स्वास्थ्य

Trichiasis: आंखों में बार-बार चुभन, लालिमा और पानी आने की वजह गलत दिशा में बढ़ रहीं पलकें तो नहीं, AAO से जानें

Trichiasis Cause: आंखों में बार-बार चुभन, लालिमा और पानी आने की वजह गलत दिशा में बढ़ रहीं पलकें तो नहीं? अमेरिकन एकेडमी ऑफ ऑप्थलमोलॉजी (AAO) और क्लीवलैंड क्लिनिक से जानें ट्रिकियासिस के लक्षण, कारण और बचाव के उपाय।
2 min read
• •
Oct 22, 2026
Close-up of a person experiencing eye irritation and inward-growing eyelashes (trichiasis) causing redness and watering.
पलकों के अंदर की ओर मुड़ने (ट्रिकियासिस) के कारण आंखों में लगातार चुभन, लालिमा और पानी आने की समस्या हो सकती है- प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Freepik)

Trichiasis Cause: अक्सर हम आंखों में होने वाली जलन, लालीपन या पानी बहने की समस्या को सामान्य थकान, कम नींद या प्रदूषण मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। घंटों कंप्यूटर स्क्रीन के सामने बैठना या मोबाइल चलाना इसका आम कारण माना जाता है। लेकिन क्या कभी आपने सोचा है कि इन सबका कारण आपकी अपनी पलकें भी हो सकती हैं? अमेरिकन एकेडमी ऑफ ऑप्थलमोलॉजी (AAO) के मुताबिक, आंखों से जुड़ी कई परेशानियों के पीछे ट्रिकियासिस (Trichiasis) नाम की एक मेडिकल कंडीशन हो सकती है, जिसमें पलकों के बाल बाहर की ओर बढ़ने के बजाय अंदर की तरफ मुड़ जाते हैं।

क्या है ट्रिकियासिस (Trichiasis)?

क्लीवलैंड क्लिनिक के मुताबिक, सामान्य स्थिति में पलकों के बाल बाहर की तरफ उगते हैं, ताकि आंखें धूल-मिट्टी और बाहरी कणों से सुरक्षित रहें। लेकिन ट्रिकियासिस एक ऐसी स्थिति है जिसमें पलकें अपनी सही दिशा से भटककर अंदर की ओर आंख की पुतली यानी कॉर्निया (Cornea) और कंजंक्टिवा (Conjunctiva) की तरफ बढ़ने लगती हैं। जब ये उल्टी दिशा में बढ़ी हुई पलकें आंख की संवेदनशील सतह से लगातार टकराती हैं, तो आंखों में भारी असहजता और चुभन पैदा होती है।

ट्रिकियासिस के मुख्य लक्षण (Symptoms)

यदि आपको नीचे दिए गए लक्षण लंबे समय से महसूस हो रहे हैं, तो यह ट्रिकियासिस का संकेत हो सकता है;

  • आंखों में बार-बार चुभन महसूस होना।
  • आंखों का लाल होना।
  • लगातार पानी बहना।
  • रोशनी से परेशानी (Photophobia) होना।
  • धुंधलापन या दर्द होना।

किन कारणों से होती है यह समस्या?

अमेरिकन एकेडमी ऑफ ऑप्थलमोलॉजी (AAO) के अनुसार, यह समस्या किसी भी उम्र के व्यक्ति को हो सकती है, लेकिन वयस्कों में इसके मामले अधिक देखने को मिलते हैं। इसके प्रमुख कारणों में शामिल हैं;

  • क्रोनिक ब्लेफेराइटिस (Blepharitis)।
  • आई इन्फेक्शन (Eye Infections)।
  • आंखों की चोट या सर्जरी के निशान।
  • ऑटोइम्यून बीमारियां।

आंखों की सेहत से जुड़े मामलों में कभी भी लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। अगर आपको लगता है कि आपकी पलकें अंदर की ओर मुड़ रही हैं या आंखों में निरंतर चुभन बनी रहती है, तो तुरंत किसी नेत्र विशेषज्ञ (Ophthalmologist) से संपर्क करें। समय पर सही इलाज कराने से कॉर्निया को सुरक्षित रखा जा सकता है और आप गंभीर दृष्टि समस्याओं से बच सकते हैं।

डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
Updated on:
22 Oct 2026 11:34 am
Published on:
22 Oct 2026 11:34 am