इंडियन रीजनल

नाश्ते में बनाएं आलू मटर स्टफ्ड पराठा

नाश्ते में गर्मागरम स्टफ्ड पराठा और दही मिल जाए, जिसके साथ अचार का चटका लग जाए तो क्या कहने।

3 min read
Aug 25, 2018
aloo matar paratha

नाश्ते में गर्मागरम स्टफ्ड पराठा और दही मिल जाए, जिसके साथ अचार का चटका लग जाए तो क्या कहने। आलू मटर स्टफ्ड पराठा बहुत ही टेस्टी बनता है और इसे नाश्ते में खाया जा सकता है। इसे बनाना आसान है, हालांकि शुरुआत में आपको इसे बेलने में थोड़ी समस्या आ सकती है, लेकिन थोड़ी प्रेक्टिस से आप परफेक्ट बन जाएंगे। यहां पढ़ें आलू मटर स्टफ्ड पराठा की रेसिपी -

सामग्री -

ये भी पढ़ें

बच्चों के टिफिन के लिए बनाएं इंस्टैंट बेसन सूजी उत्तपम

गेहूं का आटा- 2 कप (300 ग्राम)
मटर के दाने- 1 कप
हरी मिर्च- 2
उबले आलू- 3 (350ग्राम)
तेल- 2 से 3 टेबल स्पून
हरा धनिया- 2 से 3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
हरी मिर्च- 2 (बारीक कटी हुई)
अदरक का पेस्ट- ½ छोटी चम्मच
जीरा- ½ छोटी चम्मच
हल्दी पाउडर- 1/4 छोटी चम्मच
धनिया पाउडर- 1 छोटी चम्मच
गरम मसाला- 1/4 छोटी चम्मच
लाल मिर्च पाउडर- 1/4 छोटी चम्मच
अमचूर- ½ छोटी चम्मच
नमक- 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार

विधि -

पराठे बनाने के लिए कुछ तैयारियां कर लीजिए जैसे कि हरी मिर्च और मटर का पेस्ट बनाकर रख लीजिए। उबले आलू को छील लीजिए।

किसी बड़े प्याले में आटा लीजिए। इसमें ½ छोटी चम्मच से ज्यादा नमक और 1 छोटी चम्मच तेल डालकर मिक्स कर लीजिए। थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए सादे पराठे की तरह ही नरम आटा गूंथ लीजिए। आटे को सैट होने के लिए 20 मिनिट तक ढककर रख दीजिए। इतना आटा लगाने में पूरा 1 कप पानी लग जाता है।

स्टफिंग बनाएं

पैन गरम करके इसमें 2 छोटी चम्मच तेल डाल दीजिए। तेल के अच्छे से गरम हो जाने पर इसमें जीरा डालकर हल्का सा चटखा लीजिए। फिर, इसमें बारीक कटी हुई हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट डालकर मिला दीजिए। आंच धीमी रखिए ताकि मसाले जल ना पाएं। मसाले में हल्दी पाउडर और धनिया पाउडर डालकर थोड़ा सा भून लीजिए। मसाले में हरी मिर्च- मटर का पेस्ट डाल दीजिए। इसे भी हल्का सा भून लीजिए ताकि मटर के पेस्ट में जो पानी है, वह सूख जाए। फिर, इसमें छीलकर रखे हुए आलू तोड़कर डाल दीजिए और आलू को मैश करते हुए मसाले में मिला लीजिए। नमक, गरम मसाला, लाल मिर्च पाउडर और अमचूर भी डाल दीजिए। सारी चीजों में मसाले को मिलाते हुए अच्छे से भून लीजिए। स्टफिंग बनकर तैयार है। इसमें थोड़ा सा हरा धनिया डालकर मिक्स कर लीजिए और स्टफिंग को प्याले में निकाल लीजिए।

आटा सैट होने पर हाथ को तेल से चिकना कर लीजिए और आटे को १ से २ मिनिट मसल लीजिए। फिर, इसमें से थोड़ा सा आटा तोड़कर गोल लोई बना लीजिए। गोल लोई को सूखे आटे में लपेटिए और 3 से 4 इंच के व्यास में बेल लीजिए। इसके ऊपर थोड़ा सा तेल लगा लीजिए और इसमें स्टफिंग भर लीजिए। लोई को चारों ओर से उठाकर स्टफिंग को अच्छे से बंद कर दीजिए। इसे अंगुलियों से अच्छे से दबा लीजिए ताकि इसके अंदर स्टफिंग एकसार हो जाए। भरी हुई लोई को सूखे आटे में लपेटिए और हल्का दबाव देते हुए थोड़ा मोटा पराठा बेलकर तैयार कर लीजिए। कोशिश करें कि पराठे को किनारे से ही बेलें।

पराठा सेकने के लिए तवा गरम कीजिए। गरम तवे पर थोड़ा सा तेल डालकर चारों ओर फैला दीजिए। बेले गए परांठे को तवे पर डाल दीजिए और पराठे की निचली सतह सिकने दीजिए। इसी बीच, दूसरा पराठा इसी तरह बेल लीजिए। तवे पर सिक रहे पराठे को पलट दीजिए और जब पराठे के दूसरी ओर हल्की ब्राउन चित्ती आ जाए तब पहली सतह पर थोड़ा सा तेल डालकर चारों तरफ फैला दीजिए। परांठे को पलटकर दूसरी तरफ भी तेल डालकर फैलाइए। परांठे को किनारों से हल्का सा दबाव देते हुए दोनों ओर ब्राउन चित्ती आने तक मध्यम आंच पर सेक लीजिए। पराठे के सिककर तैयार होने पर इसे किसी प्लेट पर रखी प्याली पर रख लीजिए। सारे पराठे इसी तरह सेककर तैयार कर लीजिए। इतने आटे से 8 पराठे बनकर तैयार हो जाएंगे।

मटर आलू के करारे और जायकेदार पराठों को दही, चटनी, अचार या किसी भी ग्रेवी वाली सब्जी के साथ परोसिए और आलू मटर के भरवां पराठों के स्वाद का लुत्फ उठाइए।

अगर आप भी खाना बनाने के शौकीन हैं और कुछ ऐसी डिशेज बनाते हैं जिन पर आपको हर बार तारीफें मिलती हैं तो अब हम आपको अपनी इस कला के प्रदर्शन के लिए प्लैटफॉर्म देने जा रहे हैं। आप अपनी खास रेसिपीज पत्रिका डॉट कॉम के साथ शेयर कर सकते हैं। कंमेंट बॉक्स में अपनी रेसिपी हमें लिख भेजें। आप अपनी रेसिपी का वीडियो भी हमारे साथ शेयर कर सकते हैं। चुनिंदा रेसिपीज को पत्रिका डॉट कॉम पर फीचर भी किया जाएगा। तो देर किस बात की, लिख भेजिए हमें अपनी स्पेशल रेसिपी।

ये भी पढ़ें

रक्षाबंधन स्पेशल : बूंदी पायस से करवाएं भाई का मुंह मीठा
Also Read
View All