13 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Visual Snow Syndrome: आंखों के सामने हर समय दिखते हैं छोटे-छोटे चमकते बिंदु, क्लीवलैंड क्लिनिक ने बताया हो सकता है विजुअल स्नो सिंड्रोम

Visual Snow Syndrome Cause: आंखों के सामने हर वक्त टीवी जैसी झिलमिल दिखती है? नेचर रिसर्च और क्लीवलैंड क्लिनिक से जानिए विजुअल स्नो सिंड्रोम के लक्षण, कारण, और डॉक्टर को कब दिखाना जरूरी है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Nidhi Yadav

•

Updated: 13 Nov 2026, 1:37 PM IST

विजुअल स्नो सिंड्रोम में आंखों के सामने दिखने वाले टीवी स्टैटिक जैसे चमकते बिंदुओं का प्रतीकात्मक चित्र

विजुअल स्नो सिंड्रोम में पूरे दृश्य पर पुराने टीवी की स्टैटिक जैसे छोटे बिंदु दिखाई देते हैं। (Source- Chatgpt)

Visual Snow Syndrome Hindi: रात को कमरे की लाइट बंद करके लेटते हैं तो सामने अंधेरा दिखता है, पर कुछ लोगों को अंधेरे में भी बारीक चमकते कण तैरते दिखते हैं, जैसे पुराने टीवी पर सिग्नल न आने पर आने वाली स्क्रीन। दिन में दीवार या आसमान की तरफ देखें तो भी यही कण साथ रहते हैं। अगर यह आपके साथ कई महीनों से हो रहा है, तो इसे थकान या नज़र का वहम समझकर टालना ठीक नहीं। यह विजुअल स्नो सिंड्रोम (VSS) हो सकता है। यह कम चर्चित, लेकिन न्यूरोलॉजिकल स्थिति है। आइए समझते हैं कि आखिर ये क्या है? इसके कारण और लक्षण क्या-क्या होते हैं?

विजुअल स्नो सिंड्रोम आखिर है क्या?

यह आंखों की बीमारी से ज़्यादा दिमाग की विजुअल प्रोसेसिंग से जुड़ी समस्या मानी जाती है। इसमें पूरे नजारे पर छोटे-छोटे बिंदु दिखते रहते हैं। ये बिंदु काले-सफेद, रंगीन या पारदर्शी हो सकते हैं और कभी-कभी झपकते भी हैं। मरीज़ अक्सर इसे "हिलते हुए स्नो-ग्लोब के अंदर से देखने" जैसा बताते हैं। एक खास पहचान यह है कि ये बिंदु आंखें बंद करने पर भी दिख सकते हैं। आम फ्लोटर्स (आंख में तैरते धब्बे या धागे) ऐसे नहीं होते। उनमें आमतौर पर कुछ अलग आकार दिखते हैं और वे पूरे दृश्य पर एक जैसे नहीं छाए रहते। क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार दुनिया की लगभग 2 से 3 प्रतिशत आबादी में यह स्थिति पाई जा सकती है। यानी यह बहुत आम नहीं है, पर इतनी दुर्लभ भी नहीं कि इसे नजरअंदाज किया जाए।

विजुअल स्नो सिंड्रोम में क्या-क्या महसूस हो सकता है?

  • किसी चीज को देखकर नजर हटाने के बाद भी उसकी परछाईं दिखते रहना (पैलिनोप्सिया)।
  • तेज रोशनी से परेशानी।
  • रात या कम रोशनी में देखने में दिक्कत।
  • बिना वजह आंखों के अंदर रोशनी या आकृतियां दिखना।
  • कानों में सीटी या घंटी जैसी आवाज़ (टिनिटस)।
  • बार-बार माइग्रेन, खासकर ऑरा के साथ।
  • चिंता, चिड़चिड़ापन, ध्यान लगाने में दिक्कत, ब्रेन फॉग।
  • नींद की समस्या, चक्कर या मितली।

यह क्यों होता है?

नेचर रिसर्च के मुताबिक, सटीक कारण अभी पता नहीं है, वैज्ञानिकों का एक मत है कि दिमाग का वह हिस्सा जो देखी हुई चीज़ों को समझता है (ऑक्सीपिटल लोब) ज्यादा सक्रिय हो सकता है। इसी वजह से दिमाग ऐसी विजुअल आवाज बना देता है जो असल में बाहर है ही नहीं। इतना देखा गया है कि माइग्रेन और एंग्जायटी वाले लोगों में यह स्थिति ज्यादा मिलती है। कुछ लोगों में यह बचपन से रहती है और कुछ में किशोरावस्था या बीस की उम्र के आसपास शुरू होती है।

इससे बचने में क्या मदद कर सकता है?

  • रोज एक तय समय पर सोना और उठना।
  • शाम के बाद चाय-कॉफी, तंबाकू और शराब से दूरी।
  • सोने से पहले मोबाइल और स्क्रीन कम करना।
  • अपनी पसंद का व्यायाम, योग, ध्यान या माइंडफुलनेस।
  • माइग्रेन या चिंता है तो उसका इलाज कराना।

कब डॉक्टर को तुरंत दिखाना जरूरी है

  • अचानक बहुत सारे फ्लोटर्स या रोशनी की चमक दिखना।
  • आंख के किनारे से परदे या काली छाया का बढ़ना।
  • अचानक दृष्टि कम होना या धुंधलापन।
  • तेज सिरदर्द के साथ दिखने में बदलाव।
  • चेहरे या हाथ-पैर में कमजोरी, बोलने में दिक्कत।
डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।