स्वास्थ्य

Male Contraceptive Pill: अब महिलाएं नहीं, पुरुष खाएंगे गर्भनिरोधक गोली! वैज्ञानिकों ने खोज निकाली कॉन्ट्रासेप्टिव पिल

Male Contraceptive Pill: पुरुषों के लिए पहली बिना हार्मोन वाली गर्भनिरोधक गोली YCT-529 का सफल ह्यूमन ट्रायल। जानिए यह कैसे काम करती है और क्या सुरक्षित है।

3 min read
Dec 31, 2025
Male Contraceptive Pill (Photo- gemini ai)

Male Contraceptive Pill: दशकों से गर्भनिरोध (कॉन्ट्रासेप्शन) की जिम्मेदारी ज्यादातर महिलाओं पर ही रही है। पुरुषों के पास भरोसेमंद विकल्प के नाम पर सिर्फ कंडोम या नसबंदी (वसेक्टॉमी) ही रहे हैं। लेकिन अब यह स्थिति बदल सकती है। एक नई बिना हार्मोन वाली पुरुष गर्भनिरोधक गोली (Male Contraceptive Pill) पर बड़ी सफलता मिली है, जिसका नाम YCT-529 है।

ये भी पढ़ें

जिम ट्रेंड कम कर सकता है स्पर्म काउंट! जानिए कैसे फर्टिलिटी पर असर डाल रहा है T-maxxing

क्या है YCT-529?

YCT-529 एक डेली लेने वाली, बिना हार्मोन की पुरुष गर्भनिरोधक गोली है। इसे अमेरिका की बायोटेक कंपनी YourChoice Therapeutics बना रही है। यह रिसर्च कई सालों की मेहनत का नतीजा है, जिसे यूनिवर्सिटी ऑफ मिनेसोटा और कोलंबिया यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने मिलकर तैयार किया है। अब तक पुरुषों के लिए जो गोलियां ट्रायल में आईं, वे टेस्टोस्टेरोन जैसे हार्मोन को दबाती थीं, जिससे मूड खराब होना, वजन बढ़ना और सेक्स ड्राइव कम होना जैसी दिक्कतें आती थीं। लेकिन YCT-529 इन सबसे अलग है।

यह गोली कैसे काम करती है?

यह गोली शुक्राणु बनने की प्रक्रिया को रोकती है, लेकिन पुरुष हार्मोन पर कोई असर नहीं डालती। शरीर में विटामिन A से बनने वाला एक तत्व होता है, जो स्पर्म बनने में मदद करता है। YCT-529 उसी प्रक्रिया को ब्लॉक कर देता है, जिससे स्पर्म ठीक से विकसित नहीं हो पाते। अच्छी बात यह है कि सेक्स क्षमता और इच्छा पर कोई असर नहीं पड़ता। जानवरों पर हुई स्टडी में यह भी देखा गया कि गोली बंद करने के बाद फर्टिलिटी वापस लौट आती है, यानी इसका असर स्थायी नहीं है।

इंसानों पर ट्रायल में क्या सामने आया?

हाल ही में इसका पहला ह्यूमन सेफ्टी ट्रायल पूरा हुआ है। इस ट्रायल में 16 स्वस्थ पुरुषों को शामिल किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक कोई गंभीर साइड इफेक्ट नहीं दिखा। टेस्टोस्टेरोन और अन्य हार्मोन सामान्य रहे। मूड और सेक्स ड्राइव पर कोई असर नहीं पड़ा। हालांकि, यह ट्रायल सिर्फ सुरक्षा के लिए था। अभी यह साबित होना बाकी है कि यह गोली गर्भ ठहरने से पूरी तरह रोक पाएगी या नहीं। इसके लिए लंबे ट्रायल चल रहे हैं।

भारतीय पुरुष क्या सोचते हैं?

भारत में शहरी और पढ़े-लिखे पुरुषों के बीच इस गोली को लेकर मिश्रित राय सामने आई है। कुछ पुरुषों को डर है कि कहीं इससे भविष्य में स्थायी बांझपन न हो जाए। वहीं कुछ का मानना है कि जब तक लंबे समय के सुरक्षित आंकड़े सामने नहीं आते, तब तक वे इसका इस्तेमाल नहीं करेंगे। लेकिन कई युवा पुरुष और नए पिता इस विचार को सकारात्मक बदलाव मानते हैं। उनका कहना है कि अगर महिलाएं सालों से गर्भनिरोधक का बोझ उठाती आई हैं, तो अब पुरुषों को भी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

डॉक्टर क्या कहते हैं?

AIIMS दिल्ली की गायनोकॉलॉजिस्ट डॉ. नीना मल्होत्रा कहती हैं कि भारत में आज भी गर्भनिरोधक साधन महिलाओं पर ही केंद्रित हैं। पुरुषों की भागीदारी बेहद कम है। उनके मुताबिक, बिना हार्मोन की पुरुष गोली एक बड़ा मेडिकल ब्रेकथ्रू हो सकती है। IVF एक्सपर्ट डॉ. वेदिका बाली का कहना है कि पुरुषों का सबसे बड़ा डर हार्मोन, मर्दानगी और फर्टिलिटी को लेकर होता है। लेकिन यह नई गोली इन्हीं चिंताओं को ध्यान में रखकर बनाई गई है और इससे फर्टिलिटी स्थायी रूप से प्रभावित नहीं होती।

आगे क्या?

अब इस गोली के लंबे समय के ट्रायल चल रहे हैं, जिनमें देखा जाएगा कि स्पर्म काउंट कितना घटता है और गोली बंद करने के बाद फर्टिलिटी कितनी जल्दी लौटती है। बाजार में आने में अभी कुछ साल लग सकते हैं।

क्यों है यह जरूरी?

अगर यह गोली सफल होती है, तो यह गर्भनिरोध की सोच को बदल सकती है। इससे जिम्मेदारी बराबर बंटेगी और महिलाओं पर पड़ने वाला शारीरिक व मानसिक बोझ कम होगा। फिलहाल YCT-529 एक उम्मीद है, ऐसी उम्मीद, जो पुरुषों के लिए गर्भनिरोध के नए रास्ते खोल सकती है।

ये भी पढ़ें

Sperm Count Food: पुरुषों की फर्टिलिटी बढ़ाने वाले 10 फूड्स, जो नेचुरली बढ़ा सकते हैं स्पर्म काउंट

Updated on:
02 Jan 2026 03:28 pm
Published on:
31 Dec 2025 02:10 pm
Also Read
View All

अगली खबर