
Oral Lichen Planus Symptoms: आपके साथ कभी ऐसा हुआ है कि सुबह ब्रश करते समय शीशे के सामने मुंह खोला और गाल के अंदर सफेद धागों जैसी जाली दिखी। उसमें न दर्द, न जलन। ज्यादातर लोग इसे गर्मी या पेट की गड़बड़ी समझकर टाल देते हैं। पर यह निशान ओरल लाइकेन प्लेनस (OLP) का संकेत हो सकता है, जिसे समय रहते समझना जरूरी है। ऐसा जरुरी भी नहीं कि हर बार ये समस्या इस कारण से ही हो, लेकिन अगर इस कारण से है तो आइए जानते हैं इसके कारण, लक्षण और बचाव के उपाय क्या हैं?
क्लीवलैंड क्लिनिक के मुताबिक, लाइकेन प्लेनस मुंह के अंदर की झिल्ली में लंबे समय तक रहने वाली सूजन की स्थिति है। माना जाता है कि शरीर की रक्षा करने वाली प्रतिरक्षा कोशिकाएं गलती से मुंह की अपनी परत पर हमला करने लगती हैं। सही कारण अब भी पूरी तरह साफ नहीं है। राहत की बात यह है कि यह छूने, साथ खाने या चूमने से दूसरे व्यक्ति में नहीं फैलता।
मेयो क्लिनिक के अनुसार, यह किसी भी उम्र में हो सकता है, पर ज्यादातर मामले 30 से 70 वर्ष के बीच सामने आते हैं। महिलाओं में यह पुरुषों की तुलना में कई गुना ज्यादा देखा जाता है। कुछ दवाओं, दांतों में भरी सामग्री से एलर्जी, मुंह की चोट, संक्रमण और तनाव को लक्षण भड़कने की वजह माना जाता है, हालांकि इनमें से हर संबंध पक्का साबित नहीं हुआ है।
यह सवाल हर मरीज के मन में आता है, इसलिए सीधी बात कर लेते हैं। शोध के मुताबिक करीब 1 से 4 प्रतिशत लोगों में आगे चलकर मुंह का कैंसर विकसित हो सकता है, और जोखिम इरोसिव रूप में ज्यादा माना गया है। यानी ज्यादातर लोगों में ऐसा नहीं होता, पर लापरवाही भी ठीक नहीं। इसी वजह से डॉक्टर नियमित जांच की सलाह देते हैं।
ओरल लाइकेन प्लेनस आमतौर पर पूरी तरह खत्म नहीं होता, पर सही देखभाल से काबू में रहता है। कभी लक्षण उभरते हैं, कभी लंबे समय तक शांत रहते हैं। घबराने की नहीं, सजग रहने की जरूरत है। मुंह के अंदर सफेद या लाल निशान दो-तीन हफ्ते में न जाएं, घाव न भरे, खाने में जलन बढ़े, खून आए या निगलने में तकलीफ हो तो देर न करें। दंत चिकित्सक या ओरल मेडिसिन विशेषज्ञ से मिलें।