इंडियन रीजनल

व्रत में खाएं साबूदाना थालीपीठ

अगर आपको भी व्रत में कुछ टेस्टी खाने की इच्छा होती है तो आप साबूदाना थालीपीठ खा सकते हैं।
2 min read
• •
Updated: 8 Apr 2018, 4:49 PM IST
thali
sabudana thalipeeth

अगर आपको भी व्रत में कुछ टेस्टी खाने की इच्छा होती है तो आप साबूदाना थालीपीठ खा सकते हैं। यह बहुत ही स्वादिष्ट व्रत रेसिपी है और इसे बनाने में आपको ज्यादा मेहनत भी नहीं करनी पड़ेगी। यहां पढ़ें साबूदाना थालीपीठ बनाने की रेसिपी -

सामग्री -

साबूदाना - ½ कप (भीगा हुआ)
राजगीरा आटा - ½ कप
आलू - 2(उबले हुए)
मूंगफली - 1 टेबल स्पून (दरदरी पीसी हुई)
घी - 2 टेबल स्पून
अदरक - 1 छोटा चम्मच (कद्दूकस)
हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई)
हरा धनिया - 1 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
जीरा - ½ छोटी चम्मच
काली मिर्च पाउडर ताजा कुटा हुआ - 1/4 छोटी चम्मच
सेंधा नमक - 3/4 छोटी चम्मच

विधि -

आलू को छील कर कद्दूकस कर लीजिए। इसमें साबूदाना, आटा, नमक, काली मिर्च, जीरा हरा धनिया, हरी मिर्च, मूंगफली और अदरक डाल कर अच्छे से मिलाते हुए गूंथ कर आटा जैसा बना लीजिए।

थालीपीठ बनाने के लिए तवा गरम कीजिए। चकले पर एक पॉलीथीन शीट रखिए, हाथ पर थोडा सा घी लगाकर हाथों को चिकना करके, आटे से थोड़ा सा एक नींबू के बराबर आटा तोड़िए और गोल लोई बना लीजिए, लोई को हाथों से दबाकर चपटा कर लीजिए अब इसे चकले पर रखी प्लास्टिक शीट पर रखिए, लोई पर थोडा़ सा घी लगाकर इसे शीट से कवर कर दें। अब हाथों से या बेलन से दबाते हुए 3-4 इंच के व्यास में बेल लीजिए।

गरम तवे पर थोड़ा घी डालकर चारों ओर लगा दीजिए, बेली हुई थालीपीठ को पॉलीथीन शीट से हटाकर तवे पर डाल दीजिए। थालीपीठ के बीच में एक छेद कर दीजिए और इस छेद में घी डालें और थालीपीठ के चारों ओर भी थोडा़ सा घी डाल दीजिए। जब थालीपीठ का कलर थोड़ा ऊपर से डार्क हो जाए तो इसे पलट दीजिए और दोनों ओर से अच्छे तरह सिक जाने पर इसे प्लेट में निकाल लीजिए।

इसी तरह से सभी थालीपीठ बनाकर तैयार कर लीजिए। इतने आटे में लगभग 8 थालीपीठ बनकर तैयार हो जाएंगे। साबूदाना थालीपीठ को आप दही या हरे धनिए की चटनी के साथ परोसिए ये बहुत ही स्वादिष्ट लगते हैं।

अगर आप भी खाना बनाने के शौकीन हैं और कुछ ऐसी डिशेज बनाते हैं जिन पर आपको हर बार तारीफें मिलती हैं तो अब हम आपको अपनी इस कला के प्रदर्शन के लिए प्लैटफॉर्म देने जा रहे हैं। आप अपनी खास रेसिपीज पत्रिका डॉट कॉम के साथ शेयर कर सकते हैं। कंमेंट बॉक्स में अपनी रेसिपी हमें लिख भेजें। आप अपनी रेसिपी का वीडियो भी हमारे साथ शेयर कर सकते हैं। चुनिंदा रेसिपीज को पत्रिका डॉट कॉम पर फीचर भी किया जाएगा। तो देर किस बात की, लिख भेजिए हमें अपनी स्पेशल रेसिपी।