
Hathras Fire Incident: हाथरस के सादाबाद में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में बुजुर्ग पति-पत्नी की जिंदा जलकर मौत हो गई। दोनों घर में सो रहे थे, तभी रात करीब 2 बजे अचानक मकान में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि बुजुर्ग दंपती को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के समय घर में दोनों अकेले थे। उनका छोटा बेटा परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए गया हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस, दमकल और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों की जान जा चुकी थी।
यह घटना सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कहारान की है। यहां रहने वाले शहजाद (71) कपड़ों की सिलाई का काम करते थे। वह अपनी पत्नी सलमा बेगम (65) के साथ मकान में रहते थे। रोजाना की तरह बुधवार रात भी दोनों ने खाना खाया और सोने चले गए।
दंपती का छोटा बेटा भी उनके साथ रहता था, लेकिन बुधवार को वह अपने परिवार के साथ ससुराल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था। परिवार के अन्य बच्चे अलग रहते हैं। इस वजह से हादसे के समय मकान में सिर्फ शहजाद और उनकी पत्नी सलमा बेगम मौजूद थे।
रात करीब 2 बजे अज्ञात कारणों से मकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। रात का समय होने और दोनों के सो रहे होने के कारण उन्हें आग लगने का पता चलने में देर हुई। जब तक वह कुछ समझ पाते, आग काफी फैल चुकी थी। दोनों को घर से बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और आग में जलकर उनकी मौत हो गई।
मकान में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ को भी बुलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। एसडीआरएफ अधिकारी रजत कुमार ने बताया कि उनकी टीम की ड्यूटी वृंदावन में थी। सादाबाद में मकान में आग लगने की सूचना मिलते ही वह जवानों के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कराया।
पुलिस ने बुजुर्ग दंपती के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मकान में आग लगने की वजह का पता लगाया जा रहा है। इस हादसे में शहजाद और सलमा बेगम की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।