इंडियन रीजनल

ना के बराबर तेल में बनाएं बेक्ड समोसा

अगर आप समोसा खाने के शौकीन हैं, लेकिन केवल इसी वजह से नहीं खा पाते हैं कि वह तला हुआ होता है तो यह रेसिपी आपके लिए ही है।

3 min read
Jan 17, 2018
baked samosa

अगर आप समोसा खाने के शौकीन हैं, लेकिन केवल इसी वजह से नहीं खा पाते हैं कि वह तला हुआ होता है तो यह रेसिपी आपके लिए ही है। यहां हम आपको बताने जा रहे हैं बेक्ड समोसा की रेसिपी -

सामग्री -

ये भी पढ़ें

डायबिटीज कंट्रोल करने के लिए जरूर खाएं करेला भुजिया

समोसे का आटा लगाने के लिए
मैदा - 1 कप
नमक - 1/4 छोटी चम्मच
चीनी - आधा छोटी चम्मच
ड्राई एक्टिव यीस्ट - आधा छोटी चम्मच
तेल - 1 टेबल स्पून

समोसे की स्टफिंग के लिए:
आलू - 2 उबले हुए , मीडियम आकार के
मटर के दाने - आधा कप
तेल - 1-2 छोटी चम्मच
लाल मिर्च पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच से कम
नमक - 1/4 छोटी चम्मच (स्वादानुसार)
हरी मिर्च - 1-2 छोटी छोटी कटी हुई
अदरक - आधा इंच टुकड़ा कद्दुकस किया हुआ
हरा धनियां - 1-2 टेबल स्पून, बारीक कटा हुआ
अमचूर पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच
धनियां पाउडर - आधा छोटी चम्मच
जीरा पाउडर - आधा छोटी चम्मच
गरम मसाला - 1/4 छोटी चम्मच से कम

विधि -

बेक्ड समोसे के लिए आटा गूथने के लिए मैदा किसी बर्तन में निकाल लीजिए। मैदा में नमक, चीनी, ड्राई एक्टिव यीस्ट और तेल डालकर मिक्स कीजिए और गुनगुने पानी की सहायता से नरम आटा गूथ कर तैयार कर लीजिए, आटे को 4-5 मिनिट तक मसल मसल कर चिकना कीजिए (इतना आटा गूथने में लगभग 1/3 कप पानी लग जाता है)। आटे के ऊपर थोड़ा तेल डालकर चिकना कर दीजिए। आटे को ढककर 2 घंटे के लिए रख दीजिए। आटा फूल कर दुगना हो जाएग। जब आटा फूल कर दुगुना हो जाए तो हम आटे से समोसे बना सकते हैं।

समोसे की स्टफिंग तैयार कीजिए

पैन में तेल डालकर गरम कीजिए, तेल गरम होने पर हरी मिर्च, अदरक, जीरा पाउडर, धनिया पाउडर और मटर डाल दीजिए। मटर को थोड़ा सा 2 मिनिट भूनिए, आलू छील कर बारीक तोड़कर डालिए, नमक, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, अमचूर पाउडर और हरा धनिया डालिए और अच्छी तरह मिक्स कर दीजिए। गैस बन्द कर दीजिए, और स्टफिंग को कढ़ाई से प्याले में निकाल लीजिए ताकि वह जल्दी से ठंडी हो जाए।

आटे को पंच करके थोड़ा सा मसल कर ठीक कर लीजिए। आटे से 4 लोइयां तोड़ कर गोल बना कर तैयार कर लीजिए। एक लोई उठाइए, थोड़ा सा सूखा मैदा लगाकर चपाती के जैसा पतली 7-8 इंच के व्यास में पूरी बेलकर तैयार कर लीजिए। बेली गई पूरी को बीच से काट कर 2 भागो में बाट लीजिए।

एक भाग उठा कर अपने बाएं हाथ पर रखिए। कटे वाले किनारे के आधे भाग पर उंगली से थोड़ा पानी लगाइए, पानी लगे किनारे पर दूसरा आधा भाग रखते हुए उसे चिपका कर समोसे के लिए तिकोन बनाइए। तिकोन में खुले हुए भाग को ऊपर रखते हुए बाएं हाथ से पकड़िए। चम्मच से 1-1.5 छोटी चम्मच स्टफिंग डालिए। तिकोन में अन्दर के किनारों पर उंगली से पानी लगाइए, पीछे की ओर एक फोल्ड डालते हुए समोसे के दोंनो किनारे चिपका कर बन्द कर दीजिए। तैयार समोसे को पतला कोन ऊपर करते हुए ट्रे में लगाइए। सारे समोसे इसी तरह तैयार करके थोड़ी थोड़ी दूर ट्रे में लगा लीजिए।

समोसे लगी हुई ट्रे को आधा घंटे के लिये ढककर इस तरह रखिए कि समोसे के आकार खराब न हो। आधा घंटे बाद समोसे बेक करने के लिए, ओवन को 180 डि. से. पर प्रीहीट कर लीजिए। समोसे की ट्रे ओवन में रखकर 180 डि.से. पर ही 10 मिनिट के लिए ओवन को सैट कर दीजिए, समोसे को चैक कीजिए, समोसे अभी हल्के ब्राउन है। समोसे को फिर से 5 मिनिट के लिए बेक कीजिए, 15 मिनिट में समोसे अच्छे गोल्डन ब्राउन हो गए, समोसे तैयार हैं।

अगर आप भी खाना बनाने के शौकीन हैं और कुछ ऐसी डिशेज बनाते हैं जिन पर आपको हर बार तारीफें मिलती हैं तो अब हम आपको अपनी इस कला के प्रदर्शन के लिए प्लैटफॉर्म देने जा रहे हैं। आप अपनी खास रेसिपीज पत्रिका डॉट कॉम के साथ शेयर कर सकते हैं। कंमेंट बॉक्स में अपनी रेसिपी हमें लिख भेजें। आप अपनी रेसिपी का वीडियो भी हमारे साथ शेयर कर सकते हैं। चुनिंदा रेसिपीज को पत्रिका डॉट कॉम पर फीचर भी किया जाएगा। तो देर किस बात की, लिख भेजिए हमें अपनी स्पेशल रेसिपी।

ये भी पढ़ें

वसंत पंचमी के मौके पर बनाएं ये मिठाईयां

Also Read
View All