स्वास्थ्य

Pelvic Floor Dysfunction: बार-बार होती है टॉयलेट जाने की जरूरत, फिर भी पेट नहीं होता साफ, क्लीवलैंड क्लिनिक से जानिए पेल्विक फ्लोर के बारें में

Pelvic Floor Dysfunction Cause: क्या पेट पूरी तरह साफ नहीं होता या बार-बार टॉयलेट जाना पडता है? क्लीवलैंड क्लिनिक और हेल्थलाइन से जानें पेल्विक फ्लोर की मांसपेशियों में तालमेल की कमी, इसके लक्षण, कारण के बारे में।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 7:50 PM IST
Pelvic floor muscles dysfunction causing difficulty in passing stool and incomplete bowel movements.
बार-बार टॉयलेट जाने और जोर लगाने के बाद भी पेट साफ नहीं होता तो इसकी वजह पेल्विक फ्लोर की मांसपेशियों में गड़बड़ी हो सकती है- प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Freepik)

Pelvic Floor Dysfunction In Hindi: कई लोग रोजमर्रा की जिंदगी में एक अजीब-सी उलझन से जूझते हैं टॉयलेट जाने की इच्छा बार-बार होती है या घंटों बैठे रहने के बाद भी ऐसा लगता है कि पेट ठीक से साफ नहीं हुआ। ज्यादातर मामलों में इसे साधारण कब्ज, गैस या बदलते खान-पान का नतीजा मानकर नजरअंदाज कर दिया जाता है। लेकिन जब यह समस्या लंबे समय तक बनी रहे, तो इसके पीछे पेल्विक फ्लोर डिसफंक्शन (Pelvic Floor Dysfunction) या पेल्विक फ्लोर डिसिनर्जिया (Pelvic Floor Dyssynergia) जैसी स्थिति हो सकती है। आइए जानते हैं कि इसके क्या-क्या कारण होते हैं और इसके लक्षण को।

क्या है पेल्विक फ्लोर और यह कैसे काम करता है?

क्लीवलैंड क्लिनिक के मुताबिक, हमारे पेल्विक हिस्से में मांसपेशियों और ऊतकों की एक मजबूत परत होती है, जिसे पेल्विक फ्लोर कहते हैं। यह मूत्राशय (ब्लैडर), आंतों के निचले हिस्से और महिलाओं में गर्भाशय को सहारा देती है। सामान्य स्थिति में, जब हम मल त्याग करते हैं, तो इन मांसपेशियों का ढीला होना और सही तालमेल बनाना जरूरी होता है। पेल्विक फ्लोर डिसफंक्शन या डिसिनर्जिया में मांसपेशियां जरूरत के मुताबिक ढीली होने के बजाय जकडी रहती हैं या सही क्रम में काम नहीं कर पातीं। नतीजा यह होता है कि मल त्याग में कठिनाई, अधूरापन और बार-बार टॉयलेट जाने का एहसास बना रहता है। यह समस्या महिलाओं और पुरुषों दोनों को प्रभावित कर सकती है।

किन लक्षणों पर ध्यान देना जरूरी है?

इस स्थिति के लक्षण हर व्यक्ति में एक जैसे नहीं होते, लेकिन कुछ संकेत आम तौर पर देखने को मिलते हैं;

  • मल त्याग करते समय अधिक जोर लगाना पडना या पेट पूरी तरह साफ न होने का एहसास रहना।
  • मल या पेशाब के लिए बार-बार जाना पडना, या पेशाब की धार का रुक-रुक कर आना।
  • कब्ज या लीकेज की दिक्कत।
  • पेल्विक क्षेत्र, कमर के निचले हिस्से या गुदा के आसपास खिंचाव या दर्द महसूस होना।

किन वजहों से होती है यह परेशानी?

हेल्थलाइन के अनुसार, पेल्विक फ्लोर की मांसपेशियों में तालमेल बिगड़ने की कोई एक वजह नहीं होती। कई बार लंबे समय तक कब्ज रहने और टॉयलेट में बार-बार जोर लगाने की आदत से यह परेशानी बढ़ सकती है। इसके अलावा कुछ लोगों में इन मांसपेशियों को सही समय पर ढीला करने का तालमेल ही ठीक से नहीं बन पाता। कुछ दूसरी स्थितियां भी इसकी वजह बन सकती हैं;

  • पुरानी कब्ज।
  • गर्भावस्था और डिलीवरी।
  • पेल्विक हिस्से की सर्जरी या चोट।
  • तनाव और मांसपेशियों में खिंचाव।

कब डॉक्टर को दिखाना चाहिए?

  • कई हफ्तों से कब्ज बनी हुई है और घरेलू उपायों से राहत नहीं मिल रही।
  • टॉयलेट में रोज काफी देर तक बैठना पड़ता है।
  • बार-बार जोर लगाने के बाद भी पेट साफ नहीं होता।
  • मल त्याग के बाद भी ऐसा लगता है कि पेट में मल बचा हुआ है।
  • मल निकालने के लिए बार-बार पोजिशन बदलनी पड़ती है या हाथ की मदद लेनी पड़ती है।
  • पेट फूलने और मल त्याग में परेशानी की शिकायत लगातार बनी हुई है।

मल में खून आना, बिना वजह वजन कम होना, पेट में लगातार तेज दर्द होना या मल के साथ खून आना जैसे संकेतों को नजरअंदाज न करें। अगर पेट में तेज दर्द के साथ उल्टी हो रही है, पेट बहुत फूल गया है और मल या गैस बिल्कुल नहीं निकल रही, तो तुरंत अस्पताल जाएं।

डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।