स्वास्थ्य

Swollen Gums: क्या आपके मसूड़े बार-बार सूज जाते हैं और ब्रश करते समय मसूड़ों से खून आता है? क्लीवलैंड क्लिनिक से जानें इसके कारण

Swollen Gums Cause: क्या ब्रश करते समय आपके मसूड़ों से भी खून आता है? जानिए जिंजिवाइटिस (मसूड़ों की सूजन) क्या है? क्लीवलैंड क्लिनिक और मेयो क्लिनिक से समझिए इसके शुरुआती लक्षण और दांतों को सुरक्षित रखने के उपाय।
2 min read
Aug 04, 2026
Swollen Gums Causes in Hindi,Gingivitis Symptoms and Treatment,Bleeding Gums Causes in Hindi,
मसूड़े में सूजन और ब्रश करते समय मसूड़ों से खून आना के पीछे की वजह जिंजिवाइटिस भी हो सकती है- प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Freepik)

Swollen Gums Causes Hindi: क्या सुबह ब्रश करते समय आपके मसूड़ों से लाल-लाल खून निकलने लगता है? या फिर शीशे में देखने पर मसूड़े फूले हुए और लाल दिखाई देते हैं? अगर ऐसा है, तो इसे मामूली सी बात है कहकर टालने की भूल बिल्कुल मत कीजिए। क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, मसूड़ों में सूजन और खून आने की समस्या बहुत से लोगों को होती है। लेकिन अगर आप इसे नजरअंदाज करेंगे, तो धीरे-धीरे यह आपके मजबूत से मजबूत दांतों की जड़ों को भी कमजोर कर सकती है। आइए जानते हैं कि ऐसा क्यों होता है और इससे कैसे राहत पाई जाए।

मसूड़ों में सूजन और खून आने की असली वजह क्या है?

1. जिंजिवाइटिस- मेयो क्लिनिक के अनुसार, जिंजिवाइटिस (Gingivitis) मसूड़ों की एक बहुत ही आम और हल्की बीमारी है, जो आगे चलकर दांतों के लिए बड़ी परेशानी बन सकती है। इसकी वजह से हमारे मसूड़ों में जलन, लालपन, सूजन आने लगती है और ब्रश करते वक्त खून निकलने लगता है। यह सबसे बड़ी वजह है। जब हम दांतों की ठीक से सफाई नहीं करते, तो उन पर गंदगी और बैक्‍टीरिया की पतली परत जम जाती है।

2. दांतों की सफाई में लापरवाही- रोज रात को ब्रश न करना, सही से कुल्ला न करना या दांतों के बीच फंसा खाना न निकालना बैक्‍टीरिया के लिए दावत जैसा है।

3 .शरीर में विटामिन की कमी- अगर शरीर में विटामिन C और विटामिन K कम हो जाए, तो मसूड़े ढीले और कमजोर पड़ने लगते हैं और जरा से झटके से भी उनसे खून आने लगता है।

4. हॉर्मोन का उतार-चढ़ाव- महिलाओं में प्रेग्नेंसी, पीरियड्स या उम्र के एक पड़ाव (मेनोपॉज) पर हॉर्मोनल बदलाव होते हैं। इस वजह से मसूड़े ज्यादा नाजुक हो जाते हैं।

5. बहुत जोर से या कड़ा ब्रश घिसना- सख्त बालों (Hard bristles) वाले ब्रश से दांतों को रगड़कर साफ करने से भी मसूड़े छिल जाते हैं और सूजन आ जाती है।

6. तंबाकू और सिगरेट की आदत- गुटखा, तंबाकू या सिगरेट पीने से मसूड़ों तक खून का बहाव सही से नहीं हो पाता, जिससे इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है।

कब तुरंत दांतों के डॉक्टर को दिखाना चाहिए?

  • अगर आपको लगे कि मसूड़ों की पकड़ ढीली हो गई है और दांत हिल रहे हैं।
  • ब्रश करने के बाद भी सांसों की बदबू दूर न होना।
  • मसूड़ों से मवाद (पस) निकलना।
  • खाना चबाने में तकलीफ होना।
  • मसूड़ों का अपनी जगह से खिसकना।

मसूड़ों को सुरक्षित रखने के उपाय

  • हमेशा नरम बालों वाला (Soft-bristled) ब्रश चुनें और हल्के हाथों से, गोल-गोल घुमाते हुए ब्रश करें।
  • गुनगुने पानी में नमक डालकर कुल्ला करें।
  • खाने में खट्टी और हरी चीजें बढ़ाएं।
  • पानी पीने में कंजूसी न करें।
  • सिगरेट-तंबाकू से दूरी बनाएं।
  • हर 6 महीने में एक बार डेंटिस्ट के पास जाकर दांतों की जांच और सफाई करवाएं।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

Published on:
04 Aug 2026 07:00 am