Weight Loss Pill: वजन कम करने के लिए अब तक महंगे इंजेक्शनों का शोर था, लेकिन अब 'ओरफॉरग्लिप्रोन' (Orforglipron) नाम की एक नई टैबलेट चर्चा में है। यह दवा शरीर के नेचुरल सिस्टम को एक्टिव करके भूख कम करती है और वजन घटाने में मदद करती है।
Weight Loss Pill Orforglipron: बढ़ता वजन आज के समय में सबसे बड़ी समस्या बन गया है। अब तक मार्केट में वेट लॉस के लिए इंजेक्शन काफी पॉपुलर थे, लेकिन हर कोई सुई लगवाना पसंद नहीं करता। इसी कमी को दूर करने के लिए मेडिकल साइंस अब ओरफॉरग्लिप्रोन टैबलेट पर काम कर रहा है। आइए, डॉक्टर सुमित (डायबिटीज और इंटरनल मेडिसिन एक्सपर्ट) के नजरिए से समझते हैं इसकी पूरी एबीसीडी।
डॉक्टर्स के मुताबिक, यह दवा उन लोगों के लिए वरदान साबित हो सकती है जो मोटापे के साथ-साथ टाइप-2 डायबिटीज से भी जूझ रहे हैं। यह गोली शरीर में इंसुलिन के लेवल को सुधारती है और ब्लड शुगर को कंट्रोल में रखती है। जब शुगर कंट्रोल होती है और भूख कम लगती है, तो वजन अपने आप तेजी से गिरने लगता है। यह शरीर की जिद्दी चर्बी पर सीधा वार करती है।
सरल भाषा में कहें तो यह एक GLP-1 रिसेप्टर एगोनिस्ट दवा है। हमारे शरीर में एक नेचुरल हार्मोन होता है जो खाने के बाद दिमाग को संकेत देता है कि पेट भर गया है। यह गोली उसी हार्मोन की नकल करती है, जिससे आपको जल्दी पेट भरा हुआ महसूस होता है और आप फालतू कैलोरी खाने से बच जाते हैं।
मोटापा कम करने वाली ज्यादातर असरदार दवाएं अब तक इंजेक्शन के रूप में आती थीं, जिन्हें फ्रिज में रखना पड़ता था और खुद को सुई लगानी पड़ती थी। लेकिन ओरफॉरग्लिप्रोन एक गोली (Pill) है। इसे आप आसानी से कहीं भी ले जा सकते हैं और सामान्य दवाओं की तरह खा सकते हैं।
उम्मीद की जा रही है कि सब कुछ ठीक रहा तो यह 2026 के अंत तक या 2027 की शुरुआत में अंतरराष्ट्रीय बाजार में उपलब्ध हो सकती है। भारत में इसे मंजूरी मिलने में थोड़ा और समय लग सकता है। कीमत को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन जानकारों का कहना है कि इंजेक्शन (जैसे ओजेम्पिक) के मुकाबले यह गोलियां काफी सस्ती हो सकती हैं क्योंकि टैबलेट बनाना और उसे स्टोर करना इंजेक्शन के मुकाबले कम खर्चीला होता है।
डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।