
Showering After Eating: सोचिए आप देर रात दावत से लौटे हैं। पेट भरा है, बदन थका है और मन कर रहा है कि गरम पानी से नहाकर सीधे बिस्तर पर चले जाएं। तभी घर के किसी बड़े की आवाज आती है, अभी मत नहाओ, खाना हजम नहीं होगा। यह टोकना कई घरों में आम है। सवाल यह है कि क्या इसके पीछे कोई ठोस वैज्ञानिक आधार है, या यह बस पीढ़ियों से चली आ रही सीख है। आइए आज आप सब के उलझन भरें इन सभी सवालों के जवाब जानते हैं।
इसका जवाब हां या ना में नहीं दिया जा सकता। हेल्थलाइन के अनुसार अभी तक के शोध यह साफ नहीं करते कि खाने के बाद गरम पानी से नहाना वाकई इतना बुरा है। यानी इसे पूरी तरह मिथक कहना भी गलत होगा और पक्का नुकसान बताना भी। खाना खाने के बाद शरीर पाचन अंगों की तरफ ज्यादा रक्त भेजता है। गरम पानी से नहाने पर शरीर का आंतरिक तापमान एक-दो डिग्री बढ़ सकता है और दिल की धड़कन भी तेज हो सकती है। कुछ लोगों का मानना है कि इससे पाचन की प्रक्रिया बाधित होती है और सुस्ती या ऐंठन हो सकती है। हेल्थलाइन इसे एक सैद्धांतिक व्याख्या बताता है और साफ कहता है कि इसे सही या गलत साबित करने वाला कोई पक्का वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। हां, भरे पेट पर धड़कन तेज होना कुछ लोगों को असहज जरूर लग सकता है।
हेल्थलाइन के अनुसार जिस खाने में प्रोटीन, रेशा, वसा या रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट ज्यादा होता है, उससे पेट फूल सकता है। पेट फूलने से छाती पर दबाव पड़ता है और ऐंठन या सीने की जलन की संभावना बढ़ जाती है। अगर यह सिद्धांत सही है, तो फल, शोरबा या सलाद जैसे हल्के भोजन के बाद नहाना उतना परेशान नहीं करेगा। मतलब कसौटी सिर्फ समय की नहीं, खाने की मात्रा और प्रकृति की भी है।
हेल्थलाइन के अनुसार ठंडे पानी से नहाने पर शरीर का आंतरिक तापमान नहीं बढ़ता, इसलिए पाचन अंगों से रक्त का रुख बदलने की संभावना कम रहती है। अगर आपको खाने के बाद नहाना ही है और असुविधा से बचना चाहते हैं, तो ठंडा या गुनगुना पानी ज्यादा सुरक्षित विकल्प माना जा सकता है। हालांकि बहुत ठंडा पानी अचानक शरीर पर डालना हर किसी को रास नहीं आता। दिल की बीमारी, उच्च रक्तचाप या कोई और स्वास्थ्य समस्या हो तो पानी के तापमान को लेकर डॉक्टर की सलाह लेना बेहतर है।
हेल्थलाइन के अनुसार परंपरागत सलाह करीब 20 मिनट रुकने की है, और असुविधा से बचने के लिए 20 मिनट से एक घंटे के बीच इंतजार करना ठीक माना जा सकता है। पर यह भी साफ लिखा है कि कोई अध्ययन सटीक समय नहीं बताता। इसलिए इसे नियम की तरह नहीं, एक व्यावहारिक दायरे की तरह देखें। हल्का खाया हो तो कम इंतजार चल सकता है, भरपेट खाया हो तो थोड़ा ज्यादा रुकना सुविधाजनक रहेगा। अपना शरीर सबसे अच्छा संकेत देता है।
अक्सर खाने के बाद नहाना और खाने के बाद तैरना एक ही चिंता में गिन लिए जाते हैं। पर तैराकी पर शोध अलग है। इंटरनेशनल लाइफ सेविंग फेडरेशन (ILSF) ने 2014 में उपलब्ध शोध की समीक्षा के बाद कहा कि इस बात का कोई प्रमाण नहीं मिला कि तैरने से पहले खाना खाने से डूबने का खतरा बढ़ता है। खाने के बाद मितली, उल्टी या पेट दर्द से जुड़ी शिकायतें होती हैं, पर इनका डूबने के खतरे से संबंध अब तक न रिपोर्ट हुआ, न ठीक से अध्ययन। ILSF ने तैराकी से पहले खाने पर पाबंदियों को आधारहीन बताया। यह वक्तव्य तैराकी और डूबने के खतरे के बारे में है, नहाने के बारे में नहीं। यह भी नहीं कहता कि भारी खाने के बाद पानी में उतरना हमेशा आरामदायक रहेगा। ILSF की समीक्षा में उद्धृत मेयो क्लिनिक की सलाह भी यही है कि भारी भोजन के बाद सुस्ती लगे तो थोड़ा आराम कर लें।
हेल्थलाइन के अनुसार खाने के तुरंत बाद दांत ब्रश करने से तेजाबी खाद्य कण दांतों पर फैल सकते हैं, इसलिए करीब 30 मिनट रुककर ब्रश करना बेहतर माना गया है। खाने के तुरंत बाद लेटने को भी हेल्थलाइन ठीक नहीं मानता, क्योंकि इससे पेट का तेजाब ऊपर की ओर लौट सकता है, हालांकि इस पर बहस जारी है।