10 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कंगना रनौत को फिल्म इंडस्ट्री ने किया बॉयकॉय? अभिनेत्री बोलीं- मुझे किसी का मैसेज नहीं आता

Kangana Ranaut On Industry Boycott: अभिनेत्री कंगना रनौत ने हाल ही में बॉलीवुड इंडस्ट्री को लेकर एक बड़ा बयान दिया है, जिसके बाद ये कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या बॉलीवुड ने उन्हें बैन कर दिया है।

2 min read
Google source verification
Kangana Ranaut On Industry Boycott

Kangana Ranaut On Industry Boycott (सोर्स- @kanganaranaut)

Kangana Ranaut On Industry Boycott: बॉलीवुड की सबसे बेबाक अभिनेत्रियों में गिनी जाने वाली कंगना रनौत एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। अपनी आगामी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की रिलीज से पहले कंगना ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने रिश्तों, संघर्षों और सफलता को लेकर खुलकर बात की है। उन्होंने बताया कि आज भी फिल्म जगत के लोग उनसे ज्यादा संपर्क नहीं रखते और उनका सफर हमेशा दूसरों से अलग रहा है।

जब घर छोड़ना पड़ा, तभी बदली जिंदगी

कंगना ने एचटी सिटी से बातचीत करते हुए बताया कि शुरुआती दिनों में जिंदगी का सबसे कठिन लेकिन सबसे अहम फैसला वो था, जब उन्होंने परिवार द्वारा तय रास्ते पर चलने से इनकार कर दिया। कम उम्र में घर छोड़कर अपने सपनों के पीछे भागना आसान नहीं था। उस समय न तो उनके पास आर्थिक सुरक्षा थी और न ही कोई मजबूत सहारा।

उन्होंने कहा कि शुरुआत में उनके सामने अनिश्चितता ही अनिश्चितता थी। पढ़ाई पूरी नहीं थी, नौकरी का अनुभव नहीं था और मुंबई जैसे बड़े शहर में कोई पहचान भी नहीं थी। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपने दम पर पहचान बनाने का फैसला किया।

सफलता के साथ बढ़ते गए विरोधी

कंगना का मानना है कि जब किसी व्यक्ति की लोकप्रियता और प्रभाव बढ़ता है तो उसके आलोचकों की संख्या भी बढ़ जाती है। उनके अनुसार, सार्वजनिक जीवन में ये एक स्वाभाविक प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति लगातार आगे बढ़ रहा है, तो उसके खिलाफ आवाजें उठना भी तय है।

बीते कुछ वर्षों में कंगना कई विवादों का हिस्सा रही हैं। कई बार उन्होंने खुलकर फिल्म इंडस्ट्री की कार्यशैली पर सवाल उठाए और कई बड़े नामों के खिलाफ भी बयान दिए। यही वजह है कि उन्हें अक्सर बॉलीवुड की सबसे अलग और मुखर आवाज माना जाता है। जब उनसे आने वाली फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' को लेकर सवाल किया गया कि उन्हें किसी ने मैसेज दिया या किसी ने बात की, तो इस पर उन्होंने कहा कि उन्हें इंडस्ट्री की तरफ से कोई भी मेसेज नहीं करता है।

सिर्फ अभिनेत्री नहीं, कई भूमिकाएं निभा रहीं कंगना

कंगना ने कहा कि उन्होंने हमेशा अपनी क्षमता से ज्यादा जिम्मेदारियां उठाने की कोशिश की है। अभिनय के साथ-साथ उन्होंने लेखन, फिल्म निर्माण और राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभाई। उनका मानना है कि नई चुनौतियां स्वीकार किए बिना व्यक्ति आगे नहीं बढ़ सकता।

उनके अनुसार, जीवन का बड़ा हिस्सा उन्होंने लगातार दबाव और जिम्मेदारियों के बीच बिताया है। यही दबाव उन्हें और मजबूत बनाता गया।

बॉक्स ऑफिस जरूरी, लेकिन सब कुछ नहीं

फिल्मों की सफलता पर बात करते हुए कंगना ने कहा कि किसी भी फिल्म इंडस्ट्री के लिए व्यावसायिक सफलता बेहद जरूरी होती है। अगर फिल्में दर्शकों तक नहीं पहुंचेंगी और कमाई नहीं करेंगी तो नए प्रोजेक्ट बनना मुश्किल हो जाएगा।

हालांकि उन्होंने ये भी साफ किया कि किसी कलाकार की पूरी पहचान केवल बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों से नहीं की जा सकती। उनके अनुसार, अभिनय, प्रतिभा और दर्शकों पर छोड़ा गया प्रभाव भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

‘भारत भाग्य विधाता’ से उम्मीदें

अब सभी की नजरें कंगना की आने वाली फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ पर टिकी हैं। अभिनेत्री को उम्मीद है कि ये फिल्म दर्शकों का प्यार हासिल करेगी और एक बार फिर उन्हें बड़े पर्दे पर नई पहचान दिलाएगी। वहीं, उनके ताजा बयान ने ये भी साफ कर दिया है कि तमाम सफलताओं के बावजूद कंगना आज भी अपने सफर को संघर्ष, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की कहानी मानती हैं।