हॉलीवुड

MTV फेम टायलर डकवर्थ का 44 की उम्र में निधन, घर के बाथरूम में मिले थे बेहोश

Tyler Duckworth Death: एमटीवी के शो 'द चैलेंज' के दो बार के विजेता बने टायलर डकवर्थ ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। वह अपने घर में बेहोश पाए गए थे।
2 min read
Aug 14, 2026
the challenge winner tyler duckworth passed away at 44
टायलर डकवर्थ का निधन (Photo Source- Instagram/themightyduckworth)

Tyler Duckworth passed away: इंडस्ट्री से बेहद दुखद खबर आ रही है। अमेरिका के रियलिटी टीवी स्टार और एमटीवी (MTV) के फेमस शो 'द चैलेंज' (The Challenge) के पूर्व विजेता टायलर डकवर्थ (Tyler Duckworth) का निधन हो गया है। उन्होंने 44 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। US Sun की एक रिपोर्ट में कहा गया कि वह अपने घर के बाथरूम में बेहोश मिले थे। जैसे ही उनके निधन की खबर आई सोशल मीडिया पर हर कोई हैरान रह गया। लोग अपने पसंदीदा स्टार को श्रद्धाजंलि देने लगे और उनकी मौत का कारण पूछने लगे।

टायलर डकवर्थ की मां का पोस्ट

टायलर डकवर्थ की मां ने दी निधन की जानकारी

टायलर की मौत की खबर उनकी मां जोनी (Joni) ने सोशल मीडिया पर दी। उन्होंने गुरुवार, 13 अगस्त को एक भावुक फेसबुक पोस्ट करते हुए लिखा, "मेरे बेटे टायलर का इस हफ्ते की शुरुआत में निधन हो गया। अभी तक उनकी मौत की सही वजह सामने नहीं आई है। जैसे ही मुझे और उनके पिता को इस बारे में पूरी जानकारी मिलेगी, हम अंतिम संस्कार और प्रार्थना सभा की जानकारी पोस्ट करेंगे।"

नॉर्थ डकोटा के अधिकारियों ने टायलर की मौत की पुष्टि करते हुए बताया था कि उन्होंने मंगलवार, 11 अगस्त को दुनिया छोड़ी। अधिकारियों ने फिलहाल इस मामले को 'लावारिस मौत' (Unattended Death) की श्रेणी में रखा है, जिसका मतलब है कि घटना के वक्त उनके आसपास कोई चश्मदीद मौजूद नहीं था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टायलर की हाल ही में एक सर्जरी हुई थी, लेकिन अभी यह साफ नहीं है कि उनकी मौत का इस सर्जरी से कोई सीधा संबंध था या नहीं।

कुछ दिन पहले इवेंट में आए थे नजर

टायलर डकवर्थ को आखिरी बार 31 जुलाई को मिनियापोलिस में आयोजित 'चैलेंज मेनिया' इवेंट में सार्वजनिक रूप से देखा गया था। इस इवेंट में वह अपने पुराने एमटीवी साथियों रेचल रॉबिन्सन, टीना बार्टा, मार्क लॉन्ग और ब्रैड फियोरेंजा के साथ शामिल हुए थे।

इसके बाद 2 अगस्त को उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर भी शेयर की थी जिसमें उन्होंने लिखा था, "इन चैलेंज लेजेंड्स के साथ अपने होमटाउन मिनियापोलिस का प्रतिनिधित्व करने पर मुझे बेहद गर्व महसूस हो रहा है।" फैंस के लिए यह यकीन कर पाना मुश्किल हो रहा है कि कुछ ही दिन पहले मुस्कुराते हुए दिखने वाले टायलर अब हमारे बीच नहीं रहे।

'द चैलेंज' के चैंपियन बाद में बने टीचर

टायलर ने अपने रियलिटी टीवी करियर की शुरुआत MTV के 'द रियल वर्ल्ड: की वेस्ट' से की थी। इसके बाद 2006 में उन्होंने 'द चैलेंज' में कदम रखा और अपनी रणनीति व फिटनेस के दम पर दर्शकों के चहेते बन गए। वे इस सीरीज में छह बार नजर आए और उन्होंने 2010 के 'कटथ्रोट' (Cutthroat) और 2011 के 'राइवल्स' (Rivals) में जीत हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम की।

एक लंबा समय वेस्ट हॉलीवुड (कैलिफ़ोर्निया) में बिताने के बाद टायलर ने अपनी जिंदगी को एक नया मोड़ दिया था। वे रियलिटी टीवी की चकाचौंध से दूर नॉर्थ डकोटा चले गए थे, जहां वे एक स्थानीय मिडिल स्कूल में टीचर के तौर पर बच्चों को पढ़ा रहे थे और अपने परिवार के साथ शांत जिंदगी जी रहे थे।

Updated on:
14 Aug 2026 07:23 am
Published on:
14 Aug 2026 07:02 am