25 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

28वीं मंजिल से गिरकर रियलिटी स्टार की हुई मौत, याकिर लेवी ने दोस्तों को भेजा था आखिरी मैसेज- ‘मैं आ रहा हूं’

Reality Star Yakir Levi Death News: रिएलिटी स्टार याकिर लेवी की मौत हो गई है। उनके 28वीं मंजिकल से गिरकर निधन की खबर सामने आ रही है।
2 min read
Google source verification
Yakir Levi Death News

याकिर लेवी का निधन (सोर्स- Instagram/ yakirlevi770)

Yakir Levi Death News: इजरायल के चर्चित रियलिटी टीवी स्टार और कारोबारी याकिर लेवी का अमेरिका के फ्लोरिडा में दर्दनाक निधन हो गया। 45 वर्षीय लेवी की मौत साउथ फ्लोरिडा के एक लग्जरी रिसॉर्ट की 28वीं मंजिल से गिरने के बाद हुई। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि हादसे से कुछ ही पल पहले उन्होंने अपने दोस्तों को मैसेज भेजकर लिखा था, 'मैं आ रहा हूं।' इसके कुछ सेकंड बाद एक तेज आवाज सुनाई दी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

दोस्तों से मिलने की थी तैयारी, तभी हुआ हादसा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, याकिर लेवी उस रात अपने दोस्तों के साथ बाहर जाने वाले थे। उनके दोस्त रिसॉर्ट के बाहर पहुंच चुके थे और उनका इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान लेवी ने उन्हें एक छोटा-सा मैसैज भेजा कि वो नीचे आ रहे हैं।

लेकिन इसके कुछ ही देर बाद इमारत के बाहर जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। जब लोग बाहर पहुंचे तो पता चला कि लेवी ऊंचाई से गिर चुके हैं। मौके पर पहुंची मेडिकल टीम ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दोस्त ने आत्महत्या की आशंका से किया इनकार

याकिर लेवी के करीबी दोस्त एरन हर्श ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि उन्हें नहीं लगता कि ये आत्महत्या का मामला है। उनके मुताबिक, लेवी जिंदगी को पूरी तरह जीने वाले इंसान थे और हादसे से एक दिन पहले तक दोस्तों के साथ खुशियां मना रहे थे।

उन्होंने बताया कि याकिर बेहद सकारात्मक स्वभाव के थे और भविष्य को लेकर कई योजनाएं बना रहे थे। ऐसे में उनके अचानक इस तरह दुनिया छोड़ देने पर उनके करीबी लोग भी विश्वास नहीं कर पा रहे हैं।

पीछे छोड़ गए भरा-पूरा परिवार

याकिर लेवी अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। उनके बच्चों की उम्र 4, 10 और 12 वर्ष बताई जा रही है। इस खबर के सामने आने के बाद इजरायल और अमेरिका में उनके प्रशंसकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार इजरायल में किया जाएगा, जहां उन्हें पूरे सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

जांच जारी, पुलिस ने नहीं बताई मौत की वजह

स्थानीय प्रशासन ने अभी तक उनकी मौत की आधिकारिक वजह सार्वजनिक नहीं की है। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट नहीं किया है कि इस मामले में किसी तरह की आपराधिक साजिश या अन्य पहलू की जांच की जा रही है या नहीं। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

साधारण परिवार से बन गए थे पहचान का बड़ा चेहरा

इजरायल के रामला शहर में जन्मे याकिर लेवी ने बेहद साधारण परिस्थितियों से निकलकर अमेरिका में अपनी अलग पहचान बनाई थी। लॉस एंजिलिस में उन्होंने सफल कारोबारी के रूप में खुद को स्थापित किया। उनकी संघर्ष से सफलता तक की कहानी इजरायल के लोकप्रिय रियलिटी शो 'द अमेरिकन्स' में दिखाई गई थी, जिससे उन्हें देशभर में पहचान मिली।

उनकी अचानक हुई मौत ने मनोरंजन जगत और उनके प्रशंसकों को गहरे सदमे में डाल दिया है। फिलहाल हर किसी की नजर जांच एजेंसियों की रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिससे इस रहस्यमयी हादसे की सच्चाई सामने आ सके।