इंदौर

करवा चौथ के रंग में रंगा इंदौर, 1101 महिलाओं ने लिया जल संरक्षण और प्रदूषण मुक्त दिवाली का संकल्प

Karwa Chauth Mahotsav : श्री वैष्णव धाम में सर्वधर्म सामूहिक करवा चौथ महोत्सव में 1101 महिलाओं ने पूजन किया। 'श्रीमती करवा चौथ' प्रतियोगिता, महिला स्टार्टअप सम्मान और जल संरक्षण कार्यशाला के साथ बालिका शिक्षा और प्रदूषण मुक्त दीपावली का संकल्प लिया गया।
2 min read
• •
Updated: 29 Oct 2026, 8:44 PM IST
Karwa Chauth Mahotsav
महिलाओं ने किया सामूहिक करवा चौथ पूजन (फोटो सोर्स: Patrika)

Indore News : मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के बिचौली मर्दाना मुख्य मार्ग पर स्थित श्री वैष्णव धाम में सर्वधर्म सामूहिक करवा चौथ महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। श्री जागृति महिला मंडल के आयोजन में 1101 महिलाओं ने एक साथ करवा चौथ की कथा सुनी, साथ ही विधि - विधान के साथ करवा पूजन किया। दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक चले इस आयोजन में धार्मिक परंपराओं के साथ सामाजिक सरोकारों और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

सामूहिक पूजन में शामिल हुईं 1101 महिलाएं

महिलाओं ने किया सामूहिक करवा चौथ पूजन (फोटो सोर्स: Patrika)

श्री जागृति महिला मंडल की सदस्य भावना आहलूवालिया, रचना गुप्ता, दीप्ति शर्मा, प्रभा खुराना और साक्षी दुआ समेत अन्य सदस्यों ने आयोजन के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, महोत्सव में महिलाओं ने सामूहिक रूप से कथा श्रवण और पूजन कर पर्व को मनाया। इस दौरान कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 'कौन बनेगी श्रीमती करवा चौथ' प्रतियोगिता रही। इसके साथ ही सांस्कृतिक गीत - संगीत के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

जल संरक्षण पर कार्यशाला और प्रतियोगिता

करवा चौथ पर जल संरक्षण का संकल्प (फोटो सोर्स: Patrika)

महोत्सव में जल संरक्षण को लेकर कार्यशाला और प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें एकल और टीम आधारित महिला स्टार्टअप प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। जल विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों के प्रयासों का मूल्यांकन कर सबसे अच्छे जल संरक्षण स्टार्टअप को पुरुस्कार भी दिया। जल, ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित सवाल - जवाब भी हुए। इसमें भी सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले को पुरस्कार दिया गया।

मेहंदी, करवा थाली और परिधान के लिए पुरुस्कार

करवा चौथ पूजन का दृष्य (फोटो सोर्स: Patrika)

कार्यक्रम के दौरान सबसे अच्छी मेहंदी, सबसे अच्छी करवा थाली और सबसे अच्छे परिधान जैसी कैटेगिरी में भी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। आयोजन में धार्मिक आस्था, भारतीय परंपरा और महिलाओं की रचनात्मक प्रतिभा का खास संगम देखने को मिला।

पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

महोत्सव के समापन पर महिला मंडल की सदस्यों और प्रतिभागियों ने जल, ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण के साथ पशु - पक्षियों के लिए संवेदनशीलता बरतने के साथ - साथ प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने का संकल्प लिया। इसके अलावा, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और यातायात नियमों का पालन करने के प्रति भी जागरूकता का संकल्प लिया गया।

Updated on:
29 Oct 2026, 8:44 PM IST
Published on: