स्वास्थ्य

Jogger’s Nipple: दौड़ने या वर्कआउट के बाद निप्पल में जलन या दर्द? Cleveland Clinic से जानें कारण और बचाव

Jogger's Nipple की समस्या से बचाव बड़ा आसान है। बस मामूली सी सावधानी बरतने की जरूरत है। कई लोगों को अंदाज भी नहीं होता कि उन्हें यह समस्या हो रही है। ऐसे में Cleveland Clinic के हवाले से यहां दी गई जानकारी आपके काफी काम की हो सकती है।
2 min read
Jul 31, 2026
Runner's Nipple, Nipple Chafing
Jogger's Nipple क्या होता है?(representative image)image credit chatgpt

Jogger's Nipple Symptoms: फिट रहने के लिए दौड़ने या वर्कआउट करने वाले कई लोगों को कभी-कभी निप्पल में जलन, दर्द या खून आने जैसी समस्या हो सकती है। इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। इस स्थिति को जॉगर्स निप्पल (Jogger's Nipple) या रनर्स निप्पल कहा जाता है। यह कोई गंभीर बीमारी नहीं है, लेकिन शुरुआत में इस पर ध्यान न देने से परेशानी बढ़ सकती है। ऐसे में आइए जानते हैं कि जॉगर्स निप्पल क्या होता है, इसके पीछे क्या वजह है और किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

क्या होता है जॉगर्स निप्पल?

जॉगर्स निप्पल तब होता है, जब दौड़ने या अन्य हाई-इम्पैक्ट एक्सरसाइज के दौरान कपड़े बार-बार निप्पल से रगड़ खाते हैं। लंबे समय तक होने वाली यह रगड़ त्वचा को लाल, संवेदनशील और दर्दनाक बना सकती है। गंभीर मामलों में त्वचा फट सकती है और खून भी आ सकता है।

किन लोगों में यह समस्या ज्यादा हो सकती है?

Cleveland Clinic के अनुसार, यह समस्या किसी भी व्यक्ति को हो सकती है, लेकिन इसका जोखिम इन लोगों में अधिक रहता है-

  • जो नियमित रूप से लंबी दूरी तक दौड़ते हैं।
  • मैराथन या एंड्यूरेंस स्पोर्ट्स में हिस्सा लेने वाले लोग।
  • कॉटन या खुरदरे कपड़े पहनकर एक्सरसाइज करने वाले।
  • अधिक पसीना आने वाले लोग।
  • ठंड के मौसम में आउटडोर रनिंग करने वाले।
  • सही फिटिंग वाली स्पोर्ट्स ब्रा या रनिंग गियर का इस्तेमाल न करने वाले।

जॉगर्स निप्पल से कैसे बचें?

कुछ आसान सावधानियां अपनाकर इस समस्या से काफी हद तक बचा जा सकता है।

  • एक्सरसाइज के दौरान मॉइस्चर-विकिंग (Moisture-wicking) कपड़े पहनें, जो पसीने को जल्दी सुखाते हैं।
  • कॉटन के बजाय हल्के और सिंथेटिक रनिंग कपड़ों का चुनाव करें।
  • दौड़ने से पहले निप्पल पर पेट्रोलियम जेली या एंटी-चैफिंग लुब्रिकेंट लगाएं।
  • जरूरत पड़ने पर निप्पल को मेडिकल बैंडेज या विशेष निप्पल गार्ड से कवर करें।
  • महिलाओं को अच्छी फिटिंग वाली स्पोर्ट्स ब्रा पहननी चाहिए, ताकि अनावश्यक मूवमेंट कम हो।

कब डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए?

जॉगर्स निप्पल होने पर सबसे पहले प्रभावित हिस्से को हल्के साबुन और गुनगुने पानी से साफ करें। इसके बाद साफ तौलिये से धीरे-धीरे सुखाएं और कुछ दिनों तक ढीले कपड़े पहनें, ताकि दोबारा रगड़ न लगे। लेकिन अगर निप्पल से लगातार खून आ रहा हो, घाव में मवाद, सूजन या संक्रमण के लक्षण दिखाई दें, दर्द कई दिनों तक बना रहे या घरेलू देखभाल के बावजूद त्वचा ठीक न हो, तो डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी केवल स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से है। यह डॉक्टर की सलाह, जांच या उपचार का विकल्प नहीं है। यदि आपको लगातार दर्द, खून आना या संक्रमण जैसे लक्षण दिखाई दें, तो डॉक्टर से परामर्श अवश्य करें।

Updated on:
31 Jul 2026 10:52 am
Published on:
31 Jul 2026 10:34 am