
Frey Syndrome Cause: थाली सामने आती है, पहला निवाला मुंह में जाता है और कुछ ही देर में गाल, कनपटी या कान के पीछे पसीने की बूंदें उभर आती हैं। बाकी शरीर बिल्कुल सूखा रहता है। आसपास बैठे लोग इसे गर्मी या मसालेदार खाने का असर मान लेते हैं, पर जिसे यह बार-बार होता है, वह जानता है कि मामला कुछ और है। अगर कुछ समय पहले चेहरे के पास कोई ऑपरेशन हुआ था, तो इसका जवाब फ्रे सिंड्रोम में मिल सकता है। आइए जानते हैं इस दुर्लभ सिंड्रोम से जुड़ी बातें।
रेयर डिजीज आर्गेनाईजेशन के मुताबिक, यह एक दुर्लभ तंत्रिका संबंधी स्थिति है, जिसमें खाते समय या खाने के बारे में सोचते हुए भी गाल, कनपटी और कान के आसपास पसीना और लालिमा आ जाती है। चिकित्सा भाषा में इसे गस्टेटरी स्वेटिंग कहते हैं। यह पूरे शरीर का पसीना नहीं है, बल्कि चेहरे के एक खास हिस्से तक सीमित रहता है। नाम पोलैंड की न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. लूसिया फ्रे के नाम पर पड़ा, जिन्होंने 1923 में इसका विस्तृत विवरण दिया। इससे पहले 1853 में बेयारजे ने इसे दर्ज किया था।
क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, कान के नीचे और आगे लार बनाने वाली सबसे बड़ी ग्रंथि होती है, जिसे पैरोटिड ग्रंथि कहते हैं। इसके आसपास की नसें लार बनाने का काम भी संभालती हैं और पसीने की ग्रंथियों का भी। ऑपरेशन या चोट में ये नसें क्षतिग्रस्त हो जाएं तो ठीक होते समय कई बार गलत रास्ते पर जुड़ जाती हैं। नतीजा यह कि खाने का स्वाद मिलते ही जो संकेत लार के लिए जाना चाहिए, वह पसीने की ग्रंथियों तक पहुंच जाता है। अधिकतर मामलों में वजह पैरोटिड ग्रंथि की सर्जरी होती है। कुछ अध्ययनों के मुताबिक ऐसी सर्जरी के बाद 30 से 50 प्रतिशत लोगों में यह समस्या विकसित हो सकती है। जबड़े के फ्रैक्चर की मरम्मत, गर्दन की लिम्फ नोड सर्जरी या चेहरे पर लगी चोट से भी यह हो सकती है। यह पुरुषों और महिलाओं में बराबर पाई जाती है।
आमतौर पर ऑपरेशन के छह से अठारह महीनों के भीतर, क्योंकि नसों को ठीक होने में समय लगता है। कुछ लोगों में कई साल बाद भी दिख सकते हैं। खट्टे, मसालेदार और नमकीन खाने पर पसीना ज्यादा आता है, क्योंकि ऐसे स्वाद लार को ज्यादा सक्रिय करते हैं। डॉक्टर पहले आपके लक्षण और सर्जरी या चोट का इतिहास पूछते हैं। पक्की पुष्टि के लिए माइनर स्टार्च-आयोडीन टेस्ट किया जाता है। इसमें चेहरे पर आयोडीन और फिर स्टार्च लगाया जाता है, और नींबू जैसी खट्टी चीज चखने पर जहां पसीना आता है, वहां का रंग बदल जाता है।
शारीरिक रूप से यह नुकसान नहीं पहुंचाता। पर सार्वजनिक जगहों पर खाना खाते समय बार-बार पसीना आना कुछ लोगों को असहज कर देता है और सामाजिक घबराहट भी पैदा कर सकता है। ऐसे में इसे नजरअंदाज करने के बजाय डॉक्टर से बात करें। जरूरत लगे तो काउंसलर की मदद लेने में भी हिचक न रखें।