James Van Der Beek Death: फेमस एक्टर का कैंसर के बाद निधन हो गया है। जेम्स काफी समय से इससे लड़ने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्होंने इसके सामने घुटने टेक दिए। जेम्स की मौत से हर कोई हैरान हो रहा है।
James Van Der Beek Death: फिल्म इंडस्ट्री से दुखद खबर आ रही है। 90 के दशक से टीवी शो 'डॉसन्स क्रीक' से दुनिया के युवाओं के दिलों पर राज करने वाले एक्टर जेम्स वैन डेर बीक का निधन हो गया है। उन्होंने बुधवार 11 फरवरी को आखिरी सांस ली है। उनके परिवार ने सोशल मीडिया के जरिए इस दुखद समाचार की पुष्टि की है, जिससे उनके लाखों चाहने वालों की आंखें नम हो गई। किसी को यकीन नहीं हुआ कि उनके फेवरेट एक्टर अब इस दुनिया में नहीं रहे।
जेम्स के परिवार ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया था। उन्होंने लिखा, "हमारे प्रिय जेम्स डेविड वैन डेर बीक आज सुबह शांतिपूर्वक चल बसे। उन्होंने अपनी बीमारी के दौरान आखिरी दिनों को बड़ी हिम्मत, अटूट विश्वास और गरिमा के साथ जिया। बता दें, जेम्स को साल 2023 में कैंसर होने का पता चला था। शुरुआत में उन्होंने इसे निजी रखा और अपना इलाज करवाते रहे, लेकिन 2024 में उन्होंने खुद सार्वजनिक रूप से अपनी बीमारी के बारे में सबको बताया था।
कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ना जेम्स के लिए शारीरिक और आर्थिक, दोनों रूप से चुनौतीपूर्ण था। साल 2025 में उन्होंने अपने इलाज के खर्च को पूरा करने के लिए अपनी यादगार फिल्मों 'डॉसन्स क्रीक' और 'वॉरसिटी ब्लूज' से जुड़ी खास चीजों को नीलाम कर दिया था। उनकी इस हिम्मत ने उनके फैंस को काफी प्रेरित किया था। वह अक्सर मुस्कुराते हुए अपनी तस्वीरें शेयर करते थे, जिससे कभी नहीं लगा कि वह अंदर से इतनी तकलीफ में हैं।
जेम्स के करियर की शुरुआत महज 13 साल की उम्र में हो गई थी, लेकिन उन्हें असली पहचान साल 1998 में शुरू हुए शो 'डॉसन्स क्रीक' के 'डावसन लीरी' के किरदार से मिली थी। इस शो ने उन्हें एक ग्लोबल सुपरस्टार बना दिया था। इसके बाद उन्होंने 'वॉरसिटी ब्लूज', 'स्केरी मूवी' और 'लीवरेज' जैसे प्रोजेक्ट्स में भी शानदार काम किया।
सोशल मीडिया और रेडिट (Reddit) पर जेम्स के फैंस उन्हें याद करते हुए कह रहे हैं कि उन्होंने न सिर्फ एक बेहतरीन अभिनेता, बल्कि एक नेकदिल इंसान को भी खो दिया है। हॉलीवुड के इस सितारे की सादगी भरी मुस्कान हमेशा लोगों के जहन में जिंदा रहेगी।