May Rashifal 2026 : मई 2026 का मासिक राशिफल : जानें तुला, वृश्चिक, धनु, मकर, कुंभ और मीन राशि के लिए करियर, धन, स्वास्थ्य और रिश्तों में क्या बदलाव होंगे। किसे मिलेगा लाभ और किसे रहना होगा सावधान।
Monthly Horoscope May 2026 : मई 2026 का मासिक राशिफल : जानें तुला, वृश्चिक, धनु, मकर, कुंभ और मीन राशि के लिए करियर, धन, स्वास्थ्य और रिश्तों में क्या बदलाव होंगे। किसे मिलेगा लाभ और किसे रहना होगा सावधान। भविष्यवक्ता और कुण्डली विश्ल़ेषक डा. अनीष व्यास के अनुसार मई 2026 का महीना कुछ अलग सा महसूस होने वाला है। शुरुआत ही ऐसी स्थिति से हो रही है जो इंसान को अपने बारे में सोचने पर मजबूर करती है क्या सही चल रहा है और क्या बदलने की जरूरत है।
इस महीने आपको बार-बार ऐसे मौके मिलेंगे जहां आपको अपने फैसलों पर दोबारा विचार करना पड़ सकता है। कहीं काम में धीरे-धीरे तरक्की होगी तो कहीं अचानक खर्च या टेंशन सामने आ सकती है। लेकिन अच्छी बात ये है कि इस पूरे महीने में आपकी समझ और निर्णय लेने की क्षमता पहले से बेहतर रहेगी। कुछ लोगों के लिए ये समय नए मौके लेकर आएगा, तो कुछ को थोड़ा संभलकर चलना पड़ेगा। कुल मिलाकर मई का महीना ऐसा है जहां जल्दबाजी से नहीं बल्कि सोच-समझकर उठाया गया हर कदम आगे फायदा देगा।
तुला राशि के जातकों के लिए मई महीने की शुरुआत अत्यंत ही शुभ रहने वाली है। इस दौरान करियर-कारोबार की दिशा में किए गये प्रयास सफल होंगे। व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए यह समय अत्यंत ही शुभ रहने वाला है। दैनिक आय में आ रहे व्यवधान दूर होंगे। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। कारोबार में तेजी से प्रगति होती हुई नजर आएगी। पूर्व में लिए गये ऋणों का भुगतान होगा। करियर-कारोबार के सिलसिले में कई गई यात्राएं सुखद एवं सफल साबित होगी। नौकरीपेशा लोगों के पद-प्रतिष्ठा में बढ़ोत्तरी होगी। कायस्थल पर आपकी कार्यक्षमता उभर कर आएगी। उच्च अधिकारी आपके कामकाज की प्रशंसा करेंगे।
मई महीने के दूसरे सप्ताह में आय के नये स्रोत बनेंगे। विदेश से जुड़े कारोबार अथवा काम करने वालों के लिए यह समय अत्यंत ही शुभ साबित होगा। माह के मध्य में तुला राशि के जातक अपने व्यवसाय को बढ़ाने अथवा कोई नया प्रयोग करने का रिस्क ले सकते हैं। इस दौरान आपकी रुचि नई चीजों को सीखने की ओर बढ़ेगी। छात्र वर्ग का मन पढ़ाई में रमेगा। नौकरीपेशा लोग इस दौरान अपनी आय को बढ़ाने के लिए नये तरीके आजमा सकते हैं।
माह के उत्तरार्ध में आपको अपनी उर्जा एवं धन का प्रबंधन करके चलना उचित रहेगा। इस दौरान आपके सामने अचानक से कुछेक बड़े खर्च आ सकते हैं, जिन्हें पूरा करने के लिए आपको आपको उधार लेने तक की नौबत आ सकती है। इस दौरान नौकरीपेशा लोगों को इस दौरान कार्यस्थल पर कामकाज को लेकर ज्यादा दबाव रह सकता है।
रिश्ते-नाते की दृष्टि से मई का महीना मिलाजुला रहने वाला है। इस माह कामकाज की व्यस्तता के चलते घर-परिवार की तरफ कम ध्यान दे पाएंगे। माह के उत्तरार्ध में ससुराल पक्ष से किसी बात को लेकर अनबन हो सकती है। अविवाहित लोगों को प्रेम संबंध में उतावले पन से बचना चाहिए।
