Mangal Transit April 2026: 2 अप्रैल को मंगल का गोचर शनि के साथ मिलकर एक प्रभावशाली और चुनौतीपूर्ण योग बना रहा है, जिसका असर कई राशियों पर देखने को मिलेगा। खासतौर पर मेष और कन्या राशि के जातकों को इस दौरान सतर्क रहने और सोच-समझकर निर्णय लेने की जरूरत है।
Mangal Gochar 2026: अप्रैल 2026 का महीना ज्योतिषीय दृष्टि से खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। महीने की शुरुआत में ही ग्रहों की चाल में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा, जब 2 अप्रैल को मंगल ग्रह मीन राशि में प्रवेश करेगा। पहले से ही इस राशि में सूर्य, शनि और शुक्र मौजूद हैं, ऐसे में मंगल के आगमन से एक विशेष ग्रहयोग बनेगा, जिसे शनि-मंगल युति कहा जाता है।ज्योतिष में शनि और मंगल दोनों को कठोर प्रभाव वाले ग्रह माना जाता है। जब ये दोनों एक साथ आते हैं, तो इसका असर कई स्तरों पर देखने को मिल सकता है व्यक्तिगत जीवन से लेकर सामाजिक और वैश्विक परिस्थितियों तक। इस दौरान तनाव, मतभेद और अस्थिरता जैसी स्थितियां बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
मेष राशि के जातकों के लिए यह गोचर बारहवें भाव में होगा। इसका सीधा असर खर्चों और मानसिक स्थिति पर पड़ सकता है। अचानक खर्च बढ़ सकते हैं और मन में बेचैनी रह सकती है। इस समय भरोसे के रिश्तों में भी सावधानी बरतना जरूरी होगा, क्योंकि गलतफहमियां या धोखे जैसी स्थितियां बन सकती हैं।
कन्या राशि के लिए यह योग सातवें भाव में बनेगा, जो विवाह और साझेदारी का भाव होता है। ऐसे में दांपत्य जीवन में तनाव या मतभेद बढ़ सकते हैं। बिजनेस पार्टनरशिप में भी सोच-समझकर कदम उठाने की जरूरत होगी।
मकर राशि के जातकों को इस दौरान मिले-जुले परिणाम मिल सकते हैं। तीसरे भाव में बनने वाला यह योग साहस और आत्मविश्वास को बढ़ा सकता है, लेकिन साथ ही जिद और अहंकार के कारण पारिवारिक विवाद भी हो सकते हैं। निर्णय लेने से पहले ठहरकर सोचने की सलाह दी जाती है।
मीन राशि में ही यह युति बन रही है, इसलिए इसका सीधा असर यहां के जातकों पर पड़ेगा। स्वभाव में चिड़चिड़ापन बढ़ सकता है और व्यवहार थोड़ा कठोर हो सकता है। रिश्तों में संतुलन बनाए रखना चुनौतीपूर्ण लग सकता है। साथ ही स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही नुकसानदेह साबित हो सकती है, इसलिए दिनचर्या और खानपान पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।