चीज और कचौरी दोनों ही आकर्षित करते हैं और जब यह दोनों एक साथ आ जाएं तो क्या कहने। चीज कचौरी मेहमानों के सामने परोसी जा सकती है।
चीज और कचौरी दोनों ही आकर्षित करते हैं और जब यह दोनों एक साथ आ जाएं तो क्या कहने। चीज कचौरी मेहमानों के सामने परोसी जा सकती है। इसे बनाने में आपको थोड़ा समय लग सकता है, लेकिन इसका टेस्ट आपकी सारी थकान दूर कर देगा। यहां पढ़ें चीज कचौरी की रेसिपी -
सामग्री -
कचौरी के लिए आटा लगाने के लिए
मैदा - 2 कप (250 ग्राम)
तेल - 1/4 कप (60 ग्राम)
नमक - 1/2 छोटा चम्मच
अजवायन - 1/4 छोटी चम्मच
बेकिंग सोडा - 1 पिंच
स्टफिंग के लिए
पनीर - 75 ग्राम
मोजेरीला चीज - 75 ग्राम
शिमला मिर्च - 1 (बारीक कटी हुई)
हरा धनिया - 3-4 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
अमचूर पाउडर- 1/4 छोटी चम्मच
लाल मिर्च पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच
हरी मिर्च - 1 (बारीक कटी हुई)
अदरक - 1 इंच टुकड़ा(कद्दूकस किया हुआ)
नमक - 1/4 छोटी चम्मच
विधि -
एक बड़े प्याले में मैदा निकाल लीजिए, आधा छोटी चम्मच नमक, 1 पिंच बेकिंग सोडा, 1/4 छोटी चम्मच अजवायन, 1/4 कप तेल डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह से मिला दीजिए, थोडा़ थोडा़ पानी डालते हुए आटा गूंथ कर तैयार कर लीजिए। (आटे को ज्यादा नहीं मसलना है, जैसे ही आटा अच्छी तरह इकठ्ठा हो जाए, कचौरी का आटा तैयार है)।
आटे को 20 मिनिट ढककर रख दीजिए, ताकि वह फूल कर सैट हो जाए, जब तक आटा सैट होता है तब तक स्टफिंग बनाकर तैयार कर लीजिए।
स्टफिंग बनाईए
कढा़ई में 1 चम्मच तेल डालकर गरम कीजिए, तेल गरम होने पर बारीक कटी हुई हरी मिर्च, अदरक का पेस्ट, बारीक कटी शिमला मिर्च, नमक, छोटी चम्मच अमचूर पाउडर डालकर धीमी आंच पर पका लीजिए।
कद्दूकस किया हुआ पनीर और लाल मिर्च पाउडर डालकर अच्छे से मिलाइए। स्टफिंग बनकर तैयार है, गैस बंद कर दीजिए और स्टफिंग को प्लेट में निकाल लीजिए और हरा धनिया डालकर मिला लीजिए।
पिज्जा़ चीज को कद्दूकस कर लीजिए और स्टफिंग के ठंडा हो जाने पर इसमें डालकर मिक्स कर दीजिए। कचौरी के लिए स्टफिंग बनकर के तैयार है।
कचौरी बनाकर तलिए
आटा तैयार है, अब इस आटे से एक छोटे नींबू के बराबर लोई तोड़ लीजिए और हाथ से थोड़ा बड़ा कर लीजिए, इसको कटोरी जैसा आकार दे दीजिए, इसके ऊपर 1-2 चम्मच स्टफिंग रखें और आटे को चारों ओर से उठाकर स्टफिंग को बन्द कर दीजिए। कचौरी भर कर तैयार हो गई है, इसे प्लेट में रख दीजिए और इस तरह सारी कचौरी भर कर तैयार कर लीजिए।
कढ़ाई में तेल डालकर गरम कीजिए। कचौरी को बहुत ही कम प्रेशर देते हुए, बेल कर बड़ा लीजिए और मीडियम गरम तेल में डालिए। एक बार में 3-4 या जितनी कचौरी कढ़ाई में आ जाए उतनी कचौरी कढ़ाई में डाल दीजिए। कचौरी के फूलने और तैर कर आने पर पलट दीजिए, कचौरी को पलट-पलट कर गोल्डन ब्राउन होने तक तल लीजिए।
तली हुई कचौरी निकाल कर प्लेट में बिछे नैपकिन पर रख लीजिए (एक बार की कचौरी तलने में 8-10 मिनिट लग जाते हैं) सारी कचौरी तल कर तैयार कर लीजिए।
गरमा गरम स्वादिष्ट चीज कचौरी बनकर तैयार है, कचौरी को टमाटर की चटनी, हरी चटनी या टमाटर सॉस के साथ परोसिए और खाइए।
अगर आप भी खाना बनाने के शौकीन हैं और कुछ ऐसी डिशेज बनाते हैं जिन पर आपको हर बार तारीफें मिलती हैं तो अब हम आपको अपनी इस कला के प्रदर्शन के लिए प्लैटफॉर्म देने जा रहे हैं। आप अपनी खास रेसिपीज पत्रिका डॉट कॉम के साथ शेयर कर सकते हैं। कंमेंट बॉक्स में अपनी रेसिपी हमें लिख भेजें। आप अपनी रेसिपी का वीडियो भी हमारे साथ शेयर कर सकते हैं। चुनिंदा रेसिपीज को पत्रिका डॉट कॉम पर फीचर भी किया जाएगा। तो देर किस बात की, लिख भेजिए हमें अपनी स्पेशल रेसिपी।