हॉलीवुड

‘धरती पर पहुंच चुके हैं एलियन’, अमेरिकी फिल्म निर्माता स्टीवन स्पीलबर्ग का दावा, बोले- ब्रह्मांड में हम अकेले नहीं

Aliens On Earth: क्या सच में एलियन्स ने धरती पर कदम रख दिया है? हॉलीवुड के बड़े फिल्म निर्माता ने हाल ही में एक चौंकाने वाला दावा किया है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।

2 min read
Jun 10, 2026
Steven Spielberg On Aliens
Steven Spielberg On Aliens (सोर्स-Getty)

Steven Spielberg On Aliens: दुनिया भर के करोड़ों दर्शकों को एलियन और यूएफओ की रहस्यमयी दुनिया से रूबरू कराने वाले मशहूर फिल्ममेकर स्टीवन स्पीलबर्ग एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि अंतरिक्ष में जीवन को लेकर दिया गया उनका बयान है। ऑस्कर विजेता निर्देशक का मानना है कि इंसानों के अलावा भी ब्रह्मांड में बुद्धिमान जीवन मौजूद है और संभव है कि वो धरती तक पहुंच चुका हो। स्टीवन ने क्या कुछ कहा है, चलिए जानते हैं।

एलियन कहानियों पर बनाई कई फिल्में

स्टीवन स्पीलबर्ग का नाम लेते ही लोगों के मन में विज्ञान कथा और रहस्य से भरी फिल्मों की तस्वीर उभर आती है। अपने लंबे करियर में उन्होंने ऐसी कई फिल्में बनाई हैं जिन्होंने एलियन जीवन और यूएफओ को लेकर लोगों की जिज्ञासा बढ़ाई। यही वजह है कि जब स्पीलबर्ग इस विषय पर निजी राय रखते हैं तो दुनिया भर के प्रशंसकों का ध्यान उनकी ओर चला जाता है।

हाल ही में 'सीबीएस' के साथ एक बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि सालों से उपलब्ध जानकारियों, गवाहियों और अलग-अलग दावों को देखने के बाद उन्हें ये विश्वास हो गया है कि पृथ्वी के बाहर भी जीवन है। इतना ही नहीं, उनका मानना है कि ये जीवन किसी न किसी रूप में धरती के संपर्क में भी आया हो सकता है।

खुद नहीं देखा कोई यूएफओ, फिर भी है भरोसा

दिलचस्प बात यह है कि स्पीलबर्ग ने स्वीकार किया कि उन्होंने आज तक खुद किसी एलियन या यूएफओ को नहीं देखा। इस बात को लेकर उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि एलियन पर इतनी फिल्में बनाने के बावजूद उन्हें कभी कोई सबूत या प्रत्यक्ष अनुभव नहीं मिला।

उनके मुताबिक, अगर किसी व्यक्ति ने अपना पूरा जीवन इस विषय को समझने और दिखाने में लगा दिया हो, तो उसे कम से कम एक बार ऐसी घटना देखने का मौका जरूर मिलना चाहिए था। हालांकि ऐसा न होने के बावजूद उनका विश्वास कम नहीं हुआ।

समय के साथ बदली सोच

स्पीलबर्ग का कहना है कि जब उन्होंने अपने शुरुआती एलियन आधारित प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू किया था, तब ये विषय कल्पना और जिज्ञासा तक सीमित था। लेकिन नई तकनीकों, कैमरों और डिजिटल माध्यमों के आने के बाद दुनिया भर से सामने आने वाली तस्वीरों और वीडियो ने लोगों के सोचने का नजरिया बदल दिया है।

उनका मानना है कि अब पहले की तुलना में कहीं ज्यादा जानकारी उपलब्ध है, जिससे ये सवाल और मजबूत होता जा रहा है कि क्या वास्तव में मानव जाति ब्रह्मांड में अकेली है।

नई फिल्म में भी एलियन रहस्य

स्पीलबर्ग की आने वाली फिल्म ‘डिस्क्लोजर डे’ भी इसी विषय के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में एक ऐसी कहानी दिखाई गई है जिसमें कुछ लोग यूएफओ से जुड़े बड़े रहस्य को दुनिया के सामने लाने की कोशिश करते हैं। फिल्म में विज्ञान, रहस्य और रोमांच का अनोखा मिश्रण देखने को मिलेगा।

Published on:
10 Jun 2026 02:41 pm