13 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

आसपास कोई चीज नहीं, फिर भी बार-बार आती है जलने या सड़ने की बदबू? मेयो क्लिनिक ने बताया हो सकता है Phantosmia

Phantosmia Cause: बिना किसी वजह के जलने, धुएं या सड़े हुए खाने की गंध महसूस होना फैंटोस्मिया का संकेत हो सकता है। मेयो क्लिनिक और क्लीवलैंड क्लिनिक से जानिए इसके कारण, लक्षण, जांच और इलाज।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Nidhi Yadav

•

Updated: 13 Nov 2026, 6:20 PM IST

Close-up of a person experiencing phantom smells or burning odor due to phantosmia

आसपास कोई महक न होने पर भी जलने या सड़ने की बदबू महसूस होना फैंटोसस्मिया (Phantosmia) का संकेत हो सकता है- प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Freepik)

Phantosmia Symptoms: क्या आपके साथ कभी ऐसा हुआ है कि कमरे में बिल्कुल सन्नाटा हो, आसपास किसी भी चीज के जलने, सड़ने या किसी अजीब सी दुर्गंध का दूर-दूर तक नामो-निशान न हो, फिर भी आपको अपनी नाक में वही तेज बदबू महसूस हो रही हो? अगर ऐसा आपके साथ या आपके किसी जानने वाले के साथ अक्सर हो रहा है, तो इसे महज वहम या नजरअंदाज करने की भूल बिल्कुल न करें। इसको फैंटोसस्मिया (Phantosmia) या ऑलफैक्ट्री हेलुसिनेशन (गंध का भ्रम) कहा जाता है। आइए जानते हैं कि ये क्या होता है और इसके क्या कारण हैं?

क्या है फैंटोसस्मिया और यह क्यों होती है?

मेयो क्लिनिक के अनुसार, इसे गंध का भ्रम कहा जाता है। इसमें इंसान को ऐसी महक या बदबू महसूस होती है, जो असलियत में आसपास कहीं मौजूद ही नहीं होती। हमारे शरीर में गंध महसूस करने की एक पूरी प्रणाली है, जिसमें नाक की नसें और दिमाग का वह हिस्सा शामिल है जो सुगंध या दुर्गंध को पहचानता है। जब इस तंत्र में किसी तरह की गड़बड़ी या शॉर्ट सर्किट जैसा मामला होता है, तो दिमाग बिना किसी बाहरी स्रोत के ही महक के सिग्नल पैदा करने लगता है। इसमें हर व्यक्ति को एक जैसी गंध महसूस हो, यह जरूरी नहीं है। किसी को जले हुए टोस्ट या धुएं की गंध आती है, तो किसी को सड़े हुए कचरे, खराब खाने या केमिकल जैसी गंध महसूस हो सकती है। कुछ लोगों को अच्छी खुशबू भी महसूस हो सकती है। यह गंध एक नाक में या दोनों नाक में महसूस हो सकती है। कुछ लोगों को यह थोड़ी देर के लिए आती है और फिर चली जाती है, जबकि कुछ लोगों को बार-बार या लगातार ऐसा अनुभव हो सकता है।

सर्दी-जुकाम से लेकर सिर की चोट तक हो सकती है वजह

क्लीवलैंड क्लिनिक और मेयो क्लिनिक के अनुसार, फैंटोस्मिया के पीछे कई तरह के कारण हो सकते हैं। इनमें ऊपरी श्वसन तंत्र का संक्रमण, सिर में चोट, साइनस में सूजन, उम्र बढ़ना और कुछ दवाओं का इस्तेमाल शामिल है। इसके अलावा कोविड-19 संक्रमण के बाद भी कुछ लोगों को सूंघने की क्षमता में बदलाव महसूस हो सकता है। नाक में सूजन या दूसरी समस्याएं भी गंध पहचानने की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती हैं। एलर्जी, नाक में पॉलिप, साइनस संक्रमण, माइग्रेन और दांतों या मसूड़ों की कुछ समस्याएं भी फैंटोस्मिया से जुड़ी हो सकती हैं।

टेम्पोरल लोब सीजर में भी महसूस हो सकती है अचानक गंध

दिमाग का टेम्पोरल लोब याददाश्त, भावनाओं और सूंघने से जुड़ी कुछ प्रक्रियाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस हिस्से में असामान्य विद्युत गतिविधि होने पर टेम्पोरल लोब सीजर (Temporal Lobe Seizure) आ सकता है। ऐसे दौरे के शुरुआती संकेतों में कुछ लोगों को अचानक कोई अजीब गंध या स्वाद महसूस हो सकता है। इसे ऑरा (Aura) कहा जाता है। इसके साथ अचानक डर लगना, पहले भी ऐसी घटना हो चुकी होने का एहसास यानी डेजा वू या पेट में अजीब सी हलचल महसूस होना भी शामिल हो सकता है।

फैंटोस्मिया और पैरॉस्मिया में क्या है अंतर?

फैंटोस्मिया में ऐसी गंध महसूस होती है, जिसका आसपास कोई वास्तविक स्रोत नहीं होता। वहीं पैरॉस्मिया (Parosmia) में कोई वास्तविक गंध मौजूद होती है, लेकिन व्यक्ति उसे सामान्य तरीके से महसूस नहीं कर पाता। उदाहरण के लिए, किसी को कॉफी की सामान्य खुशबू भी जली हुई या खराब लग सकती है।ये दोनों स्थितियां संक्रमण या सूंघने से जुड़ी नसों में बदलाव के बाद हो सकती हैं।

कब डॉक्टर को दिखाना जरूरी है?

अगर आपको बार-बार ऐसी गंध महसूस होती है, जिसका कोई वास्तविक स्रोत नहीं है, तो ईएनटी विशेषज्ञ से सलाह लें। खासकर तब, जब इसके साथ सूंघने की क्षमता में बदलाव, लगातार नाक बंद रहना या सिरदर्द जैसी परेशानी भी हो। अगर अचानक अजीब गंध आने के साथ कुछ समय के लिए जवाब न दे पाना, घूरते रहना, बार-बार होंठ चबाना, भ्रम या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो न्यूरोलॉजिकल जांच जरूरी है। पहली बार दौरे जैसे लक्षण आने पर तुरंत मेडिकल सहायता लें।

इलाज बीमारी के कारण के हिसाब से होता है

फैंटोस्मिया का कोई एक इलाज नहीं है। इसका उपचार इस बात पर निर्भर करता है कि परेशानी किस वजह से हो रही है। अगर कारण साइनस संक्रमण या एलर्जी है, तो डॉक्टर उसके अनुसार इलाज कर सकते हैं। वहीं, अगर इसका संबंध मिर्गी या किसी दूसरी न्यूरोलॉजिकल समस्या से है, तो संबंधित विशेषज्ञ उपचार तय करते हैं। इसलिए खुद से नाक में दवा डालना, बार-बार तेज खुशबू सूंघना या बिना सलाह दवाएं लेना सही तरीका नहीं है। सबसे जरूरी है कि समस्या की असली वजह का पता लगाया जाए।

डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।