डलगोना साउथ कोरिया में मिलने वाले हनीकॉम्ब टॉफी का नाम है जो देखने में किसी भूरे रंग के स्पॉन्ज की तरह होता है जिसे ब्राउन शुगर व कॉर्न शिरप से बनाया जाता है।
नई दिल्ली। अगर आप भी कॉफी के शौकीन है तो ये खबर आप तक भी पहुंच गई होगी कि डलगोना कॉफी ( Dalgona Coffee ) इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर ट्रेंड कर रही हैं। इस कॉफी के लिए लोगों की दीवानगी का आलम ये है कि जो भी इस स्पेशल कॉफी को बना रहा है, वो इस रेसिपी को अपने सोशल अकाउन्ट पर दोस्तों के साथ शेयर भी जरूर कर रहे है।
कैसे शुरू हुआ ट्रेंड
डलगोना कॉफी का ट्रेंड टिकटॉक ( Tiktok ) से तब शुरू हुआ जब हैशटैग डलगोना कॉफी को 10 मिलियन से ज्यादा व्यूज़ मिले। इसके बाद ये कॉफी फेसबुक, यू ट्यूब, इंस्टाराम और ट्विटर जैसे सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड करने लगी। इस कॉफी का मुख्य आकर्षण ग्लास के ऊपरी परत पर दिखने वाले झाग होते है।
क्या है इसका असल ओरिजिन
डलगोना कॉफी की शुरूआत साउथ कोरिया ( South Korea ) के एक एक्टर द्वारा बनाई गई वीडियो से हुई है। डलगोना दरअसल साउथ कोरिया में मिलने वाले हनीकॉम्ब टॉफी का नाम है जो देखने में किसी भूरे रंग के स्पॉन्ज की तरह दिखती है जिसे ब्राउन शुगर और कॉर्न शिरप से बनाया जाता है।
इस टॉफी को कई देशों में अलग-अलग नाम से जाना जाता है जैसे ब्रिटेन में सिंडर टॉफी, आयरलैंड में यलोमैन, कैनाडा में स्पॉन्ज टॉफी और न्यूज़ीलैंड में हॉकी पॉकी। इसकी रेसिपी को करीब से देखें तो पाएंगे कि इसमें ऐसा कुछ नया नहीं, इस तरह से दुनिया के कई देशों में पहले से लोग कॉफी बनाते रहे हैं।
डलगोना कॉफी बनाने का तरीका
डलगोना कॉफी बनाने के लिए एक छोटे कप में कॉफी पाउडर, चीनी और गर्म पानी को डालकर अच्छे से तब तक मिक्स करते रहे, जब तक ये मिश्रण पूरी तरह से गाढ़े झाग में तब्दील न हो जाए। अब एक गिलास में दूध और कुछ आइस क्यूब डालें और धीरे-धीरे कॉफी के मिक्सचर को गिलास में डाले।