उपाय: रविवार के दिन गुड़ का दान करें।
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए मई का महीना काफी उतार-चढ़ाव भरा रहने वाला है। इस महीने की शुरुआत में ही आपके सिर पर अचानक से कुछेक बड़ी जिम्मेदारियां और खर्चे आ सकते हैं। करियर-कारोबार के सिलसिले में इस दौरान आपको जरा ज्यादा भागदौड़ करनी पड़ सकती है। कार्यक्षेत्र में विरोधी सक्रिय रहेंगे। महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में अचानक से कुछेक समस्याएं आ सकती हैं। व्यवसाय में मंदी और धीमी प्रगति के कारण आपका मन खिन्न रहेगा।
वृश्चिक राशि के जातकों को मई के महीने में किसी तरह का नया प्रयोग करते समय खूब सावधानी बरतने की आवश्यकता रहेगी। यदि चीजें आपके पक्ष में न होती दिखाई पड़ें तो तमाम फैसलों को टालना ही बेहतर रहेगा। माह के दूसरे सप्ताह में परिजनों के साथ किसी बात को लेकर मतभेद हो सकता है। परिवार के वरिष्ठ सदस्यों की तरफ से सपोर्ट न मिल पाने के कारण मन दु:खी रहेगा। माह की शुरुआत से ही आपकी दैनिक आय में कमी देखने को भले ही मिले लेकिन धन का कोई न कोई स्रोत बना रहेगा। कठिन समय में शुभचिंतक आपके साथ खड़े रहेंगे और यथासंभव मदद करने का प्रयास करेंगे।
माह के मध्य में पार्टनरशिप में कारोबार करने वालों को कुछेक मुश्किलें आ सकती हैं। इस दौरान जल्दबाजी अथवा असमंजस की स्थिति में बड़े फैसले लेने से बचें। माह के उत्तरार्ध का समय नौकरीपेशा लोगों के लिए बड़े बदलाव का कारण बन सकता है। इस दौरान आपका किसी अनचाहे स्थान पर तबादला हो सकता है। इस दौरान कार्यक्षेत्र में सीनियर और जूनियर दोनों को मिलाकर चलना हितकर साबित होगा।
रिश्ते-नाते को बेहतर बनाए रखने के लिए इस माह लोगों की छोटी-छोटी बातों को तूल देने से बचें। प्रेम संबंध में सावधानी के साथ कदम आगे बढ़ाएं। जीवनसाथी की सेहत का ख्याल रखें।
उपाय: बजरंग बाण का पाठ करें।
धनु राशि के जातकों के लिए मई महीने की शुरुआत बीते कुछ समय चली आ रही मुश्किलों को दूर करके राहत पहुंचाने वाली रहेगी। इस दौरान किसी व्यक्ति विशेष की मदद से लंबे समय से अटका काम पूरा हो सकता है। करियर-कारोबार में आ रही समस्याओं का समाधान निकलेगा। कार्यक्षेत्र पर उच्च अधिकारियों का पूरा सहयोग और समर्थन मिलेगा।
माह की शुरुआत में आपका मन मन धार्मिक-आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यों में खूब रमेगा। तीर्थाटन के योग बनेंगे। आपकी जिंदगी में मुश्किलें खड़ी करने वालों की चालें बेनकाब होगी। माह के दूसरे सप्ताह में आपकी बहुप्रतीक्षित मनोकामना पूरी हो सकती है। इस दौरान परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे छात्रों को शुभ समाचार मिल सकता है। यदि आप किसी कार्य विशेष की शुरुआत करने के लिए धन के प्रबंधन में जुटे थे तो आपकी इस समस्या का निदान हो जाएगा। व्यवसाय से जुड़े लोग बड़ी डील को अंजाम देंगे। समाजसेवा और राजनीति से जुड़े लोगों की लोकप्रियता में इजाफा होगा।
