
Corn curry
बारिश के मौसम में कॉर्न यानी कि भुट्टा बाजार में छाया रहता है। इसे आप अपने डिनर टेबल पर भी जगह दे सकते हैं। कॉर्न करी बहुत ही टेस्टी रेसिपी है और इसे बनाना भी आसान है। आप चाहें तो इसके लिए फ्रोजन स्वीट कॉर्न भी इस्तेमाल कर सकते हैं। यहां पढ़ें कॉर्न करी की रेसिपी -
सामग्री -
स्वीट कॉर्न - 200 ग्राम (एक कप)
टमाटर - 2 या 3
हरी मिर्च - 2
अदरक - 1 इंच लम्बा टुकड़ा
काजू - 8-10
खसखस - एक टेबल स्पून
मूंगफली के दाने - 50 ग्राम (2 टेबल स्पून)
घी या तेल - 1 1/2 टेबिल स्पून
जीरा -1/2 छोटी चम्मच
हल्दी पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच
धनिया पाउडर - 1 छोटी चम्मच
नमक - स्वादानुसार ( आधा चम्मच से थोड़ा अधिक )
लाल मिर्च पाउडर - 1-2 पिंच
गरम मसाला - 1/4 छोटी चम्मच
हरा धनिया - 1 टेबिल स्पून ( बारीक कटा हुआ )
विधि -
स्वीट कार्न को पानी में धो कर रख लीजिए। टमाटर, हरी मिर्च, अदरक को मिक्सी से बारीक पीस लीजिए।
कढ़ाई में 2 छोटी चम्मच तेल डाल कर गरम करें, मूंगफली के दाने, खसखस के दाने एवं काजू डाल कर हल्का ब्राउन होने तक भून लें। इन भूने हुए मसालों को टमाटर के पेस्ट में डाल कर पीस दें।
कुकर में बचा हुआ तेल डाल कर गरम करें। गरम तेल में, जीरा, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर डाल दें। मसाले को 1-2 बार चम्मच से चलांएं, अब इस मसाले में, टमाटर, काजू का पेस्ट डाल कर जब तक भूने, तब तक कि मसाले में दाने न बन जाए और मसाले से तेल अलग न होने लगे।
भुने हुए मसाले में स्वीट कार्न, नमक और लाल मिर्च डाल कर २ मिनिट तक चमचे से चलाकर भूनिए, एक छोटा गिलास पानी डाल कर कुकर बन्द कर दीजिए। कुकर में एक सीटी आने पर गैस बन्द कर दीजिए। कुकर का प्रेशर खतम होने के बाद कुकर खोलिए और सब्जी में गरम मसाला डाल दीजिए। लीजिए आपके स्वीट कार्न की सब्जी तैयार है। सब्जी को बाउल में निकाल लीजिए और हरे धनिए से सजाइए। गरमा गरम स्वीट कार्न की सब्जी चपाती, नान परांठे या चावल किसी के भी साथ परोसिए और खाइए।
अगर आप भी खाना बनाने के शौकीन हैं और कुछ ऐसी डिशेज बनाते हैं जिन पर आपको हर बार तारीफें मिलती हैं तो अब हम आपको अपनी इस कला के प्रदर्शन के लिए प्लैटफॉर्म देने जा रहे हैं। आप अपनी खास रेसिपीज पत्रिका डॉट कॉम के साथ शेयर कर सकते हैं। कंमेंट बॉक्स में अपनी रेसिपी हमें लिख भेजें। आप अपनी रेसिपी का वीडियो भी हमारे साथ शेयर कर सकते हैं। चुनिंदा रेसिपीज को पत्रिका डॉट कॉम पर फीचर भी किया जाएगा। तो देर किस बात की, लिख भेजिए हमें अपनी स्पेशल रेसिपी।
Published on:
20 Jul 2018, 3:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.