
BJP Minister Yatendra Sharma Sasni Visit: उत्तर प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश मंत्री यतेन्द्र शर्मा पदभार संभालने के बाद पहली बार अपने पैतृक आवास सासनी पहुंचे। इस दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। हालांकि, उनके भव्य स्वागत से कहीं ज्यादा चर्चा उनके सफर करने के तरीके को लेकर रही।
आमतौर पर राजनीतिक पदों पर नियुक्ति के बाद नेताओं के गृह जनपद आगमन पर गाड़ियों का लंबा काफिला और शक्ति प्रदर्शन देखने को मिलता है। इसके उलट, यतेन्द्र शर्मा ने गाजियाबाद से सासनी तक का सफर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की सरकारी बस से तय किया।
शर्मा के इस कदम ने स्थानीय कार्यकर्ताओं को चौंका दिया, क्योंकि उनके स्वागत के लिए गाड़ियों के बड़े काफिले और भव्य तैयारियों की व्यवस्था की गई थी। सरकारी बस से आने के कारण जनता में उत्सुकता का माहौल बन गया। कई लोगों ने इसे सादगी और जनसामान्य से जुड़ाव का प्रतीक बताया। वहीं, सोशल मीडिया पर भी उनके इस कदम की चर्चा शुरू हो गई।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ईंधन की बचत और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की वकालत करते हुए अपने काफिले की गाड़ियों को कम किया है। यतेन्द्र शर्मा के इस कदम को भी इसी दिशा में एक प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
उत्तर प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश मंत्री यतेन्द्र शर्मा के बचपन के मित्र अरविंद तोमर ने बताया कि मीडिया जगत में बड़े पदों पर रहने के दौरान भी यतेन्द्र अक्सर ट्रेन और सरकारी बस से ही सासनी-हाथरस आया करते थे।
सासनी पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस मौके पर आभार व्यक्त करते हुए यतेन्द्र शर्मा ने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, वे उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनके लिए पद से कहीं अधिक महत्वपूर्ण संगठन, कार्यकर्ता और जनता का विश्वास है।