माह के मध्य का थोड़ा समय यदि छोड़ दें तो पूरा महीना आपके लिए शुभता लिए है। ऐसे में इस दौरान आपको गुप्त शत्रुओं और प्रतिस्पर्धियों से सचेत रहने की अधिक आवश्यकता रहेगी। इस दौरान आपको दूसरों की बजाय स्वयं के भरोसे ही किसी कार्य का बीड़ा उठाना होगा। धनु राशि के जातकों को कामकाज की व्यस्तता के बीच अपनी सेहत और संबंध पर विशेष ध्यान देना होगा, अन्यथा पेट संबंधी रोग उभर सकते हैं।
रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह माह आपके लिए सामान्य रहने वाला है। पारिवारिक समस्याओं को निबटाते समय छोटे भाई-बहन और आत्मीय लोगों का सहयोग और समर्थन बना रहेगा। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। दांपत्य जीवन सुखमय बना रहेगा।
उपाय: नारायण कवच का पाठ करें।
मकर राशि के जातकों के लिए मई महीने की शुरुआत औसत फलदायी कही जाएगी। इस दौरान आपको आपकी परिश्रम और प्रयास के मुकाबले थोड़ा कम सफलता और लाभ प्राप्त होगा। मई माह की शुरुआत में गुप्त शत्रु सक्रिय रह सकते हैं। ऐसे में अपने विरोधियों को नजरंदाज करने अथवा उन्हें हल्के में लेने की भूल बिल्कुल न करें और हर समय सतर्क रहें, अन्यथा वे आपको गहरी चोट पहुंचा सकते हैं।
दूसरे सप्ताह में आपको तमाम तरह की परेशानियों में कुछ कमी होती नजर आएगी। इस दौरान धीमी गति से ही सही लेकिन आपके कार्य बनते हुए नजर आएंगे। यह समय प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में जुटे छात्रों के लिए शुभता लिए रहने वाला है। इस दौरान आपकी मेहनत रंग लाएगी। नौकरीपेशा लोग कार्यक्षेत्र में अपना बेस्ट देने में कामयाब होंगे। जीवन से जुड़ी यह शुभता माह के मध्य तक बनी रहेगी। नतीजतन आपको करियर और कारोबार में अनुकूलता रहेगी।
व्यवसाय से जुड़े लोग कारोबार में मनचाहा धन कमाएंगे। इस दौरान पारिवारिक जीवन में भी खुशियां बनी रहेंगी। घर में मांगलिक कार्य संपन्न होंगे। परिवार के साथ हंसी-खुशी समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। यदि आप अभी तक सिंगल हैं तो आपके जीवन में मनचाहे लव पार्टनर की इंट्री हो सकती है। वहीं पहले से जो लोग प्रेम संबंध में हैं, उनके बीच सामंजस्य और आत्मीयता बढ़ेगी।
माह के उत्तरार्ध में मकर राशि के जातकों को पास के फायदे में दूर का नुकसान करने से बचना होगा। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने से बचें अन्यथा कानूनी समस्याएं झेलनी पड़ सकती है। इस दौरान निजी संबंधों को बेहतर बनाए रखने के लिए बात-व्यवहार करते समय वाणी में विनम्रता बनाए रखें क्योंकि आपकी बात से ही बात के बनने और बिगड़ने की नौबत आ सकती है।
उपाय: शिव महिम्न स्तोत्र का पाठ करें।
कुंभ राशि के जातकों के लिए मई का महीना कभी गरम तो कभी नरम रहने वाला है। इस माह आपको जीवन में तमाम तरह के उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं। माह की शुरुआत में ठीक-ठाक रहेगी। इस दौरान व्यवसाय से जुड़े लोगों को कारोबार में मनचाही आमदनी होगी। हालांकि इस दौरान खर्च की भी अधिकता बनी रहेगी। आप सुख-सुविधा से जुड़ी चीजों पर बड़ी धनराशि खर्च कर सकते हैं। सोचे हुए कार्य समय पर पूरे होने से आपके भीतर एक अलग ही उर्जा और उत्साह देखने को मिलेगा।
