राजस्थान पत्रिका के जागो जनमत अभियान के तहत विराट फाउंडेशन के सदस्यों ने कहा कि मतदान हमारा अधिकार है और हमें वोट जरूर करना चाहिए। वोट की कीमत को हम पहचानें। हमारा वोट अमूल्य है। अपने मताधिकार का उपयोग नहीं करने वाले मतदाताओं को सरकारी सुविधाओं से वंचित किया जाना चाहिए। लोगों को मतदान की महत्ता को समझना चाहिए। इसके साथ ही भविष्य में ऑनलाइन मतदान की सुविधा भी शुरू की जानी चाहिए। फाउंडेशन के सदस्यों ने मतदान की महत्ता को प्रतिपादित किया। इस दौरान मतदान के प्रति जागृति का संदेश देने के साथ ही शत-प्रतिशत मतदान का आह्वान किया। प्रारम्भ में राजस्थान पत्रिका हुब्बल्ली के संपादकीय प्रभारी अशोक सिंह राजपुरोहित ने राजस्थान पत्रिका के जागो जनमत अभियान के बारे में जानकारी दी।
हर बार मतदाता का रजिस्ट्रेशन हो
विराट फाउंडेशन के अध्यक्ष कांतिलाल राजपुरोहित ओडवाड़ा ने कहा, मतदान जरूरी है। मतदाता का रजिस्ट्रेशन हर बार अनिवार्य किया जाना चाहिए। इससे लोग मतदान को लेकर अधिक सचेत रह सकेंगे। लोगों को मतदान को लेकर जागरूक करने की जरूरत हैं। हम मतदान के लिए दूसरों को भी प्रेरित करें। उन्हें समझाएं कि हमारा मत कितना जरूरी है। एक मत की महत्ता कितनी है। कई बार हमारे एक मत से ही पासा पलट जाता है। इसलिए हमें मतदान जरूर करना चाहिए।
सभी दानों में श्रेष्ठ दान हैं मतदान
विराट फाउंडेशन के सचिव एडवोकेट बी.एस. कुलकर्णी ने कहा, मतदान को सभी दानों में श्रेष्ठ दान बताया गया है। इसलिए इस दान का उपयोग जरूर करें। मतदान सोच-समझ कर करें। श्रेष्ठ उम्मीदवार को चुनें। अमूमन देखा जाता है कि कई बार तो आधे मतदाता मतदान में हिस्सा ही नहीं लेते। ऐसे में जो मतदाता लगातार तीन चुनावों में मतदान में हिस्सा नहीं लेते हैं तो उन्हें सभी तरह की सरकारी योजनाओं एवं लाभ से वंचित करने का प्रावधान लागू करना चाहिए।
मतदान को ऑनलाइन बनाया जाएं
विराट फाउंडेशन के उपाध्यक्ष लिंगराज धारवाड़ शेट्टर ने कहा, मतदान को लेकर अक्सर लोगों की यह धारणा रहती हैं कि मतदान से मुझे क्या मिलेगा या मेरे एक वोट से क्या फर्क पड़ेगा। इस धारणा को बदलने की जरूरत है। हम देश हित को सर्वोपरि रखें। आने वाले समय में मतदान प्रणाली में बदलाव की जरूरत है। मतदान को ऑनलाइन किया जाना चाहिए। इससे मतदान में बढ़ोतरी भी हो सकेगी।
सोच-समझ कर करें मतदान
विराट फाउंडेशन के सदस्य सांकेत कुलकर्णी ने कहा, देश की उन्नति के लिए मतदान जरूरी है। मतदान का जो हमें अधिकार मिला है, उसका उपयोग हमें जरूर करना चाहिए। नए मतदाताओं में अधिक उत्साह होना चाहिए। हमें अपना मत सोच-समझ कर ही देना चाहिए। योग्य व्यक्ति का चयन हो। बिना किसी लोभ-लालच के हमें मतदान में हिस्सा लेना चाहिए। मतदान के लिए जागरुकता जरूरी है। मत के महत्व को हम समझें और मतदान जरूर करें।
मतदान को बनाएं अनिवार्य
विराट फाउंडेशन के सदस्य नागराज नाडकरणी ने कहा, मतदान करना हमारा अधिकार है। हम अच्छे लोगों का चुनाव करें। मतदान को लेकर जागरुकता के कई अभियान चलाए जा रहे हैं। ऐसे अभियानों को और तेज किया जाना चाहिए ताकि मतदान में बढ़ोतरी हो सके। मतदान को अनिवार्य किया जाना चाहिए। अक्सर देखा जाता है कि शिक्षित लोग ही मतदान करने के लिए नहीं जा रहे हैं। ऐसे में हमें मतदान को लेकर सभी वर्ग में जागरुकता जरूर पैदा करनी चाहिए।
एक देश एक चुनाव प्रणाली लागू करें
विराट फाउंंडेशन के सदस्य श्रीनिवास सरवदय ने कहा, मतदान प्रणाली में और अधिक सुधार की दरकार है। ऐसे लोगों को सरकारी सुविधाएं देना बन्द कर देना चाहिए जो मतदान में हिस्सा नहीं लेते। ऐसे में उन लोगों को सरकार से सवाल-जवाब का कोई अधिकार भी नहीं हैं जो मतदान में हिस्सा नहीं लेते। एक देश एक चुनाव प्रणाली को क्रियान्वित किए जाने की दिशा में कदम बढ़ाया जाना चाहिए। लोकतंत्र के इस पर्व को उत्सव की तरह मनाया जाना चाहिए।