Hayden Panettiere Recalls Shocking Moment: हॉलीवुड अभिेनेत्री हेडन पैनेटियर ने हाल ही में खुलासा किया है कि उन्हें उनकी दोस्त ने बिना बताए किसी मशहूर शख्स के साथ सुलाने की कोशिश की।
Hayden Panettiere Recalls Shocking Moment: हॉलीवुड की ग्लैमरस दुनिया बाहर से जितनी चमकदार दिखाई देती है, उसके पीछे कई ऐसे दर्दनाक सच भी छिपे होते हैं जिनके बारे में लोग शायद ही जानते हों। मशहूर हॉलीवुड अभिनेत्री हेडन पैनेटियर ने हाल ही में अपनी जिंदगी के ऐसे ही कड़वे अनुभवों को साझा किया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। बचपन से कैमरे और शोहरत के बीच पली-बढ़ीं हेडन ने खुलासा किया कि करियर के शुरुआती दौर में उन्हें एक ऐसे भयावह अनुभव से गुजरना पड़ा जिसे याद कर आज भी वह भावुक हो जाती हैं।
36 वर्षीय अभिनेत्री ने पॉडकास्ट होस्ट जय शेट्टी के शो में बातचीत के दौरान अपनी आने वाली किताब ‘दिस इस मी’ से जुड़े कई चौंकाने वाले किस्से साझा किए। इसी बातचीत में उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा आया जब जिस महिला दोस्त पर वो सबसे ज्यादा भरोसा करती थीं, उसी ने उन्हें बेहद असहज और खतरनाक स्थिति में डाल दिया।
हेडन ने बताया कि उस वक्त वह महज 18 साल की थीं। उम्र भले ही कानूनी तौर पर बालिग होने की थी, लेकिन मानसिक रूप से वो इतनी परिपक्व नहीं थीं कि आसपास हो रही हर चीज को पूरी तरह समझ पातीं। उन्होंने कहा कि उस समय उन्हें लगता था कि वो अपने फैसले खुद लेने में सक्षम हैं, लेकिन बाद में एहसास हुआ कि कई चीजें उनकी समझ से बाहर थीं।
अभिनेत्री ने बताया कि एक दिन उन्हें एक बोट पार्टी में ले जाया गया। वहां सबकुछ सामान्य लग रहा था क्योंकि उनके साथ वह महिला मौजूद थी जिस पर वह आंख बंद करके भरोसा करती थीं। लेकिन कुछ देर बाद हालात अचानक बदल गए। हेडन के मुताबिक, उन्हें नीचे एक छोटे कमरे में ले जाया गया जहां एक बेहद मशहूर और उम्रदराज शख्स मौजूद था। अभिनेत्री का दावा है कि उस महिला ने उन्हें जबरन उस व्यक्ति के पास बैठाने की कोशिश की।
उस पल को याद करते हुए हेडन ने कहा कि अचानक उन्हें महसूस हुआ कि वह खतरे में हैं। समुद्र के बीच होने की वजह से वहां से निकलना आसान नहीं था। उन्होंने बताया कि उन्हें समझ आ गया था कि वहां मौजूद लोगों के लिए यह कोई नई बात नहीं थी। यही एहसास उनके लिए सबसे ज्यादा डराने वाला था।
हालांकि अभिनेत्री ने हार नहीं मानी। उन्होंने खुद को संभाला और वहां से निकलने की कोशिश की। हेडन ने बताया कि उस समय उनके अंदर अचानक गुस्सा और हिम्मत दोनों आ गए थे। वो किसी भी कीमत पर उस स्थिति का हिस्सा नहीं बनना चाहती थीं। किसी तरह वह कमरे से बाहर निकलीं और खुद को सुरक्षित रखने की कोशिश की।
इस बातचीत में हेडन पैनेटियर ने सिर्फ इस घटना का ही जिक्र नहीं किया, बल्कि अपनी निजी जिंदगी के कई दर्द भी साझा किए। उन्होंने अपनी मां के साथ खराब रिश्ते, नशे की लत, बेटी की कस्टडी खोने और मानसिक संघर्षों को लेकर भी खुलकर बात की। अभिनेत्री ने कहा कि जब कोई इंसान भरोसा तोड़ता है तो उसका दर्द लंबे समय तक पीछा नहीं छोड़ता।