
Chilblains Symptoms: जैसे-जैसे सर्दी की शुरुआत है आम लोगों की समस्या वैसे-वैसे बढ़ने लगती हैं। सोचिए सर्दी की शाम बाहर से लौटते ही हाथ-पैर बर्फ जैसे हो जाते हैं। तब पहला काम अक्सर यही होता है कि हाथ सीधे अंगीठी या हीटर पर सेंक लिए जाएं, या पैर गर्म पानी की बाल्टी में डाल दिए जाएं। उस वक्त राहत मिलती है, पर कुछ घंटे बाद उंगलियों में खुजली, जलन और लालिमा शुरू हो जाए, तो मामला चिलब्लेन्स का हो सकता है। आइए समझते हैं कि यह क्या है और इससे कैसे बच सकते हैं।
एनएचएस के अनुसार ये ठंड में रहने के बाद त्वचा पर उभरने वाले छोटे, खुजली वाले धब्बे हैं। ये ज्यादातर हाथ-पैर की उंगलियों पर होते हैं, पर चेहरे और पैरों पर भी हो सकते हैं। मेयो क्लिनिक का कहना है कि यह नमी वाली ठंडी हवा के संपर्क से होता है, जो जमाव बिंदु से नीचे नहीं होती। इसे पर्निओसिस भी कहते हैं। लक्षण ठंड में रहने के कुछ घंटे बाद दिख सकते हैं।
ठंड में उंगलियों की खून की नलियां संकरी हो जाती हैं और खून का बहाव कम हो जाता है। गर्म होते समय गहरी नलियां संकरी रहती हैं, जबकि सतह के पास की नलियां फैल जाती हैं। इसी से दर्द, खुजली और रंग में बदलाव होता है। वैज्ञानिक तथ्यों को देखें तो सही कारण अब तक पता नहीं है, पर यह ठंड के बाद दोबारा गर्म होने पर शरीर की असामान्य प्रतिक्रिया हो सकती है।
NHS की सलाह है कि हाथ-पैर को रेडिएटर पर या गर्म पानी के नीचे रखकर गर्म न करें। इसके बजाय त्वचा को सुखाएं और धीरे-धीरे गर्म करें। Mayo Clinic भी ठंड से आने पर त्वचा को क्रमिक रूप से गर्म करने को कहता है। स्रोतों में रेडिएटर और गर्म पानी का जिक्र है। मेरी समझ से यही बात भारतीय घरों की अंगीठी, हीटर और ब्लोअर पर भी लागू होती है। इन चीजों से भी बचें;
ठंड में कम रहें, ढीले वस्त्र परतों में पहनें, दस्ताने, मफलर और टोपी लगाएं और गर्म, पानी से बचाने वाले जूते पहनें। खुली त्वचा को जितना हो सके ढकें। हाथ, पैर और चेहरे को सूखा और गर्म रखें। घर और दफ्तर को आरामदायक गर्म रखें और धूम्रपान न करें।
चिलब्लेन्स आमतौर पर 2 से 3 हफ्ते में खुद ठीक हो जाते हैं। खुजली के लिए कौन सा लोशन ठीक रहेगा, यह केमिस्ट से पूछ सकते हैं। इन हालात में डॉक्टर को जरूर दिखाएं;
अगर आपको यकीन नहीं कि ठंड जमाव बिंदु से नीचे थी या नहीं, तो जांच जरूर कराएं, क्योंकि वह फ्रॉस्टबाइट भी हो सकता है। लंबे समय तक बार-बार ठंड और नमी में रहने से त्वचा पर निशान और पतलापन आ सकता है। डॉक्टर जरूरत पड़ने पर खून की नलियां चौड़ी करने वाली दवा दे सकते हैं, जो अपनी मर्ज़ी से न लें।