स्वास्थ्य

Proctalgia Fugax: बैठे-बैठे अचानक गुदा में होने लगता है तेज दर्द, कुछ मिनट बाद मिल जाती है राहत, जानें इसके पीछे की वजह

Proctalgia Fugax Cause: बैठे-बैठे गुदा में अचानक तेज दर्द और कुछ मिनट में राहत? क्लीवलैंड क्लिनिक और वेबएमडी से जानें प्रोक्टाल्जिया फ्यूगैक्स के लक्षण, कारण, जांच और डॉक्टर को कब दिखाएं।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 2:13 PM IST
डॉक्टर के क्लिनिक में अपनी तकलीफ बताता मरीज
दर्द चाहे कुछ मिनट में थम जाए, बार-बार लौटे तो डॉक्टर से खुलकर बात करना जरूरी है- प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Chatgpt)

Proctalgia Fugax Symptoms: सोचिए, आप रात में गहरी नींद में हैं या दफ्तर में कुर्सी पर बैठे हैं। अचानक गुदा (एनस) में ऐसा तेज दर्द उठता है कि सांस थम-सी जाती है। कुछ सेकंड या कुछ मिनट बाद दर्द अपने आप गायब हो जाता है, मानो कुछ हुआ ही न हो। ऐसे में आदमी डरता भी है और शर्म की वजह से किसी से कह भी नहीं पाता। इस परेशानी का एक नाम है, प्रोक्टाल्जिया फ्यूगैक्स। आइए जानते हैं कि ऐसा किस कारण से होता है और इसके लक्षण क्या-क्या हैं?

क्या होता है प्रोक्टाल्जिया फ्यूगैक्स

क्लीवलैंड क्लिनिक के मुताबिक, प्रोक्टाल्जिया का मतलब है गुदा या मलाशय में दर्द और फ्यूगैक्स का मतलब है क्षणिक, यानी पल भर का। यह दर्द आमतौर पर कुछ सेकंड से लेकर ज्यादा से ज्यादा करीब 30 मिनट तक रहता है। दर्द के बीच के समय में व्यक्ति सामान्य रहता है। यह बार-बार लौट सकता है, कभी महीनों के अंतर पर, कभी जल्दी-जल्दी। कितने लोग इससे गुजरते हैं, इसका सटीक आंकड़ा नहीं है। 4 से 18 फीसदी लोगों को यह होता है। इनमें से सिर्फ करीब 20 फीसदी ही डॉक्टर के पास जाते हैं। यह महिलाओं में ज्यादा देखा जाता है और 30 से 60 साल की उम्र में अधिक पाया जाता है।

दर्द कैसा होता है या कैसे पहचानें?

  • दर्द तेज और चुभने वाला होता है, हल्का या धीमा नहीं।
  • यह गुदा के अंदर या ठीक आसपास महसूस होता है।
  • अक्सर बिना किसी वजह के अचानक शुरू होता है, कई बार नींद से भी जगा देता है।
  • कुछ लोग इसकी तुलना टांग की मांसपेशी में ऐंठन से करते हैं।

प्रोक्टाल्जिया फ्यूगैक्स की वजह क्या है

वेबएमडी के अनुसार, सच यह है कि इसकी कोई एक पक्की वजह अब तक पता नहीं चली है। माना जाता है कि गुदा की स्फिंक्टर मांसपेशियों या पेल्विक फ्लोर की मांसपेशियों में अचानक ऐंठन इसका कारण बनती है। कुछ मामलों में नसों की गड़बड़ी की भी भूमिका बताई जाती है। तनाव और चिंता, इरिटेबल बाउल सिंड्रोम (आईबीएस), कब्ज, मल त्याग, यौन संबंध और माहवारी को कुछ लोगों में इसका ट्रिगर माना गया है। हालांकि कई लोगों में कोई ट्रिगर नहीं मिलता।

इसकी जांच कैसे होती है?

इसके लिए कोई सीधा टेस्ट नहीं है। डॉक्टर पहले दूसरी बीमारियों को बाहर करते हैं, जैसे बवासीर, गुदा में फिशर (छोटा कट), फोड़ा या सूजन वाली आंत की बीमारी। इसलिए जांच में डॉक्टर लक्षणों की जानकारी लेते हैं, शारीरिक परीक्षण करते हैं और जरूरत लगे तो खून की जांच या कोलोनोस्कोपी जैसी जांच कराते हैं। अगर आप दर्द का समय, कितनी देर चला और उससे पहले क्या हुआ, यह नोट कर लें तो डॉक्टर का काम आसान हो जाता है।

कब आपको तुरंत डॉक्टर के पास जाना चाहिए?

गुदा का हर दर्द प्रोक्टाल्जिया फ्यूगैक्स नहीं होता। इसलिए पहली बार ऐसा हो तो भी एक बार डॉक्टर से मिलना समझदारी है। इन स्थितियों में तो बिल्कुल देर न करें;

  • दर्द 30 मिनट से ज्यादा टिके या लगातार बना रहे।
  • दर्द बार-बार लौटे।
  • मल में खून आए, बुखार हो, गांठ या सूजन महसूस हो।

प्रोक्टाल्जिया फ्यूगैक्स तकलीफदेह जरूर है, पर इसे गंभीर बीमारी नहीं माना जाता। असली दिक्कत शर्म है, जो लोगों को जांच से रोकती है। शरीर के किसी भी हिस्से का दर्द बताने में शर्म कैसी? डॉक्टर के लिए यह एक सामान्य लक्षण है और सही समय पर बात करने से सबसे पहले यही पक्का होता है कि दर्द के पीछे कुछ गंभीर तो नहीं।

डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
Updated on:
24 Nov 2026, 2:13 PM IST
Published on:
Also Read
View All
देश में HPV Vaccination का आंकड़ा 1 करोड़ पार, सालाना लक्ष्य की 87% लड़कियों को लगा टीका, जानें U-WIN पर स्लॉट बुक करने का तरीका

नाभि के पास अचानक होने लगता है दर्द, कहीं ये पेट का माइग्रेन तो नहीं, क्लीवलैंड क्लिनिक से जानें Abdominal Migraine के कारण

खड़े होते ही कांपने लगते हैं पैर, बैठने या चलने पर अपने आप रुक जाता है कंपन, क्लीवलैंड क्लिनिक से जानें Orthostatic Tremor के बारे में

बालों में छोटे-छोटे सफेद बिंदु दिखना और बार-बार टूटना हो सकता है Trichorrhexis Nodosa का लक्षण, IJDVL से समझें

Winter High Blood Pressure: सर्दियों में सुबह उठते ही क्यों बढ़ सकता है ब्लड प्रेशर? मेयो क्लिनिक से जानें ठंड में दिल पर कैसे पड़ता है दबाव