स्वास्थ्य

Cancer Prevention: क्या कैंसर से बचा जा सकता है? Mayo Clinic ने बताए जोखिम घटाने के 7 आसान तरीके

Cancer Prevention: कैंसर जैसी घातक और जानलेवा बीमारी से बचना मुमकिन हो सकता है अगर आप मेयो क्लिनिक और अमेरिकन इंस्टिट्यूट फॉर कैंसर रिसर्च की बताई कुछ बातों को अमल में लाए तो। जानिए वो 7 टिप्स जो आपको कैंसर से बचा सकती है।
3 min read
Jul 16, 2026
Cancer Prevention Tips,Mayo Clinic Cancer Prevention,,How to Reduce Cancer Risk,
कैंसर जैसी घातक बीमारी से बचना मुमकिन हो सकता है- प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Freepik)

Cancer Prevention: कैंसर एक ऐसी बीमारी है जिसका नाम सुनते ही लोग डर जाते हैं। अक्सर लोगों को लगता है कि कैंसर पूरी तरह किस्मत का खेल है और इससे बचा नहीं जा सकता। लेकिन मेयो क्लिनिक (Mayo Clinic) के हेल्थ एक्सपर्ट्स ऐसा नहीं मानते। उनकी एक रिपोर्ट के अनुसार, हमारी रोजमर्रा की आदतें और लाइफस्टाइल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम कर सकती हैं। थोड़ी सी सावधानी रखकर आप इस जानलेवा बीमारी के जोखिम से खुद को और अपने परिवार को बचा सकते हैं। आइए जानते हैं मेयो क्लिनिक के बताए वे 7 आसान तरीके, जो कैंसर को आपसे कोसों दूर रख सकते हैं।

1. तंबाकू और धूम्रपान से बिल्कुल दूरी बनाएं

कैंसर होने की सबसे बड़ी वजहों में से एक है तंबाकू का सेवन। चाहे आप सिगरेट-बीड़ी पीते हों, या फिर गुटखा-खैनी चबाते हों, यह शरीर के अलग-अलग हिस्सों जैसे फेफड़ों, मुंह, गले और किडनी के कैंसर का कारण बनता है। इतना ही नहीं, अगर आप खुद धूम्रपान नहीं करते लेकिन किसी ऐसे व्यक्ति के पास बैठते हैं जो बीड़ी-सिगरेट पी रहा है (जिसे पैसिव स्मोकिंग कहते हैं), तो भी आपको कैंसर का खतरा रहता है। इसलिए तंबाकू से आज ही तौबा कर लें।

2. हेल्दी डाइट लें (खान-पान में बदलाव करें)

अमेरिकन इंस्टिट्यूट फॉर कैंसर रिसर्च के अनुसार, आप थाली में क्या परोस रहे हैं, इसका आपकी सेहत पर सीधा असर पड़ता है। मेयो क्लिनिक के अनुसार अपनी डाइट को सुधारने के लिए अपने खाने में ज्यादा से ज्यादा ताजे फल, हरी सब्जियां और साबुत अनाज (जैसे ओट्स, दलिया) शामिल करें। ज्यादा कैलोरी वाली चीजें, मीठा और बाहर का जंक फूड कम से कम खाएं। डिब्बाबंद मांस या प्रोसेस्ड मीट खाने से कैंसर का खतरा काफी बढ़ जाता है, इसलिए इससे बचें।

3. वजन कंट्रोल में रखें और रोजाना एक्सरसाइज करें

एक सही वजन बनाए रखने से कई तरह के कैंसर जैसे ब्रेस्ट, प्रोस्टेट, फेफड़े और आंतों के कैंसर का खतरा कम हो जाता है। इसके लिए आपको जिम जाकर भारी वजन उठाने की जरूरत नहीं है। दिनभर में कम से कम 30 मिनट की वॉक, योग, साइकिल चलाना या कोई भी फिजिकल एक्टिविटी आपको फिट रखने के लिए काफी है।

4. तेज धूप से खुद को बचाएं

दोपहर के समय (सुबह 10 से शाम 4 बजे तक) तेज धूप में निकलने से बचें।
जब भी धूप में जाएं, फुल आस्तीन के कपड़े पहनें, छाते या टोपी का इस्तेमाल करें।
घर से बाहर निकलते समय एक अच्छी सनस्क्रीन लोशन लगाना न भूलें।

5. समय पर वैक्सीन (टीकाकरण) लगवाएं

कुछ खतरनाक वायरस भी शरीर में जाकर आगे चलकर कैंसर का रूप ले लेते हैं। इनसे बचने के लिए सही समय पर वैक्सीन लगवाना बहुत जरूरी है; हेपेटाइटिस B वायरस लिवर कैंसर के खतरे को बढ़ाता है। इसका टीका लगवाकर आप लिवर कैंसर से बच सकते हैं। HPV (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) वायरस महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर और पुरुषों में भी कई तरह के कैंसर का कारण बनता है। डॉक्टर की सलाह पर इसका टीका जरूर लगवाएं।

6. सुरक्षित लाइफस्टाइल

असुरक्षित शारीरिक संबंध बनाने या एक ही सुई (सिरिंज) का दोबारा इस्तेमाल करने से HIV और हेपेटाइटिस जैसे वायरस फैलते हैं। ये वायरस शरीर की इम्यूनिटी को बिल्कुल खत्म कर देते हैं, जिससे लिवर, गुदा और फेफड़ों के कैंसर का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इसलिए हमेशा सतर्क रहें और सुरक्षित तरीके अपनाएं।

7. रेगुलर मेडिकल चेकअप करवाएं

कैंसर से बचने का सबसे अचूक तरीका है समय-समय पर डॉक्टर से जांच करवाते रहना। मेयो क्लिनिक का कहना है कि अगर आप नियमित रूप से स्क्रीन टेस्ट (जैसे ब्लड टेस्ट या मैमोग्राफी) करवाते हैं, तो शरीर के अंदर पनप रहे किसी भी खतरे का शुरुआती स्टेज में ही पता चल जाता है। शुरुआती दौर में कैंसर का इलाज होना बहुत आसान और पूरी तरह सफल होता है।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

Updated on:
16 Jul 2026 12:58 pm
Published on:
16 Jul 2026 12:58 pm