स्वास्थ्य

महिलाओं की जांघों पर Cellulite क्यों दिखता है? Mayo Clinic से जानिए इसे कम करने का तरीका

Cellulite Treatment: मेयो क्लिनिक और क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार महिलाओं की जांघों पर सेल्युलाईट क्यों दिखता है? जानिए इसके कारण, क्या यह बीमारी है और इसे कम करने के आसान तरीके।
3 min read
Jul 01, 2026
Cellulite Causes Cellulite Treatment Cellulite in Women
महिलाओं की जांघों पर दिखाई देने वाले Cellulite और उसे कम करने के उपाय (photo- freepik)

Cellulite in Women: कई महिलाएं जब साड़ी, शॉर्ट्स या फिटिंग वाली ड्रेस पहनती हैं, तो उनकी नजर सबसे पहले जांघों पर पड़ती है। अगर वहां त्वचा पर छोटे-छोटे गड्ढे या संतरे के छिलके जैसी बनावट दिखाई दे, तो मन में सवाल आता है, क्या यह मोटापे की वजह से है? या कहीं यह कोई बीमारी तो नहीं? अगर आपके मन में भी यही सवाल है, तो राहत की बात यह है कि हर बार ऐसा होना किसी बीमारी का संकेत नहीं होता।

मेयो क्लिनिक और क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, सेल्युलाईट एक सामान्य त्वचा की स्थिति है, जो खासकर महिलाओं में ज्यादा दिखाई देती है। यह स्वास्थ्य के लिए खतरनाक नहीं होती, लेकिन कई महिलाओं का आत्मविश्वास जरूर प्रभावित कर सकती है।

आखिर सेल्युलाईट होता क्या है?

सेल्युलाईट तब दिखाई देता है, जब त्वचा के नीचे मौजूद फैट बाहर की ओर उभरने लगता है और उसे पकड़ने वाले टिश्यू (ऊतक) अंदर की ओर खिंचे रहते हैं। यही वजह है कि त्वचा पर गड्ढेदार या ऊबड़-खाबड़ लुक नजर आने लगता है। यह सबसे ज्यादा जांघों, कूल्हों और कभी-कभी पेट पर दिखाई देता है।

महिलाओं में ही ज्यादा क्यों दिखता है?

मेयो क्लिनिक के अनुसार, इसका सबसे बड़ा कारण महिलाओं के शरीर की बनावट है। महिलाओं की त्वचा के नीचे मौजूद टिश्यू और फैट की संरचना पुरुषों से अलग होती है। इसके अलावा एस्ट्रोजन हार्मोन भी इसमें भूमिका निभाता है। यही वजह है कि सेल्युलाईट महिलाओं में पुरुषों की तुलना में कहीं ज्यादा देखने को मिलता है।

क्या सिर्फ मोटी महिलाओं को ही होता है?

यह एक बहुत बड़ा भ्रम है कि सेल्युलाईट केवल मोटापे की वजह से होता है। क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, यह पतली, फिट और सामान्य वजन वाली महिलाओं में भी हो सकता है। हां, अगर वजन ज्यादा हो, तो यह थोड़ा अधिक साफ दिखाई दे सकता है। यानी वजन कम करने के बाद भी सेल्युलाईट पूरी तरह गायब हो जाए, इसकी कोई गारंटी नहीं होती।

किन वजहों से यह ज्यादा नजर आने लगता है?

  • बढ़ती उम्र
  • परिवार में पहले से यह समस्या होना
  • हार्मोनल बदलाव
  • लंबे समय तक बैठे रहना
  • मांसपेशियों की कमजोरी
  • त्वचा की कसावट कम होना

क्या इसे कम किया जा सकता है?

अगर आप सोच रही हैं कि कोई क्रीम लगाकर सेल्युलाईट हमेशा के लिए खत्म हो जाएगा, तो ऐसा नहीं है। मेयो क्लिनिक के मुताबिक, इसे पूरी तरह मिटाना आसान नहीं है, लेकिन कुछ आदतें इसकी बनावट को कम करने में मदद कर सकती हैं।

रोज थोड़ा-बहुत व्यायाम करें- जांघों और कूल्हों की मांसपेशियों को मजबूत करने वाली एक्सरसाइज त्वचा को ज्यादा टोन दिखाने में मदद कर सकती हैं।

वजन संतुलित रखें- अगर वजन जरूरत से ज्यादा है, तो धीरे-धीरे वजन कम करने से सेल्युलाईट कम नजर आ सकता है। लेकिन बहुत तेजी से वजन घटाना भी त्वचा की कसावट को प्रभावित कर सकता है।

शरीर को हाइड्रेट रखें- पर्याप्त पानी पीना और संतुलित आहार लेना त्वचा की सेहत के लिए अच्छा माना जाता है। इससे त्वचा ज्यादा स्वस्थ और लचीली दिख सकती है।

इलाज कराने से पहले विशेषज्ञ से सलाह लें

क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, लेजर थेरेपी, रेडियोफ्रीक्वेंसी और कुछ अन्य कॉस्मेटिक प्रक्रियाएं कुछ लोगों में सेल्युलाईट को कम दिखाने में मदद कर सकती हैं। लेकिन इनका असर हर व्यक्ति में अलग-अलग हो सकता है।

इन दावों से रहें सावधान

आजकल सोशल मीडिया पर कई क्रीम, तेल और घरेलू नुस्खों को सेल्युलाईट खत्म करने का पक्का इलाज बताकर बेचा जाता है।लेकिन मेयो क्लिनिक का कहना है कि ऐसे ज्यादातर दावों को साबित करने वाले मजबूत वैज्ञानिक प्रमाण मौजूद नहीं हैं। इसलिए किसी भी प्रोडक्ट पर भरोसा करने से पहले त्वचा विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

Published on:
01 Jul 2026 12:11 pm