स्वास्थ्य

Penile Cancer के शुरुआती लक्षण पहचानना क्यों है जरूरी? Survivor ने बताई पूरी कहानी

Penile Cancer: BBC की एक रिपोर्ट के अनुसार, 49 साल के एलिस्टेयर मुनरो को पेनाइल कैंसर (प्राइवेट पार्ट का कैंसर) की वजह से एक बेहद जटिल सर्जरी से गुजरना पड़ा, जिसमें उनके प्राइवेट पार्ट का 30 प्रतिशत हिस्सा काटना पड़ा। आज वे अपनी कहानी दुनिया को बता रहे हैं ताकि दूसरे पुरुष शर्म छोड़कर समय पर डॉक्टर के पास जा सकें।
2 min read
May 08, 2026
Penile cancer survivor Alastair Munro,Symptoms of penis cancer,Penile cancer surgery
Penile Cancer (Image- AI)

Penile Cancer: स्कॉटलैंड के इनवर्नेस में रहने वाले कंस्ट्रक्शन इंजीनियर एलिस्टेयर मुनरो के लिए एक छोटी सी गांठ उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा डरावना सपना बन गई। पहले उन्हें लगा कि यह मामूली बात है, लेकिन जब वह बढ़ने लगी तो उन्हें शक हुआ। बीबीसी को दिए इंटरव्यू में एलिस्टेयर ने बताया कि जब वे डॉक्टर के पास पहुंचे, तो डॉक्टर ने पहली नजर में ही कह दिया कि यह कैंसर हो सकता है। एलिस्टेयर के लिए यह किसी बड़े झटके से कम नहीं था, क्योंकि उन्होंने इस तरह के कैंसर के बारे में पहले कभी सुना तक नहीं था।

7 घंटे की सर्जरी से बची जान

एलिस्टेयर की हालत बिगड़ती जा रही थी और सीटी स्कैन से पता चला कि कैंसर शरीर के दूसरे हिस्सों में फैल रहा है। उनकी सर्जरी एडिनबर्ग के वेस्टर्न जनरल अस्पताल में हुई, जिसे बीबीसी की कैमरा टीम ने भी रिकॉर्ड किया। करीब 7 घंटे तक चली इस सर्जरी में डॉक्टरों ने ट्यूमर के साथ-साथ उनके प्राइवेट पार्ट का 30 फीसदी हिस्सा काटकर अलग कर दिया। कैंसर जांघ के पास की ग्रंथियों (lymph nodes) तक फैल गया था, जिन्हें हटाना जरूरी था। इसके बाद उनकी जांघ से मांस का टुकड़ा लेकर उनके अंग को दोबारा ठीक करने की कोशिश की गई।

ऐसा लग रहा था कि 'वो मुझे अंदर से खोद रहे थे'

पहली सर्जरी के छह हफ्ते बाद एलिस्टेयर को फिर से साढ़े तीन घंटे के लिए ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया, क्योंकि कैंसर का कुछ अंश अभी भी बाकी था। एलिस्टेयर ने इस प्रक्रिया को थोड़ा शुरुआत का (Primitive) बताया। उन्होंने कहा, वे तब तक शरीर के अंदर सफाई करते रहते हैं जब तक उन्हें कैंसर का आखिरी सिरा नहीं मिल जाता। यह सुनने में डरावना लगता है, लेकिन डॉक्टरों ने कमाल कर दिया।

आगे क्या चुनौतियां आई?

एक महीने की रेडियोथेरेपी के बाद फरवरी में एलिस्टेयर को कैंसर मुक्त घोषित कर दिया गया। हालांकि, उनकी मुश्किलें अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। सर्जरी और रेडियोथेरेपी की वजह से उन्हें लिम्फेडेमा (त्वचा में सूजन) हो गया है, जिसके कारण वे फिलहाल सामान्य रूप से यूरिन पास नहीं कर पा रहे हैं। करीब एक साल बाद उनकी एक और प्लास्टिक सर्जरी होगी ताकि वे सामान्य जीवन में लौट सकें। डॉक्टरों ने उन्हें चेतावनी दी है कि अगले दो साल के अंदर कैंसर के वापस आने की संभावना ज्यादा है।

मैंने सर्जरी की वीडियो रिकॉर्डिंग करवाई

एलिस्टेयर मुनरो ने न केवल अपनी बीमारी को दुनिया के सामने रखा, बल्कि अपनी उस जटिल सर्जरी को BBC की डॉक्यूमेंट्री टीम द्वारा रिकॉर्ड करने की अनुमति भी दी। यह फैसला किसी भी इंसान के लिए बहुत मुश्किल होता है, खासकर जब बात शरीर के इतने निजी हिस्से की हो। एलिस्टेयर ने बताया कि उन्होंने ऐसा जागरूकता फैलाने के लिए किया। पुरुषों में अक्सर अपने प्राइवेट पार्ट से जुड़ी बीमारियों को लेकर बहुत शर्मिंदगी होती है। वे डॉक्टर के पास जाने से कतराते हैं, जिससे बीमारी जानलेवा हो जाती है।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

Published on:
08 May 2026 06:32 pm