स्वास्थ्य

शरीर में कंपन और धीमी चाल हो सकती है Parkinson’s Disease की शुरुआत, WHO, Mayo Clinic और Cleveland Clinic से जानें कारण

Parkinson’s Disease Cause: आपके घर में किसी के हाथ कांपते हैं या चलने में दिक्कत है? इसे सिर्फ बुढ़ापे की कमजोरी न समझें! WHO और Mayo Clinic के अनुसार जानें पार्किंसंस क्या है और यह क्यों होता है?
2 min read
Aug 01, 2026
Parkinson disease symptoms in Hindi,What causes Parkinson disease,Parkinson disease early warning signs,
पार्किंसंस बीमारी (Parkinson's Disease) के लक्षण और कारण क्या हैं- प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Freepik)

Parkinson’s Disease Symptoms: उम्र बढ़ने के साथ शरीर में थोड़ी थकावट या कमजोरी आना आम बात है, लेकिन क्या आपने कभी ध्यान दिया है कि कुछ लोगों के हाथ-पैर अचानक कांपने लगते हैं या उन्हें चलने में दिक्कत होने लगती है? अक्सर लोग इसे बढ़ती उम्र की सामान्य कमजोरी समझकर छोड़ देते हैं। लेकिन यह पार्किंसंस बीमारी (Parkinson's Disease) की शुरुआत हो सकती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की मानें तो पार्किंसंस दिमाग और तंत्रिका तंत्र (नर्वस सिस्टम) से जुड़ी बीमारी है, जो धीरे-धीरे शरीर पर अपना असर दिखाती है। आइए जानते हैं कि यह बीमारी क्यों होती है और इसके क्या-क्या शुरुआती लक्षण हैं।

किसे ज्यादा होता है पार्किंसंस का खतरा?

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, पार्किंसंस की बीमारी मुख्य रूप से अधिक उम्र के लोगों या बुजुर्गों में देखने को मिलती है। हालांकि, ऐसा नहीं है कि यह बीमारी सिर्फ बुजुर्गों को ही होती है; कभी-कभी कम उम्र या युवाओं में भी इसके मामले देखे जा सकते हैं। अगर महिलाओं और पुरुषों की तुलना की जाए, तो यह बीमारी महिलाओं के मुकाबले पुरुषों में ज्यादा पाई जाती है।

क्यों होती है यह बीमारी?

मेयो क्लिनिक के अनुसार, तो पार्किंसंस होने की असली और सटीक वजह का अभी तक पूरी तरह से पता नहीं चल पाया है। हालांकि, मेडिकल रिसर्च में कुछ बातें सामने आई हैं जो इस बीमारी के खतरे को बढ़ा सकती हैं जैसे, अगर आपके परिवार में या माता-पिता में से किसी को पहले यह बीमारी रही है, तो आपको पार्किंसंस होने का जोखिम दूसरों के मुकाबले थोड़ा ज्यादा हो सकता है। हवा में फैला प्रदूषण, खेतों या घरों में इस्तेमाल होने वाले कीटनाशक (Pesticides) और जहरीले केमिकल्स/सॉल्वेंट्स के ज्यादा संपर्क में रहने से भी इस बीमारी का खतरा बढ़ सकता है।

पार्किंसंस के मुख्य लक्षण

  • हाथों और उंगलियों में कंपन (Tremors)।
  • शरीर का धीमा पड़ना (Slow Movement)।
  • मांसपेशियों में अकड़न।
  • संतुलन बनाने में दिक्कत या बार-बार गिरने का डर बना रहना।
  • आवाज और लिखावट में बदलाव।
  • डिप्रेशन, चिंता या तनाव।
  • ब्लड प्रेशर का अचानक गिरना, बहुत पसीना आना या पाचन की समस्या।
  • रात में ठीक से नींद न आना।

लक्षण दिखने पर क्या कदम उठाएं?

क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, अगर आपके घर में किसी बुजुर्ग या व्यक्ति के हाथ कांपते हैं या चलने में संतुलन बिगड़ता है, तो खुद से दवा लेने के बजाय तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। रोज हल्की-फुल्की वॉक, आसान एक्सरसाइज या फिजियोथेरेपी कराने से नसों की अकड़न कम होती है और शरीर का बैलेंस बेहतर रहता है। मरीज की डाइट में हरी सब्जियां, फल और फाइबर से भरपूर चीजें शामिल करें, ताकि शरीर को ताकत मिले और पाचन ठीक रहे।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

Published on:
01 Aug 2026 07:00 am