
World HPP Day 2026: कई बार बच्चों के दूध के दांत उम्र से पहले गिरने लगते हैं। कुछ लोगों को बार-बार हड्डियों में दर्द होता है या मामूली गतिविधि के दौरान भी फ्रैक्चर हो जाता है। आमतौर पर ऐसी परेशानियों को पोषण की कमी, कमजोरी या हड्डियों की सामान्य समस्या समझ लिया जाता है। लेकिन कुछ मामलों में इनके पीछे एक दुर्लभ आनुवंशिक बीमारी भी हो सकती है, जिसे हाइपोफॉस्फेटेसिया (Hypophosphatasia या HPP) कहते हैं।
यह बीमारी हड्डियों और दांतों के सामान्य विकास को प्रभावित करती है। हर साल 30 अक्टूबर को World HPP Day मनाया जाता है, ताकि इस बीमारी के बारे में लोगों में जागरूकता बढ़ाई जा सके। साल 2026 में भी इस दिन का उद्देश्य बीमारी से प्रभावित लोगों, उनके परिवारों और इलाज से जुड़े स्वास्थ्यकर्मियों के अनुभवों को सामने लाना है।
साइंसडायरेक्ट के अनुसार, HPP एक ऐसी बीमारी है जो शरीर में अल्कलाइन फॉस्फेटस (ALP) नाम के एंजाइम के स्तर को प्रभावित करती है। यह हमारी हड्डियों और दांतों के बनने की प्राकृतिक प्रक्रिया यानी मिनरलाइजेशन (Mineralization) को बाधित कर देती है। जब हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाने वाले मिनरल्स (जैसे कैल्शियम और फॉस्फोरस) ठीक से जमा नहीं हो पाते, तो हड्डियां अंदर से कमजोर, स्पंजी और बेहद नाजुक होने लगती हैं। चूंकि यह समस्या सीधे जीन म्यूटेशन की वजह से होती है, इसलिए इसके लक्षण बच्चों से लेकर वयस्कों तक, किसी भी उम्र में अलग-अलग तीव्रता के साथ सामने आ सकते हैं।
क्लीवलैंड क्लिनिक के मुताबिक, Hypophosphatasia का ऐसा कोई इलाज नहीं है जो बीमारी को पूरी तरह खत्म कर दे, लेकिन कुछ मरीजों में दवा और दूसरी उपचार पद्धतियों से लक्षणों और जटिलताओं को संभालने में मदद मिल सकती है। एस्फोटेज अल्फा (Asfotase alfa) एक एंजाइम रिप्लेसमेंट थेरेपी है, जिसका इस्तेमाल बीमारी के कुछ प्रकारों में किया जाता है। यह हर मरीज के लिए उपयुक्त नहीं होती। इलाज का फैसला बीमारी के प्रकार, उम्र, लक्षणों और विशेषज्ञ की सलाह के आधार पर किया जाता है। इसके अलावा, मरीज को हड्डियों के फ्रैक्चर, दर्द, चलने-फिरने में परेशानी और दांतों से जुड़ी समस्याओं के लिए अलग-अलग विशेषज्ञों की जरूरत पड़ सकती है। बच्चों में नियमित दांतों की जांच और उनकी हड्डियों के विकास पर नजर रखना भी जरूरी है।
अगर बच्चे के दूध के दांत असामान्य रूप से जल्दी गिर रहे हैं, हड्डियों में लगातार दर्द रहता है या बार-बार फ्रैक्चर हो रहा है, तो इसे केवल कमजोरी मानकर नजरअंदाज न करें। वयस्कों में भी बिना स्पष्ट वजह के बार-बार स्ट्रेस फ्रैक्चर होने या लगातार हड्डियों में दर्द रहने पर डॉक्टर से जांच कराना उचित है। World HPP Day का उद्देश्य ऐसी दुर्लभ बीमारियों के बारे में जानकारी बढ़ाना है, ताकि मरीजों की परेशानी को समय पर पहचाना जा सके और उन्हें सही देखभाल मिल सके। समय पर पहचान होने से लक्षणों को संभालने और बीमारी से जुड़ी जटिलताओं का बेहतर प्रबंधन करने में मदद मिल सकती है।