
Stiff Neck Causes: सुबह आंख खुली और गर्दन जैसे जाम हो चुकी थी। थोड़ा सा मुड़ने पर तेज टीस उठती है, सीधे देखने के लिए पूरा शरीर घुमाना पड़ता है। पहला खयाल यही आता है कि रात को तकिया गलत लग गया होगा। ज्यादातर मामलों में यह सोच सही भी होती है। फिर भी कुछ लोगों के साथ कहानी यहीं खत्म नहीं होती, क्योंकि दर्द बढ़ता जाता है और दवा-मालिश से आराम नहीं मिलता। आइए जानते हैं कि इसके कारण और अन्य लक्षण क्या हैं।
Cleveland Clinic के मुताबिक, अकड़ी हुई गर्दन अक्सर कुछ ही दिन चलने वाली परेशानी होती है। इसके पीछे अजीब मुद्रा में सोना, देर तक मोबाइल या कंप्यूटर की स्क्रीन देखना, तनाव या गर्दन की मांसपेशी और लिगामेंट पर खिंचाव जैसी बातें होती हैं। चोट या झटका (जैसे दुर्घटना या व्हिपलैश) भी वजह बन सकता है। अगर दर्द हल्का है, कुछ दिन में घट रहा है और बुखार या सिरदर्द जैसी कोई और शिकायत नहीं है, तो आम तौर पर घर पर देखभाल काफी रहती है। कुछ लोगों में तेज गर्दन दर्द और अकड़न के साथ निगलते समय भी दर्द होता है, यानी खाना या पानी निगलना कठिन हो जाता है। गर्दन हर दिशा में लगभग जाम सी हो जाती है। इसके पीछे लॉन्गस कोलाई टेंडिनाइटिस (longus colli tendinitis) हो सकती है।
द ऑक्सनर जर्नल (पीएमसी) के मुताबिक, लॉन्गस कोलाई गर्दन के सामने, रीढ़ के पास की एक गहरी मांसपेशी है, जो गर्दन को आगे झुकाने में मदद करती है। इसके ऊपरी टेंडन में कैल्शियम हाइड्रॉक्सीएपेटाइट के कण जम जाते हैं, और इनके कारण आसपास सूजन भड़क उठती है। इसका सही कारण पूरी तरह पता नहीं है। माना जाता है कि बार-बार की चोट, रक्त प्रवाह की कमी या टेंडन के घिसने से इसकी शुरुआत हो सकती है।
जर्नल ऑफ मेडिकल केसेस की एक केस रिपोर्ट में 34 साल की ऑफिस कर्मचारी महिला को चार दिन से गर्दन में तेज दर्द था, जो बाएं हाथ तक जा रहा था। गर्दन लगभग हिल नहीं पा रही थी और बाद में निगलने में तकलीफ व लेटने पर घुटन जैसा अहसास शुरू हो गया। दर्द की गोलियां, फिजियोथेरेपी और एक्यूपंक्चर से भी फायदा नहीं हुआ था। जांच में इसी स्थिति की पुष्टि हुई।
एक 2013 के अध्ययन का अनुमान है कि यह प्रति वर्ष लगभग 0.5 प्रति एक लाख लोगों में होती है। पर लेखक मानते हैं कि इसकी पहचान अक्सर छूट जाती है, इसलिए असली संख्या ज्यादा हो सकती है। यह मुख्य रूप से 30 से 60 साल के वयस्कों में दिखती है और पुरुष-महिला में कोई खास फर्क नहीं पाया गया।
इसके लक्षण दिमागी बुखार (मेनिन्जाइटिस), गले के पीछे के फोड़े (रेट्रोफेरिंजियल एब्सेस), रीढ़ के संक्रमण या गर्दन की हड्डी टूटने जैसी खतरनाक स्थितियों से मिलते हैं। इसीलिए डॉक्टर पहले उन्हें बाहर करते हैं। लॉन्गस कोलाई टेंडिनाइटिस खुद हानिरहित मानी जाती है, पर बाकी गंभीर वजहों को खुद से खारिज नहीं करना चाहिए।
डॉक्टर लक्षण पूछकर गर्दन की गति देखते हैं और खून की जांच से सूजन के संकेत परखते हैं। गर्दन का एक्स-रे कुछ संकेत दे सकता है, पर पक्की पुष्टि के लिए सीटी स्कैन सबसे भरोसेमंद माना जाता है। इसमें गर्दन की ऊपरी हड्डियों के पास कैल्शियम के जमाव और आसपास का तरल साफ दिखता है। एमआरआई यह बताने में मदद कर सकता है कि वह तरल सूजन का है या मवाद का।
लॉन्गस कोलाई टेंडिनाइटिस आम तौर पर दो-तीन हफ्ते में अपने आप ठीक हो जाती है। इलाज दर्द और सूजन घटाने पर केंद्रित रहता है। इसमें सूजन-रोधी दवाएं और गर्दन को आराम दिया जाता है, और जरूरत पड़ने पर कुछ समय के लिए सॉफ्ट कॉलर। ज्यादा तकलीफ में डॉक्टर स्टेरॉयड की छोटी खुराक दे सकते हैं। इसमें ऑपरेशन की जरूरत नहीं होती, और अगर तीन हफ्ते बाद भी राहत न मिले, तो डॉक्टर किसी और वजह की तलाश करते हैं।
अधिकतर अकड़ी गर्दन का इलाज आराम और धैर्य है। पर जब अचानक तेज दर्द के साथ निगलना भी मुश्किल हो जाए, तो अंदाजे से घरेलू नुस्खों पर टिके रहने के बजाय जांच कराना बेहतर है। सही पहचान होने से सबसे बड़ा फायदा यह होता है कि गैर-जरूरी जांचों और इलाज से बचा जा सकता है और डर भी कम होता है।