Covid Vaccine Miscarriage: कोविड वैक्सीन से फर्टिलिटी पर असर नहीं पड़ता। स्वीडन में 60 हजार महिलाओं पर हुई स्टडी में बड़ा खुलासा।
Covid Vaccine Miscarriage: कोविड-19 महामारी के बाद से सोशल मीडिया पर यह दावा बार-बार किया जाता रहा है कि कोविड वैक्सीन लेने से महिलाओं की फर्टिलिटी कम हो जाती है और गर्भधारण में दिक्कत आती है। लेकिन अब करीब 60 हजार महिलाओं पर हुई एक बड़ी स्टडी ने इन अफवाहों को पूरी तरह गलत साबित कर दिया है।
महामारी के दौरान और उसके बाद कुछ देशों में बच्चों के जन्म की संख्या में कमी देखी गई। स्वीडन जैसे देशों में भी यह गिरावट दर्ज की गई। इसी वजह से लोगों के मन में सवाल उठा कि क्या इसका कारण कोविड वैक्सीन हो सकती है। सोशल मीडिया पर बिना किसी वैज्ञानिक आधार के यह बात फैलने लगी कि वैक्सीन लेने से महिलाओं के मां बनने की संभावना घट जाती है।
स्वीडन की लिंकॉपिंग यूनिवर्सिटी के सोशल मेडिसिन प्रोफेसर टोमास टिम्पका के नेतृत्व में की गई यह रिसर्च Communications Medicine नाम की जर्नल में प्रकाशित हुई है। इस स्टडी में 18 से 45 साल की लगभग 60,000 महिलाओं के डेटा का विश्लेषण किया गया। इन महिलाओं में से करीब 75 फीसदी ने 2021 से 2024 के बीच कोविड वैक्सीन ली थी। शोधकर्ताओं ने स्वास्थ्य रिकॉर्ड की मदद से गर्भधारण, बच्चों के जन्म, मिसकैरेज और मौतों से जुड़ा डेटा खंगाला।
स्टडी में साफ तौर पर सामने आया कि वैक्सीन लेने वाली और न लेने वाली महिलाओं में बच्चे पैदा होने की दर में कोई फर्क नहीं था। इसके अलावा, जो महिलाएं गर्भवती हुईं, उनमें मिसकैरेज की संख्या भी दोनों ग्रुप में लगभग समान पाई गई। प्रोफेसर टिम्पका ने कहा, “हमने वैक्सीन लेने वाली और न लेने वाली महिलाओं के बीच न तो बच्चों के जन्म में कोई अंतर देखा और न ही गर्भपात के मामलों में।”
इस रिसर्च के नतीजे पहले हुई कई अन्य स्टडी से भी मेल खाते हैं, जिनमें कोविड वैक्सीन और फर्टिलिटी के बीच कोई संबंध नहीं पाया गया। खास बात यह है कि यह स्टडी आम आबादी पर की गई, जबकि पहले की ज्यादातर रिसर्च फर्टिलिटी ट्रीटमेंट कराने वाले कपल्स पर केंद्रित थीं।
शोधकर्ताओं ने सिर्फ वैक्सीन को ही नहीं देखा, बल्कि उम्र, पहले से मौजूद बीमारियां और अन्य स्वास्थ्य कारणों को भी ध्यान में रखा, जो गर्भधारण को प्रभावित कर सकते हैं।
कई स्टडी यह दिखा चुकी हैं कि कोविड संक्रमण गर्भवती महिलाओं के लिए खतरनाक हो सकता है, जबकि वैक्सीन इस खतरे को काफी हद तक कम कर देती है। विशेषज्ञों का कहना है कि वैक्सीन से मिलने वाला फायदा, उसके संभावित जोखिमों से कहीं ज्यादा है।
प्रोफेसर टिम्पका ने साफ कहा, “जो महिलाएं परिवार शुरू करना चाहती हैं, उन्हें कोविड वैक्सीन को लेकर हिचकिचाने की जरूरत नहीं है।” यानी वैज्ञानिक सबूत यही कहते हैं कि कोविड वैक्सीन फर्टिलिटी को नुकसान नहीं पहुंचाती, बल्कि मां और बच्चे दोनों की सुरक्षा में मदद करती है।