स्वास्थ्य

Nosebleed Causes: नाक से बार-बार खून आना सिर्फ गर्मी की वजह नहीं! cleveland Clinic से जानिए इसके पीछे छिपे 7 कारण

Epistaxis Symptoms: क्या आपकी नाक से बार-बार खून आता है? Cleveland Clinic, NHS और MedlinePlus के अनुसार जानिए नकसीर फूटने के 7 प्रमुख कारण और कब डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

3 min read
Jun 15, 2026
Nosebleed Causes, Epistaxis, Frequent Nosebleeds,
नाक से खून आने की प्रतीकात्मक तस्वीर (photo- freepik)

Nosebleed Reasons: Nosebleed Reasons: गर्मी के दिनों में अगर अचानक नाक से खून निकल आए, तो ज्यादातर लोग यही कहते हैं शरीर में गर्मी बढ़ गई होगी। लेकिन क्या हर बार नाक से खून आने की वजह सिर्फ गर्म मौसम ही होती है? ऐसा बिल्कुल नहीं है। कभी-कभी नाक से खून आना एक सामान्य घटना हो सकती है, लेकिन अगर यह बार-बार होने लगे तो इसके पीछे कुछ दूसरी वजहें भी हो सकती हैं।

अमेरिका के Cleveland Clinic, MedlinePlus और ब्रिटेन की NHS के अनुसार नाक के अंदर मौजूद छोटी रक्त वाहिकाएं (Blood Vessels) बहुत नाजुक होती हैं। इनमें हल्की सी चोट या जलन भी खून निकलने का कारण बन सकती है। आइए जानते हैं कि बार-बार नाक से खून आने के पीछे कौन-कौन से कारण हो सकते हैं।

नाक का जरूरत से ज्यादा सूख जाना

कई लोगों को लगता है कि नकसीर का मतलब शरीर में गर्मी बढ़ना है। लेकिन MedlinePlus के रिसर्च बताते हैं कि असली समस्या कई बार सूखी हवा होती है। लगातार एसी में बैठना, शुष्क मौसम या नाक के अंदर नमी कम हो जाना रक्त वाहिकाओं को कमजोर बना सकता है। ऐसे में अचानक खून निकल सकता है।

बार-बार नाक साफ करना या उंगली डालना

NHS के मुताबिक बच्चों में नकसीर की एक आम वजह नाक में उंगली डालना है। यह बात मामूली लग सकती है, लेकिन इससे नाक के अंदर की नाजुक परत बार-बार चोटिल होती है। बड़े लोगों में भी बार-बार जोर से नाक साफ करना यही समस्या पैदा कर सकता है।

एलर्जी और बार-बार छींक आना

जिन लोगों को धूल, परागकण या मौसम बदलने पर एलर्जी होती है, उनमें नाक की अंदरूनी सतह में सूजन बनी रह सकती है। लगातार छींकने और नाक रगड़ने से खून आने का खतरा बढ़ जाता है।

सर्दी-जुकाम या साइनस का संक्रमण

जब नाक लंबे समय तक बंद रहती है या उसमें संक्रमण होता है, तो अंदर की रक्त वाहिकाओं पर दबाव बढ़ सकता है। Cleveland Clinic के अनुसार कुछ लोगों में यही वजह बार-बार नकसीर का कारण बनती है।

कुछ दवाओं का असर

खून पतला करने वाली दवाएं (Blood Thinners), कुछ नेजल स्प्रे और अन्य दवाएं भी नाक से खून आने की संभावना बढ़ा सकती हैं। अगर किसी नई दवा के बाद यह समस्या शुरू हुई है, तो डॉक्टर से बात करना जरूरी है।

चोट लगना

नाक पर हल्की या गंभीर चोट लगने के बाद खून आना सामान्य बात है। हालांकि अगर चोट के कई दिनों बाद भी बार-बार खून निकल रहा है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

हाई ब्लड प्रेशर या अन्य स्वास्थ्य समस्याएं

कुछ मामलों में बार-बार नकसीर हाई ब्लड प्रेशर, खून के थक्के बनने से जुड़ी समस्याओं या अन्य मेडिकल स्थितियों से भी जुड़ी हो सकती है। हालांकि यह अपेक्षाकृत कम देखने को मिलता है।

नाक से खून आए तो क्या करें?

NHS की सलाह है कि व्यक्ति सीधे बैठ जाए और शरीर को थोड़ा आगे की ओर झुकाए। इसके बाद नाक के मुलायम हिस्से को लगभग 10 से 15 मिनट तक दबाकर रखें। सिर पीछे की ओर झुकाने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे खून गले में जा सकता है।

कब डॉक्टर से मिलना चाहिए?

अगर महीने में कई बार नकसीर हो रही है, खून 15-20 मिनट बाद भी नहीं रुक रहा या इसके साथ चक्कर और कमजोरी महसूस हो रही है, तो जांच करवाना बेहतर रहता है।

हर नकसीर गर्मी की वजह से नहीं होती

यही सबसे महत्वपूर्ण बात है। कई बार शरीर छोटी-सी समस्या का संकेत दे रहा होता है और हम उसे गर्मी चढ़ गई है कहकर टाल देते हैं। अगर नकसीर बार-बार हो रही है, तो कारण जानना ज्यादा जरूरी है, क्योंकि सही वजह पता चल जाए तो इलाज भी आसान हो जाता है।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

Published on:
15 Jun 2026 01:18 pm