हॉलीवुड

31 की उम्र में कैंसर से जंग हार गया मशहूर म्यूजिशियन, जॉर्डन ब्रूनोली के निधन से फैंस को लगा झटका

Jordan Brunoli Died Due to Cancer: म्यूजिशियन जॉर्डन ब्रूनोली ने 31 साल की उम्र में कैंसर की वजह से दम तोड़ दिया है। पिछले 18 महीने से जॉर्डन कैंसर से जंग लड़ रहे थे। क्या है पूरा मामला , चलिए जानते हैं।
2 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 1:11 PM IST
Jordan Brunoli Death News
जॉर्डन ब्रूनोली (फोटो सोर्स- IMDb)

Jordan Brunoli Death News: ऑस्ट्रेलियाई रॉक बैंड बग्स के बेसिस्ट जॉर्डन ब्रूनोली (Jordan Brunoli) का 31 साल की उम्र में निधन हो गया है। वो पिछले करीब 18 महीनों से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनकी मौत की खबर से म्यूजिक इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों के बीच शोक की लहर है। जॉर्डन ने जून 2025 में बताया था कि उन्हें स्टेज 4 कोलोरेक्टल कैंसर है। इसके बाद से वह लगातार इलाज करा रहे थे, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी बीमारी पर काबू नहीं पाया जा सका।

पत्नी को छोड़ गए म्यूजिशियन

जॉर्डन ब्रूनोली ने 18 नवंबर 2026 को ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन में आखिरी सांस ली। उस समय उनकी पत्नी जॉर्ज और उनके पालतू कुत्ते उनके साथ थे। जॉर्डन की पत्नी ने उनके इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए निधन की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि जॉर्डन नींद में ही इस दुनिया को अलविदा कह गए।

पत्नी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि जॉर्डन की घर पर ही पैलिएटिव केयर की जा रही थी। इस दौरान मेडिकल प्रोफेशनल्स ने उनकी काफी मदद की। उन्होंने यह भी बताया कि जॉर्डन अपने आखिरी दिन आराम से रहे और उन्हें किसी तरह का दर्द नहीं था। पत्नी ने लिखा कि जॉर्डन को बहुत प्यार किया गया और उनकी कमी हमेशा महसूस होगी।

18 महीने तक कैंसर से लड़ी जंग

जॉर्डन को जून 2025 में स्टेज 4 कोलोरेक्टल कैंसर होने का पता चला था। इसके बाद उन्होंने कीमोथेरेपी समेत कई तरह के इलाज कराए। हालांकि, कैंसर के तेजी से फैलने के कारण कोई भी इलाज बीमारी को रोकने में सफल नहीं हो पाया।

जॉर्डन ने कुछ महीने पहले अपनी बीमारी के बारे में जानकारी देते हुए बताया था कि उनके शरीर में एक ऐसा म्यूटेशन था, जिसकी वजह से ट्यूमर तेजी से बढ़ रहे थे। उन्होंने बताया था कि डॉक्टरों ने जून में उन्हें केवल तीन से चार महीने का समय दिया था। अगस्त 2026 में उन्होंने यह भी साझा किया था कि इलाज का असर खत्म होने के बाद वह अपनी जिंदगी के अंतिम दौर में पहुंच चुके हैं।

कैंसर की जानकारी मिलने के कुछ दिन बाद की थी शादी

जॉर्डन की निजी जिंदगी से जुड़ी एक भावुक बात भी सामने आई है। उन्होंने कैंसर का पता चलने के कुछ ही दिनों बाद मई 2025 में अपनी पार्टनर जॉर्ज से शादी कर ली थी। दोनों ने बेहद सादगी से शादी करने का फैसला किया था।

जॉर्डन ने अगस्त में अपनी शादी की तस्वीरें साझा करते हुए बताया था कि उन्होंने अपने भाई-बहनों को गवाह बनने के लिए बुलाया, शादी कराने वाले व्यक्ति की व्यवस्था की और जल्दबाजी में शादी का लाइसेंस हासिल किया। उनकी पत्नी ने शादी के लिए सेकेंड हैंड दुकान से महज 7 डॉलर की ड्रेस खरीदी थी। दोनों ने एक बड़े पेड़ के नीचे शादी की थी। जॉर्डन ने इस शादी को अपने लिए बेहद खास बताया था।

'हेड नॉइज' बना आखिरी एल्बम

जॉर्डन के निधन के साथ ही उनका बैंड के साथ संगीत का सफर भी एक भावुक याद बन गया है। अगस्त 2026 के अंत में बग्स ने अपना चौथा स्टूडियो एल्बम Head Noise रिलीज किया था। यह वही आखिरी एल्बम है, जिसमें जॉर्डन ने काम किया था। बैंड ने बताया था कि इस एल्बम को तैयार करने और इसके गानों को एक साथ लाने में करीब दो साल लगे थे।

जॉर्डन की पत्नी ने बताया है कि वह उनके जीवन का जश्न मनाने के लिए एक कार्यक्रम आयोजित करेंगी, ताकि प्रशंसक और चाहने वाले उन्हें श्रद्धांजलि दे सकें। कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी बाद में साझा की जाएगी।

Updated on:
20 Nov 2026, 1:11 PM IST
Published on: