इंदौर

इंदौर में धड़ाधड़ छापों में पकड़ाईं 20 हजार गर्भपात किट, इतनी बड़ी मात्रा में किट बुलाने पर मचा बवाल

Abortion Kits : पहली बड़ी कार्रवाई धार कोठी क्षेत्र में हुई, दूसरी कार्रवाई लसूड़िया मोरी में, लाखों की किट मिलने पर उठे सवाल
2 min read
• •
Sep 27, 2026
20 thousand abortion kits seized in raids in indore
इंदौर में पकड़ाईं 20 हजार अवैध गर्भपात किट- फोटो: Patrika enhanced AI

Abortion Kits : इंदौर में ड्रग डिपार्टमेंट (औषधि विभाग) और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध गर्भपात किट (Abortion Kits) जब्त की हैं। दो अलग-अलग गोदामों पर छापा मारकर ये बरामदगी की गई। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश के बाद शुरु की गई कार्रवाई में अब तक कुल मिलाकर 20 हजार के करीब गर्भपात किट बरामद हो चुकी हैं। इतनी बड़ी मात्रा में गर्भपात किट बरामद होने पर बवाल मच गया है। लोगों का कहना है कि ये किट क्यों बुलाई गईं, इसकी गहराई से जांच की जानी चाहिए।

अवैध गर्भपात किट जब्त करने की कार्रवाई 3 दिन पहले शुरु की गई थी। पहली बड़ी कार्रवाई धार कोठी क्षेत्र में हुई जहां क्वालिटी फार्मा पर गुरुवार रात छापा मारा गया। 24 सितंबर को सेंट रेफियल स्कूल के पास पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारियों की टीम पहुंची थी। धार कोठी स्थित क्वालिटी फार्मा से जुड़े गोदाम पर कार्रवाई में टीम ने 10000 से अधिक अवैध गर्भपात किट और अन्य दवाएं जब्त कीं। जब्त की गई कुल दवाओं का बाजार मूल्य करीब 52 लाख रुपए आंकी गया है।

करीब 9000 किट पहले ही बेची

बताया जा रहा है कि संबंधित फर्म लाइसेंसी तो है लेकिन उसके कर्ताधर्ता दवाओं के भंडारण और बिक्री से जुड़े जरूरी रिकॉर्ड या दस्तावेज मौके पर पेश नहीं कर सके। जांच में यह बात भी सामने आई कि करीब 9000 किट पहले ही बेची जा चुकी हैं।

धार कोठी में मिली कामयाबी और वहां से मिले सुरागों के आधार पर दूसरी कार्रवाई लसूड़िया मोरी के मोदी ब्रदर्स एसोसिएट्स पर की गई। 26 सितंबर को टीम ने लसूड़िया मोरी स्थित गोदाम पर छापा मारा। यहां से टीम को 9360 पैक 'सेफ-टी किट' (गर्भपात किट) मिले। बाजार में इनकी कीमत लगभग 40 लाख रुपए बताई जा रही है।

इतनी मात्रा में गर्भपात किट का स्टॉक किस उद्देश्य से और कहां से लाया गया

नियमों के उल्लंघन को देखते हुए ड्रग डिपार्टमेंट दस्तावेजों और स्टॉक की बारीकी से जांच कर रहा है। औषधि विभाग की टीमें इस बात की भी गहन जांच कर रही हैं कि इतनी मात्रा में गर्भपात किट का स्टॉक किस उद्देश्य से और कहां से लाया गया था। साथ ही इनकी सप्लाई कहां-कहां की जानी थी।

Updated on:
27 Sept 2026 12:54 pm
Published on:
27 Sept 2026 12:36 pm