
ग्वालियर के मेडिकल छात्र उदय बंसल का डॉक्टर बनने का सपना अधूरा रह गया (Representational Photo Patrika )
Gwalior Student Uday Bansal : ग्वालियर के थाटीपुर इलाके में रविवार को सुबह भी सन्नाटा पसरा है। यहां के लोगों ने अपना एक होनहार बेटा खो दिया है। राजस्थान में उदयपुर- पिंडवाड़ा हाईवे पर शनिवार को तेज रफ़्तार कार डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में ट्रेलर से जा टकराई। हादसे में दो मेडिकल स्टूडेंट और ट्रेलर चालक की मौत हो गई। हादसे में मधुबन कॉलोनी, थाटीपुर के निवासी मेडिकल छात्र उदय बंसल की भी मौत हुई है। वह पेसिफिक मेडिकल कॉलेज उमरड़ा में एमबीबीएस फाइनल ईयर का स्टूडेंट था। सूचना के बाद घर में कोहराम मच गया, परिजन 620 किमी दूर उदयपुर रवाना हो गए। वहां बेटे उदय का चेहरा देखते ही बिलख उठे। उसका डॉक्टर बनने का सपना अधूरा रह गया।
रामदेवजी मंदिर के समीप कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर क्रॉस करती हुई दूसरी लेन में चली गई
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, हाईवे पर शनिवार को दोपहर करीब 2.30 बजे उदय सहित 4 मेडिकल छात्र देबारी से अंबेरी की ओर कार से जा रहे थे। इनमें दो युवक और दो युवतियां थीं। रामदेवजी मंदिर के समीप कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर क्रॉस करती हुई दूसरी लेन में चली गई और अंबेरी की ओर से आ रहे एक ट्रेलर से भिड़ गई। हादसे में कार पूरी तरह पिचक गई।
सवार चारों छात्र-छात्राओं में से मधुबन कॉलोनी, थाटीपुर ग्वालियर निवासी उदय बंसल पुत्र दिलीप बंसल और बिलासपुर छत्तीसगढ़ निवासी रुचिका सिंह परिहार (25) पुत्री रघुनाथ परिहार की मौके पर ही मौत हो गई। हरियाणा निवासी शशांक सिंह पुत्र लक्ष्मीनारायण और वंशिका गंभीर रूप से घायल हो गए।
चारों पेसिफिक मेडिकल कॉलेज उमरड़ा में एमबीबीएस फाइनल ईयर के स्टूडेंट हैं। कार की हादसे में सीमेंट के ट्रेलर का चालक नसीराबाद (अजमेर) निवासी अनवर पुत्र सय्यर घायल हो गया, जिसकी एमबी अस्पताल में मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में छात्र एमबी अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे।
ग्वालियर निवासी मेडिकल स्टूडेंट की उदयपुर-पिंडवाड़ा हाइवे पर हादसे में मौत की सूचना मिलते ही परिजन उदयपुर रवाना हो गए थे। वहां उन्हें अपने बेटे का शव ही मिला। अब घर में रविवार को अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही है।
Updated on:
27 Sept 2026 07:34 am
Published on:
27 Sept 2026 07:33 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
