स्वास्थ्य

सीने में दर्द को हमेशा न समझें हार्ट अटैक का संकेत, पसलियों के जोड़ में सूजन भी हो सकती है वजह, जानें क्या है Costochondritis

Costochondritis Cause: सीने का हर दर्द हार्ट अटैक नहीं होता। एनएचएस और क्लीवलैंड क्लिनिक से जानें कॉस्टोकॉन्ड्राइटिस क्या है, इसके लक्षण, कारण और कब तुरंत आपको डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 10:20 AM IST
women holding her chest in discomfort, illustrating chest wall pain from costochondritis where ribs meet the breastbone
सीने में दर्द हर बार हार्ट अटैक नहीं होता, पर अचानक दर्द, सांस में दिक्कत या दर्द का बांह और गर्दन तक फैलना हो तो तुरंत इमरजेंसी मदद लें- प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Chatgpt)

Costochondritis Symptoms: जब भी किसी को सीने में अचानक दर्द होता है तो सबसे पहले हमें दिल का ख्याल आता है और देखें तो ऐसा होना स्वाभाविक भी है, क्योंकि छाती का दर्द कई बार गंभीर बीमारी का संकेत होता है। लेकिन हर बार वजह दिल नहीं होती। कभी-कभी दर्द उस जगह की सूजन से भी होता है जहां पसलियां छाती के बीच की हड्डी से मिलती हैं। इस स्थिति को कॉस्टोकॉन्ड्राइटिस कहते हैं। आइए जानते है कि पसलियों में सूजन की वजह क्या होती है? इसके लक्षण क्या-क्या होते हैं और इससे बचाव के लिए कौनसे उपाय अपनाने चाहिए?

क्या होता है कॉस्टोकॉन्ड्राइटिस?

एनएचएस (NHS) के मुताबिक, हमारी पसलियां आगे की तरफ छाती के बीच वाली हड्डी, यानी ब्रेस्टबोन से मिलती हैं। इसी जगह पर सूजन आ जाए तो उसे कॉस्टोकॉन्ड्राइटिस कहा जाता है। इसमें छाती में तेज दर्द हो सकता है, खासकर हिलने-डुलने या सांस लेने पर। यह तकलीफ आमतौर पर समय के साथ अपने आप ठीक हो जाती है।

कॉस्टोकॉन्ड्राइटिस के दर्द का पता ऐसे लगा सकते हैं?

क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, कॉस्टोकॉन्ड्राइटिस में छाती के आगे या बगल वाले हिस्से में तेज दर्द हो सकता है। यह दर्द इन हालात में ज्यादा महसूस हो सकता है लेकिन ये सिर्फ संकेत हैं। इनके आधार पर खुद यह तय न करें कि दर्द दिल का नहीं है;

  • ऊपरी शरीर को हिलाने पर।
  • लेटने पर।
  • गहरी सांस लेने पर।
  • छाती के बीच या पसलियों को दबाने पर।

किन वजहों से हो सकती है यह परेशानी?

  • छाती में चोट।
  • ऊपरी शरीर से बार-बार वजन उठाने जैसे काम।
  • लंबे समय तक ज्यादा खांसी।
  • संक्रमण।

कब आपको तुरंत डॉक्टर के पास जाना चाहिए?

  • सीने में दर्द अचानक शुरू हो, बांह, गर्दन या चेहरे के निचले हिस्से तक फैले, या छाती जकड़ी हुई लगे। यह हार्ट अटैक हो सकता है।
  • सीने के दर्द के साथ सांस लेने में दिक्कत हो, धड़कन तेज हो या खांसी में खून आए। यह लंग्स की नस में खून के थक्के (पल्मोनरी एम्बोलिज्म) का संकेत हो सकता है।
  • छाती या पीठ में अचानक ऐसा दर्द हो जैसे अंदर कुछ चीरा जा रहा हो, साथ में सांस फूले और चलने, देखने या बोलने में परेशानी हो। NHS का यह भी कहता है कि खुद गाड़ी चलाकर अस्पताल न जाएं।

इलाज और ठीक होने में कितना समय लगता है?

NHS का कहना है कि यह परेशानी कुछ हफ्तों से लेकर कई महीनों तक रह सकती है। खुद से दवा न लें। बहुत तेज और लंबे समय तक रहने वाले दर्द में डॉक्टर स्टेरॉयड इंजेक्शन या दर्द सुन्न करने वाली दवा भी दे सकते हैं।

डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
Published on:
Also Read
View All