पहुंचे और वहां से पत्थर उठाकर मुरसान कोतवाली पर जबरदस्त पथराव शुरू कर दिया। करीब 15 मिनट तक लगातार पथराव हुआ, जिससे थाने का बोर्ड टूट गया और अंदर खड़ी कई सरकारी गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।

पुलिसकर्मियों ने भागकर बचाई जान

पथराव इतना उग्र था कि थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना पड़ा। अचानक हुए इस हमले से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना में कुछ पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग घायल हुए, जिनमें मुरसान नगर पंचायत अध्यक्ष देशराज सिंह भी शामिल हैं।

कई थानों की फोर्स, लाठीचार्ज से काबू

स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही 6 थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने लाठी फटकार कर भीड़ को खदेड़ा और हालात पर काबू पाया। करीब डेढ़ घंटे बाद हाईवे से जाम हटाया जा सका और यातायात बहाल हुआ।

हिरासत में चालक, वाहन जब्त

मुरसान कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप गिरी ने बताया कि हादसे में शामिल अर्टिगा कार के चालक सहित दो लोगों को हिरासत में ले लिया गया है और वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।

उपद्रवियों पर मुकदमा, गिरफ्तारी शुरू

थाने पर पथराव और सड़क जाम करने के मामले में पुलिस ने अज्ञात और चिन्हित उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि अब तक 3 उपद्रवियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य की तलाश जारी है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने मृत बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि दोबारा कोई अप्रिय स्थिति न बने। फिलहाल हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं।

Also Read
View All

अगली खबर