
Itching After Bath In Winter: सुबह के साढ़े छह बजे हैं। बाहर कोहरा है। आपने गीजर चलाया, बाल्टी में खूब गरम पानी भरा और मन में सोचा कि आज तो जी भरकर नहाऊंगा। साबुन लगाया, खूब रगड़ा, ऊपर से गरम पानी डाला। उस वक्त बहुत अच्छा लगा। तौलिया लपेटा, कमरे में आए, हीटर के सामने खड़े होकर कपड़े पहनने लगे। और तभी पिंडलियों में हल्की-सी झनझनाहट शुरू हुई। फिर खुजली। आपने एक बार खुजलाया, फिर दोबारा। अब त्वचा पर सफेद लकीरें उभर आई हैं। अगर यह सीन आपके घर का भी है, तो आप अकेले नहीं हैं बहुत सारे लोगों के साथ ऐसा होता है कि वो नहाकर आए फिर भी उनको खुजली होने लगी
डर्मनेट के मुताबिक, हमारी त्वचा के ऊपर एक पतली परत होती है, जिसे आप दीवार की तरह समझ सकते हैं। इस दीवार में पानी और प्राकृतिक चिकनाई जमा रहती है। जब आप बहुत गरम पानी डालते हैं और ऊपर से साबुन रगड़ते हैं, तो यह चिकनाई घुलकर बह जाती है। दीवार में दरारें पड़ने लगती हैं।
सर्दी में हवा वैसे ही सूखी होती है। कमरे में फैन हीटर चल रहा हो तो और भी। चर्म रोग विशेषज्ञ बताते हैं कि कम नमी वाला माहौल त्वचा की ऊपरी परत से पानी का उड़ना बढ़ा देता है। यानी जिस त्वचा की चिकनाई पहले ही नहाने में बह चुकी थी, उसकी बची-खुची नमी भी उड़ने लगती है।
क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, नाखून से खुजलाते ही त्वचा की बची हुई सुरक्षा भी टूटती है। सूजन बढ़ती है, लाली आती है और खुजली और तेज हो जाती है। इसे चक्र की तरह समझिए: रूखापन, खुजली, खुजलाना, और रूखापन। जब यह दशा बनी रहती है तो त्वचा सूखी जमीन की तरह चटकी हुई दिखने लगती है, जिसमें हीरे के आकार के टुकड़े लाल लकीरों से बंटे होते हैं। डॉक्टर इसे जेरोटिक एक्जिमा या एस्टीएटोटिक एक्जिमा कहते हैं। इसका फ्रेंच नाम एक्जिमा क्रैकलेट है, जो इसके चटके हुए रूप से आया है।
यह उम्र के साथ ज्यादा आम होता है, खासकर 60 के बाद, क्योंकि उम्र के साथ त्वचा में तेल और नमी कम बनती है। पर बच्चे, युवा, किसी को भी हो सकता है, अगर त्वचा बहुत रूखी हो। घर में बुजुर्ग हों तो उनकी पिंडलियों पर एक नजर जरूर रखें।
गरम पानी और साबुन त्वचा की प्राकृतिक चिकनाई घटा देते हैं, और सर्दी की सूखी हवा बची नमी भी उड़ा देती है। इससे त्वचा रूखी होकर खुजलाने लगती है।
ज्यादातर मामलों में नहीं। यह अक्सर नमी लगाने और नहाने की आदत बदलने से संभल जाता है। पर खुजली से घाव, संक्रमण या बहुत लंबी अवधि की तकलीफ हो तो डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
हां। अगर त्वचा फिर रूखी हो जाए, तो यह लौट सकता है। इसलिए सर्दी भर नमी लगाने की आदत बनाए रखें।