माह का दूसरा सप्ताह थोड़ा प्रतिकूल रहेगा। इस दौरान आप परिस्थितियों से घबराकर करियर-कारोबार में बदलाव का मन बना सकते हैं। हालांकि आपको आवेश में आकर अथवा असमंजस की स्थिति में कोई बड़ा निर्णय लेने से बचना चाहिए। साथ ही साथ धन के लेनदेन में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। कुंभ राशि के जातकों को इस माह संतान पक्ष से जुड़ी परेशान कर सकती है।
माह के मध्य तक निजी रिश्तों में भी एक ठहराव सा देखने को मिल सकता है। इस दौरान आप लोगों से मिलने-जुलने की बजाय एकाकी जीवन जीना अधिक पसंद करेंगे। जीवन के तमाम तरह के उतार-चढ़ाव के बीच आपको अवसाद से बचने की आवश्यकता रहेगी। माह के तीसरे हफ्ते तक ऐसी स्थितियां बनी रहेंगी और आपको घर और बाहर दोनों जगह चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है लेकिन माह के अंत में एक बार फिर आपका गुडलक काम करेगा और आप अपने करियर-कारोबार में अपना बेस्ट दे पाएंगे। इस दौरान आप कारोबार में अपेक्षा से कहीं अधिक लाभ प्राप्त करेंगे।
रिश्ते-नाते की दृष्टि से माह के उत्तरार्ध का समय पूर्वार्ध के मुकाबले कहीं ज्यादा शुभता लिए रहेगा। इस माह प्रेम प्रसंग में सधे हुए कदमों के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता रहेगी। दांपत्य जीवन को सुखमय बनाए रखने के लिए जीवनसाथी की उपेक्षा करने से बचें।
उपाय: सुंदरकांड का पाठ करें।
मीन राशि के जातकों के लिए मई का महीना मिश्रित फलदायी रहने वाला है। माह की शुरुआत में आपको कामकाज में छोटी-मोटी दिक्कतें आ सकती हैं, लेकिन अंतत: आपको मनचाही सफलता और लाभ की प्राप्ति होगी। इस दौरान कई ऐसे अवसर आएंगे जब आपकी जिंदगी मुस्कुरा उठेगी।
माह के पूर्वार्ध में आपको घर और बाहर दोनों जगह लोगों का सहयोग और समर्थन मिलेगा। उतार-चढ़ाव भरे जीवन के बीच लव पार्टनर अथवा लाइफ पार्टनर आपका संबल बनेगा। व्यवसाय की दृष्टि से यह समय आपके लिए शुभ रहने वाला है। इस दौरान आपकी लागत के मुकाबले खासा लाभ मिल जाएगा। हालांकि भूमि-भवन से जुड़े विवादों का हल निकालने के लिए सही समय आने का इंतजार करना होगा।
माह के उत्तरार्ध में मीन राशि के जातकों को जोखिम भरे निवेश से बचना चाहिए। यदि आप किसी के साथ साझेदारी में कोई व्यवसाय शुरु करने की योजना बना रहे हैं तो आपको तमाम पहलुओं पर एक बार फिर से विचार कर लेना चाहिए और किसी शुभचिंतक की सलाह लेकर ही कोई बड़ा निर्णय लेना चाहिए।
मई महीने का तीसरा सप्ताह थोड़ा प्रतिकूल रहने वाला है। इस दौरान घर की किसी बुजुर्ग महिला की सेहत को लेकर आपका मन चिंतित रहेगा। हालांकि आपको खुद भी अपने सेहत पर ध्यान देने की आवश्यकता बनी रहेगी। इस दौरान परिवार के सदस्यों के साथ किसी बात को लेकर गलतफहमियां पैदा हो सकती हैं।
परिवार के सदस्यों की तरफ से मनचाहा सहयोग और समर्थन न मिलने पर आप खुद को अलग सा महसूस कर सकते हैं। इस माह रिश्तों को सहेजने और मधुर बनाए रखने के लिए आपको कुछेक चीजों से समझौता करना पड़ सकता है।
उपाय: गुरुवार के दिन किसी मंदिर में धार्मिक पुस्तकें दान करें।