Belly Fat Risks: क्या आपकी कमर बढ़ रही है? जानिए पेट की चर्बी के कारण, इसके खतरनाक असर और कैसे यह दिल, डायबिटीज और अन्य बीमारियों का जोखिम बढ़ाती है।
Belly Fat Risks: अक्सर लोग पेट की चर्बी को सिर्फ लुक्स से जोड़कर देखते हैं, लेकिन सच्चाई इससे कहीं ज्यादा गंभीर है। पेट के आसपास जमा फैट, खासकर अंदर वाला यानी विसरल फैट, धीरे-धीरे शरीर को नुकसान पहुंचाता है, भले ही आप बाहर से फिट दिखें। इसलिए इसे सिर्फ मोटापा नहीं, बल्कि हेल्थ का बड़ा खतरा समझना जरूरी है।
हमारे पेट में दो तरह की चर्बी होती है। एक जो स्किन के नीचे होती है (सबक्यूटेनियस फैट) और दूसरी जो अंदर अंगों के आसपास जमा होती है (विसरल फैट)। यही विसरल फैट सबसे ज्यादा खतरनाक होता है। यह हार्ट डिजीज, स्ट्रोक, टाइप 2 डायबिटीज और फैटी लिवर जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ाता है। हैरानी की बात यह है कि आप दिखने में पतले हो सकते हैं, लेकिन अगर आपकी कमर ज्यादा है तो रिस्क बना रहता है। आमतौर पर पुरुषों में 40 इंच और महिलाओं में 35 इंच से ज्यादा कमर होना खतरे की घंटी माना जाता है।
ज्यादा कैलोरी वाला खाना- अगर आप रोज जरूरत से ज्यादा कैलोरी लेते हैं, खासकर जंक फूड, मीठा, फ्राइड चीजें और पैकेज्ड स्नैक्स, तो ये धीरे-धीरे पेट पर जमा होने लगता है।
फिजिकल एक्टिविटी की कमी- पूरा दिन बैठकर काम करने से शरीर कैलोरी कम बर्न करता है। इससे फैट खासकर पेट के आसपास जमा होने लगता है।
उम्र बढ़ने का असर- जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, मांसपेशियां कम होने लगती हैं और फैट जमा होना आसान हो जाता है, खासकर पेट के आसपास।
हार्मोन और तनाव- हार्मोन में बदलाव, खासकर मिडिल एज में, पेट की चर्बी बढ़ा सकते हैं। साथ ही ज्यादा तनाव लेने से भी भूख और फैट स्टोर करने वाले हार्मोन प्रभावित होते हैं।
जेनेटिक्स- कुछ लोगों में पेट पर फैट जमा होना जेनेटिक होता है। यानी यह परिवार से मिलने वाली आदत भी हो सकती है।
खराब लाइफस्टाइल और नींद- कम नींद, ज्यादा तनाव, शराब पीना और अनियमित दिनचर्या भी पेट की चर्बी बढ़ाने में बड़ा रोल निभाते हैं।
पेट की चर्बी सिर्फ बाहर नहीं दिखती, बल्कि अंदर अंगों के आसपास जमा होकर धीरे-धीरे शरीर को नुकसान पहुंचाती है। यह लंबे समय में दिल की बीमारी, हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज जैसी खतरनाक बीमारियों का कारण बन सकती है।